महिलाओं के लिए मां बनने का अनुभव बेहद खास होता है, लेकिन डिलीवरी के बाद शरीर में कई तरह के बदलाव भी आते हैं। इन्हीं बदलावों में से एक है प्रेग्नेंसी के बाद बालों का तेजी से झड़ना। कई महिलाएं डिलीवरी के कुछ महीनों बाद जब बालों का गुच्छा कंघी या तकिए पर देखती हैं, तो स्ट्रेस में आ जाती हैं कि कहीं यह कोई बड़ी समस्या तो नहीं है। हालांकि, ज्यादातर मामलों में यह एक सामान्य रिएक्शन होता है, जो शरीर में होने वाले हार्मोनल बदलावों के कारण होता है। नियो फॉलिकल हेयर ट्रांसप्लांट एंड डर्मासोल्यूशन्स, बेंगलुरु के डायरेक्टर और सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट, डॉ. संदीप महापात्रा के अनुसार, पोस्टपार्टम हेयर फॉल आमतौर पर डिलीवरी के 2 से 4 महीने बाद शुरू होता है और कुछ महीनों तक रह सकता है। यह समस्या ज्यादातर महिलाओं में अस्थायी होती है और समय के साथ बालों की ग्रोथ दोबारा सामान्य हो सकती है।
डिलीवरी के बाद कितने महीने तक बाल झड़ते हैं?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. संदीप महापात्रा बताते हैं कि प्रेग्नेंसी के दौरान शरीर में एस्ट्रोजन हार्मोन का लेवल सामान्य से बढ़ जाता है। यह हार्मोन बालों को लंबे समय तक ग्रोथ फेज में बनाए रखने में मदद करता है, जिससे बाल कम झड़ते हैं और ज्यादा घने दिखाई दे सकते हैं लेकिन डिलीवरी के बाद एस्ट्रोजन का लेवल तेजी से कम होने लगता है। इसके कारण बड़ी संख्या में बाल एक साथ रेस्टिंग फेज (Telogen Phase) में चले जाते हैं और कुछ समय बाद झड़ने लगते हैं। इस स्थिति को टेलोजन एफ्लुवियम कहा जाता है।
- आमतौर पर पोस्टपार्टम हेयर लॉस डिलीवरी के तुरंत बाद शुरू नहीं होता बल्कि ज्यादातर महिलाओं में यह समस्या डिलीवरी के 2 से 3 महीने बाद दिखाई देती है।
- शुरुआत में बाल धोते समय, कंघी करते समय या तकिए पर ज्यादा बाल नजर आ सकते हैं।
- डॉक्टर संदीप महापात्रा के अनुसार, ज्यादातर महिलाओं में डिलीवरी के बाद बाल झड़ने की समस्या 3 से 6 महीने तक रह सकती है। इसके बाद धीरे-धीरे बालों की ग्रोथ सामान्य होने लगती है।
- हालांकि, बालों की पूरी मात्रा और डेंसिटी वापस आने में 6 से 12 महीने तक का समय लग सकता है। यह महिला के पोषण, हार्मोनल स्थिति, तनाव और स्वास्थ्य पर निर्भर करता है।
साल 2023 में International Journal of Women's Dermatology में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, इस स्टडी में शामिल 90% से ज्यादा महिलाओं ने डिलीवरी के बाद बालों के झड़ने यानी पोस्टपार्टम हेयर लॉस की समस्या का सामना किया। इस स्टडी से पता चलता है कि लंबे समय तक स्तनपान कराने और समय से पहले डिलीवरी होने का सीधा संबंध बालों के झड़ने से है। इससे संकेत मिलता है कि यह समस्या मुख्य रूप से एस्ट्रोजन (Estrogen) हार्मोन के लेवल में बदलाव के कारण हो सकती है। इसके अलावा, इस स्टडी में शरीर के अंदरूनी सूजन और बालों के झड़ने के बीच संभावित संबंध को भी देखा गया है।

इसे भी पढ़ें: डिलीवरी के बाद बढ़ गया था मेरा हेयर फॉल, इस एक तरीके ने घने-मजबूत कर दिए मेरे बाल: वीना जायसवाल
बालों का झड़ना कम करने के लिए क्या करें?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. संदीप महापात्रा के अनुसार, डिलीवरी के बाद शरीर को रिकवरी के लिए पर्याप्त पोषण की जरूरत होती है। बालों की हेल्थ बनाए रखने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है-
- प्रोटीन से भरपूर डाइट लें
- आयरन, विटामिन B12, विटामिन D और जिंक जैसे पोषक तत्वों की कमी न होने दें।
- पर्याप्त पानी पिएं और नींद पूरी करने की कोशिश करें।
- बालों को बहुत कसकर बांधने से बचें।
- बार-बार हेयर कलर, स्ट्रेटनिंग या हीट स्टाइलिंग न करें।
कब डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. संदीप महापात्रा बताते हैं कि डिलीवरी के बाद हेयर फॉल सामान्य हो सकता है, लेकिन कुछ स्थितियों में डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है-
- 6 से 12 महीने बाद भी बाल लगातार झड़ रहे हों।
- सिर पर खाली पैच दिखाई देने लगें।
- बाल बहुत तेजी से पतले हो रहे हों।
- थकान, कमजोरी या वजन में अचानक बदलाव जैसे लक्षण हों।
- स्कैल्प में खुजली, लालिमा या दर्द हो।
निष्कर्ष
डिलीवरी के बाद बाल झड़ना एक आम समस्या है और ज्यादातर मामलों में यह अस्थायी होती है। हार्मोनल बदलावों के कारण शुरू हुआ यह हेयर फॉल समय के साथ कम हो जाता है। बैलेंस डाइट, सही हेयर केयर और पर्याप्त आराम से बालों की हेल्थ बेहतर रखी जा सकती है। अगर हेयर फॉल लंबे समय तक बना रहे या बहुत ज्यादा हो, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेकर सही कारण की पहचान करना जरूरी है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या स्तनपान कराने से बाल ज्यादा झड़ते हैं?
स्तनपान सीधे तौर पर बाल झड़ने का कारण नहीं होता, लेकिन इस दौरान शरीर को ज्यादा पोषण और एनर्जी की जरूरत होती है। पोषक तत्वों की कमी होने पर हेयर फॉल बढ़ सकता है।क्या बालों में तेल लगाने से ग्रोथ बढ़ सकती है?
तेल लगाने से स्कैल्प को नमी मिल सकती है और बाल सॉफ्ट महसूस हो सकते हैं, लेकिन यदि हेयर फॉल हार्मोनल बदलावों के कारण है तो केवल तेल से इसे पूरी तरह रोकना संभव नहीं होता।क्या बाल छोटे करवाने से हेयर फॉल कम हो जाता है?
बाल कटवाने से बालों की लंबाई कम हो सकती है, लेकिन यह बाल झड़ने की अंदरूनी प्रोसेस को नहीं रोकता क्योंकि इसका संबंध बालों की जड़ों और हार्मोन से होता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 29, 2026 17:45 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Sandeep Mahapatra