क्या आपने कभी गौर किया है कि किसी बीमारी से ठीक होने के कुछ हफ्तों या महीनों बाद अचानक बाल ज्यादा झड़ने लगते हैं? कई लोग इसे देखकर परेशान हो जाते हैं और समझ नहीं पाते कि बीमारी तो ठीक हो गई, फिर बाल क्यों गिर रहे हैं। दरअसल, यह एक आम समस्या है, जो शरीर में हुए बदलावों के कारण होती है। वायरल फीवर, डेंगू, टायफाइड या किसी गंभीर इंफेक्शन के बाद कई लोगों को कुछ समय के लिए ज्यादा हेयर फॉल का सामना करना पड़ता है। नियो फॉलिकल हेयर ट्रांसप्लांट एंड डर्मासोल्यूशन्स, बेंगलुरु के डायरेक्टर और सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट, डॉ. संदीप महापात्रा के अनुसार, बीमारी के दौरान शरीर का पूरा ध्यान इंफेक्शन से लड़ने और रिकवरी पर होता है। इस दौरान तेज बुखार, कमजोरी, कम खाना, पोषक तत्वों की कमी और मानसिक तनाव जैसी स्थितियां बालों की प्राकृतिक ग्रोथ साइकिल को प्रभावित कर सकती हैं। इसका असर अक्सर बीमारी खत्म होने के तुरंत बाद नहीं, बल्कि 2 से 3 महीने बाद तक भी दिखाई देता है। यही वजह है कि लोग अक्सर बीमारी और बाल झड़ने के बीच संबंध नहीं समझ पाते।
बीमारी के बाद बालों का झड़ना कितने समय तक रहता है?
डॉ. संदीप महापात्रा बताते हैं कि तेज बुखार, शरीर में सूजन, कमजोरी, कम भोजन करना और तनाव जैसी स्थितियां बालों की ग्रोथ साइकिल को प्रभावित कर सकती हैं। इसके कारण कई बाल एक साथ आराम की अवस्था (Telogen phase) में चले जाते हैं और कुछ सप्ताह बाद झड़ने लगते हैं। डॉक्टर संदीप महापात्रा के अनुसार, बीमारी खत्म होने के तुरंत बाद बाल नहीं झड़ते। आमतौर पर यह समस्या बीमारी के 2 से 3 महीने बाद शुरू होती है, इसलिए लोग अक्सर दोनों चीजों को जोड़ नहीं पाते।
डॉ. संदीप महापात्रा बताते हैं, ''अधिकांश मामलों में पोस्ट-इलनेस हेयर फॉल 3 से 6 महीने के भीतर धीरे-धीरे कम होने लगता है। कुछ लोगों में नए बाल उगना शुरू हो जाता है और बालों का घनत्व यानी डेंसिटी वापस आने लगती है। हालांकि यदि हेयर फॉल बहुत ज्यादा हो, 6 महीने से ज्यादा समय तक बना रहे या बाल तेजी से पतले होते जाएं, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से जांच करानी चाहिए।'' यदि बीमारी के बाद बाल झड़ने के साथ नीचे दिए गए लक्षण भी हों, तो जांच जरूरी हो सकती है-
- बहुत कमजोरी या थकान
- वजन कम होना
- सिर में बालों के झड़ने से खाली जगह दिखना
- बालों का तेजी से पतला होना
- खुजली, लालिमा या स्कैल्प में जलन
- लगातार 6 महीने से ज्यादा हेयर फॉल
इन स्थितियों में आयरन, विटामिन B12, विटामिन D, थायराइड और अन्य कारणों की जांच की जा सकती है।
इसे भी पढ़ें: झड़ते बालों से हैं परेशान? किचन में रखी कच्ची हल्दी कर सकती है कमाल, जानें फायदे और लगाने का तरीका

बाल झड़ना कम करने के लिए क्या करें?
डॉक्टर संदीप महापात्रा कुछ आसान उपाय बताते हैं जो रिकवरी में मदद कर सकते हैं-
- प्रोटीन युक्त डाइट लें जैसे दाल, पनीर, अंडा, दही और चिकन को रोजाना के खाने में शामिल करें।
- आयरन और विटामिन C से भरपूर फल व सब्जियां शामिल करें।
- पर्याप्त नींद लें और तनाव कम करें।
- बालों पर बार-बार हीट स्टाइलिंग, स्ट्रेटनिंग या केमिकल ट्रीटमेंट से बचें।
- बहुत कसकर बालों को न बांधें।
साल 2025 में International Journal of Molecular Sciences में प्रकाशित रिव्यू के अनुसार, बालों की ग्रोथ को बढ़ावा देने और उन्हें झड़ने से रोकने के लिए नेचुरल घरेलू उपायों का इस्तेमाल सदियों से किया जा रहा है। इस रिव्यू में रोजमेरी, प्याज का रस, नारियल तेल, आंवला, अश्वगंधा, ऑलिव ऑयल और मेंहदी जैसी जड़ी-बूटियों के असर और सुरक्षा की जांच की गई है। यह स्टडी बताती है कि ये नेचुरल उपाय गंजापन, बालों का ज्यादा टूटना और पैच में बाल झड़ने जैसी समस्याओं में काफी मददगार हो सकते हैं। ये उपाय मुख्य रूप से सिर में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ाकर, एंटीऑक्सीडेंट प्रदान करके और हेयर ग्रोथ सिग्नल को बेहतर बनाकर काम करते हैं।
हालांकि, इनके सही इस्तेमाल, खुराक और सटीक फॉर्मूला को समझने के लिए अभी और बड़े पैमाने पर स्टडीज की जरूरत है। कुल मिलाकर, ये हर्बल उपाय बालों के इलाज के लिए एक बेहतरीन विकल्प हो सकते हैं। फिर भी, इन्हें पूरी तरह अपनाने से पहले किसी डॉक्टर या एक्सपर्ट की सलाह लेना सही होगा।
निष्कर्ष
बीमारी के बाद होने वाला बाल झड़ना आमतौर पर अस्थायी होता है और अधिकतर मामलों में कुछ महीनों में अपने आप ठीक हो जाता है। बैलेंस डाइट, पर्याप्त आराम, तनाव कम करना और सही हेयर केयर अपनाने से रिकवरी तेज हो सकती है। यदि हेयर फॉल लंबे समय तक बना रहे, बहुत ज्यादा हो या इसके साथ अन्य शारीरिक लक्षण भी हों, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेनी चाहिए।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या थायराइड होने से बाल झड़ते हैं?
थायराइड की समस्या होने पर बालों का झड़ना शुरू हो सकता है। ऐसे में डॉक्टर की सलाह से उचित इलाज अपनाकर इस समस्या को कंट्रोल किया जा सकता है।बालों की ग्रोथ तेजी से बढ़ाने के लिए क्या करें?
प्रोटीन, आयरन, जिंक, विटामिन B12, विटामिन D और ओमेगा-3 जैसे पोषक तत्व बालों की सेहत के लिए जरूरी माने जाते हैं। इन्हें डाइट में शामिल करने से बालों की ग्रोथ बेहतर हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 29, 2026 18:11 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Sandeep Mahapatra