वायरल बुखार को अक्सर एक ऐसी बीमारी माना जाता है जो कुछ दिनों की दवा लेने और आराम करने के बाद ठीक हो जाती है लेकिन कई लोगों में बुखार उतरने के बाद भी हफ्तों तक थकान, कमजोरी, काम में मन न लगना, शरीर में भारीपन या पहले जैसी ऊर्जा महसूस न होना एक आम शिकायत बन जाती है।
कैलाश अस्पताल, देहरादून के सीनियर कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉ. गोपाल जी शर्मा के अनुसार, वायरल इंफेक्शन केवल बुखार तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह पूरे शरीर की इम्यूनिटी, मसल्स और एनर्जी के लेवल को प्रभावित कर सकता है। इंफेक्शन खत्म होने के बाद भी शरीर को खुद को पूरी तरह ठीक करने में समय लगता है।
वायरल फीवर ठीक होने के बाद कमजोरी क्यों रहती है?
डॉक्टर गोपाल जी शर्मा के अनुसार, ज्यादातर लोग वायरल फीवर से कुछ दिनों में पूरी तरह ठीक हो जाते हैं, लेकिन कुछ लोगों में बुखार उतरने के बाद भी कई हफ्तों या महीनों तक कमजोरी और थकान बनी रह सकती है। ऐसे लोग अक्सर कहते हैं, "बुखार तो ठीक हो गया, लेकिन शरीर पहले जैसा महसूस नहीं हो रहा।" इस स्थिति को पोस्ट वायरल सिंड्रोम या पोस्ट वायरल फटीग (Post Viral Fatigue) कहा जाता है। इसका मतलब यह नहीं है कि वायरस अभी भी शरीर में मौजूद है। ज्यादातर मामलों में इंफेक्शन पूरी तरह खत्म हो चुका होता है।
डॉक्टर गोपाल जी शर्मा का मानना है कि वायरल इंफेक्शन के बाद शरीर का इम्यून सिस्टम कुछ समय तक एक्टिव रहता है। इसी वजह से शरीर में लगातार सूजन जैसा रिएक्शन बना रह सकता है, जिसका असर दिमाग, मांसपेशियों और तंत्रिका तंत्र यानी नर्वस सिस्टम पर पड़ता है। इसके कारण व्यक्ति को पर्याप्त नींद लेने के बाद भी थकान महसूस हो सकती है। साथ ही ध्यान लगाने में परेशानी, सिरदर्द, शरीर और मांसपेशियों में दर्द, चक्कर आना और पूरे दिन एनर्जी की कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
- कई बार रोजमर्रा के छोटे-छोटे काम, जैसे सीढ़ियां चढ़ना या घर का सामान्य काम करना भी बहुत कठिन लगने लगता है।
- अगर वायरल फीवर के बाद कमजोरी, थकान या अन्य लक्षण कई हफ्तों तक बने रहें या बढ़ने लगें, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
- सही आराम, बैलेंस डाइट, पर्याप्त पानी और धीरे-धीरे सामान्य डेली रूटीन में लौटने से रिकवरी में मदद मिल सकती है।
जल्दी रिकवरी के लिए क्या करें?
वायरल बुखार के बाद शरीर को पूरी तरह हेल्दी होने के लिए समय और सही देखभाल की जरूरत होती है। डॉ. गोपाल जी शर्मा बताते हैं कि पर्याप्त नींद लें, शरीर को आराम दें और धीरे-धीरे नॉर्मल एक्टिविटी शुरू करें। बैलेंस डाइट में प्रोटीन, ताजे फल, हरी सब्जियां, साबुत अनाज और पर्याप्त मात्रा में पानी शामिल करें। डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक या सप्लीमेंट्स का सेवन न करें। यदि कमजोरी लंबे समय तक बनी रहे, तो डॉक्टर की सलाह पर चेकअप कराएं। हल्की फिजिकल एक्टिविटी और तनाव कम करने की कोशिश भी रिकवरी को बेहतर बनाने में मदद कर सकती है।

इसे भी पढ़ें: क्या आपको भी मानसून में बार-बार हो जाता है बुखार? फिजीशियन से जानें इसके 3 बड़े कारण
साल 2026 में Cleveland clinic में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, पोस्ट-वायरल सिंड्रोम (PVS) का कोई एक पक्का इलाज या दवा नहीं है, लेकिन इसका अर्थ यह बिल्कुल नहीं है कि आप इससे उबर नहीं सकते। इस स्थिति में बीमारी को जड़ से मिटाना नहीं, बल्कि आपके लक्षणों को कम करके डेली रूटीन को आसान बनाना होता है।
- चाहे शारीरिक थकान हो, मानसिक तनाव हो या शरीर का दर्द, हर समस्या को अलग-अलग तरीकों से संभाला जाता है, जैसे कि हल्की एक्सरसाइज से शरीर की ताकत धीरे-धीरे वापस लाई जाती है, तो वहीं मालिश या एक्यूपंक्चर जैसी थेरेपी थकान और दर्द में राहत देती हैं।
- डॉक्टर जरूरत पड़ने पर कुछ दवाएं भी दे सकते हैं, हालांकि वे मुख्य रूप से लक्षणों को कंट्रोल करने के लिए ही होती हैं।
- इसके अलावा, लंबी बीमारी के कारण मन में आने वाले तनाव और चिंता से निपटने के लिए मेंटल हेल्थ थेरेपी बेहद मददगार साबित होती है।
संक्षेप में कहें तो, पोस्ट-वायरल सिंड्रोम का इलाज हर व्यक्ति के हिसाब से अलग होता है। अपने डॉक्टर की सलाह से सही डाइट, पर्याप्त आराम, थेरेपी और धीरे-धीरे की जाने वाली एक्टिविटीज को अपनाकर इस बीमारी के असर को काफी हद तक कम किया जा सकता है और सेहत में सुधार लाया जा सकता है।
निष्कर्ष
वायरल बुखार के बाद कुछ समय तक कमजोरी और थकान महसूस होना सामान्य हो सकता है, लेकिन यदि व्यक्ति कई सप्ताह बाद भी पूरी तरह हेल्दी महसूस नहीं करता, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डॉक्टर गोपाल जी शर्मा के अनुसार, लंबे समय तक बने रहने वाले लक्षण पोस्ट-वायरल रिकवरी का हिस्सा हो सकते हैं, लेकिन कुछ मामलों में इनके पीछे कोई अन्य बीमारी भी छिपी हो सकती है। इसलिए यदि थकान, शरीर में दर्द, सांस लेने में परेशानी, बार-बार बुखार या अन्य असामान्य लक्षण बने रहें, तो डॉक्टर से सलाह लेकर चेकअप कराएं और इलाज शुरू करें।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या वायरल बुखार के बाद बाल झड़ना सामान्य है?
कुछ लोगों में वायरल इंफेक्शन के 2-3 महीने बाद अस्थायी रूप से बाल झड़ सकते हैं। इसे अक्सर शरीर पर बीमारी के प्रभाव का रिएक्शन माना जाता है और ज्यादातर मामलों में यह धीरे-धीरे ठीक हो जाता है।क्या वायरल इंफेक्शन के कारण आपका वजन कम हो सकता है?
हल्का वजन कम होना संभव है, लेकिन यदि बिना किसी कारण के लगातार वजन घट रहा हो या भूख लंबे समय तक कम रहे, तो डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 29, 2026 22:47 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Gopal Jee Sharma