Tue Nov 17, 2026 | 07:21 PM IST

Medically Reviewed by Dr Naveen Polavarapu , Gastroenterologist

पेट में गैस और ब्लोटिंग लंबे समय तक बनी रहती है? जानें कब एंडोस्कोपी कराने की पड़ती है जरूरत

पेट में लंबे समय तक गैस और ब्लोटिंग रहने पर हर बार एंडोस्कोपी की जरूरत नहीं होती है लेकिन कुछ लक्षणों और स्वास्थ्य समस्याओं में डॉक्टर इसकी सलाह दे सकते हैं। यहां डॉक्टर से जानिए, कब एंडोस्कोपी कराने की जरूरत पड़ती है?
पेट में गैस और ब्लोटिंग लंबे समय तक बनी रहती है? जानें कब एंडोस्कोपी कराने की पड़ती है जरूरतपेट में गैस और ब्लोटिंग लंबे समय तक बनी रहती है? जानें कब एंडोस्कोपी कराने की पड़ती है जरूरत

क्या आपको भी अक्सर पेट में गैस बनती है? खाना खाने के बाद पेट फूलने लगता है या बिना कुछ खाए ही पेट भारी-भारी महसूस होता है? अगर आपके साथ ऐसा बार-बार होता है, तो इसे सिर्फ सामान्य गैस या अपच समझकर नजरअंदाज करना ठीक नहीं है। कई लोगों को लगातार ब्लोटिंग, पेट में गुड़गुड़ाहट, डकार और पेट में भारीपन की परेशानी होती है। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के सीनियर कंसल्टेंट, लिवर एक्सपर्ट, लीड एडवांस्ड एंडोस्कोपिक इंटरवेंशंस एंड ट्रेनिंग, क्लिनिकल डायरेक्टर, मेडिकल गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट, Dr. Naveen Polavarapu के अनुसार, लगातार गैस और पेट फूलने की समस्या के पीछे सिर्फ गलत खान-पान ही जिम्मेदार नहीं होता। कई बार पाचन तंत्र में गड़बड़ी, कब्ज, फूड इनटॉलरेंस, इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम (IBS) या पेट से जुड़ी दूसरी समस्याएं भी इसकी वजह हो सकती हैं।

एंडोस्कोपी की मदद से डॉक्टर भोजन नली, पेट और छोटी आंत के शुरुआती हिस्से की अंदरूनी स्थिति देख सकते हैं। हालांकि, हर बार गैस बनने या पेट फूलने पर यह जांच कराने की जरूरत नहीं होती। कुछ खास लक्षण ऐसे होते हैं, जिनके दिखाई देने पर डॉक्टर एंडोस्कोपी की सलाह दे सकते हैं।

लगातार गैस और पेट फूलने की समस्या क्यों होती है?

गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉक्टर नवीन बताते हैं कि पेट में गैस बनने और ब्लोटिंग के कारण कई हो सकते हैं। आमतौर पर जल्दी-जल्दी खाना खाने, भोजन को ठीक से न चबाने, ज्यादा तला-भुना खाने और कार्बोनेटेड ड्रिंक्स पीने से पेट में गैस की समस्या बढ़ सकती है। इसके अलावा कुछ लोगों को दूध, पनीर या अन्य डेयरी प्रोडक्ट्स पचाने में परेशानी होती है, इसे लैक्टोज इनटॉलरेंस कहते हैं।

कई बार कब्ज के कारण भी पेट में गैस जमा होने लगती है और पेट फूला हुआ महसूस होता है। इसके अलावा इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम (IBS), एसिड रिफ्लक्स, फूड इनटॉलरेंस और आंतों से जुड़ी दूसरी समस्याएं भी लगातार ब्लोटिंग का कारण बन सकती हैं। इसलिए अगर खान-पान में बदलाव करने के बाद भी समस्या बनी रहती है, तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।

लगातार गैस होने पर कब करानी चाहिए एंडोस्कोपी?

डॉक्टर नवीन के अनुसार, केवल गैस या पेट फूलने की समस्या होने पर हर मरीज को एंडोस्कोपी की जरूरत नहीं पड़ती है लेकिन अगर इसके साथ कुछ अन्य लक्षण भी दिखाई दें, तो डॉक्टर इस जांच की सलाह दे सकते हैं। जैसे लंबे समय तक पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द रहना, बार-बार उल्टी होना, खाना निगलने में परेशानी होना या बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन कम होना। इसके अलावा अगर मरीज को लंबे समय से एसिडिटी और अपच की समस्या है और दवाइयों से भी आराम नहीं मिल रहा है, तो डॉक्टर एंडोस्कोपी कराने पर विचार कर सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: पेट की गैस और अपच से राहत दिला सकते हैं ये 5 आयुर्वेदिक चूर्ण, जानें सेवन का सही तरीका

When Is Endoscopy NeededWhen Is Endoscopy Needed

गैस और ब्लोटिंग से बचने के लिए क्या करें?

गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉक्टर नवीन सलाह देते हैं कि अगर आपको अक्सर गैस और पेट फूलने की समस्या होती है, तो अपनी रोजमर्रा की आदतों में कुछ बदलाव करके राहत पा सकते हैं।

  • इसके लिए खाना धीरे-धीरे और अच्छी तरह चबाकर खाएं।
  • एक बार में बहुत ज्यादा भोजन करने के बजाय थोड़ी-थोड़ी मात्रा में खाना खाएं। पर्याप्त पानी पिएं और रोजाना कुछ देर टहलने की आदत डालें।
  • इसके अलावा उन फूड्स की पहचान करें, जिन्हें खाने के बाद आपको ज्यादा गैस बनती है।
  • अगर दूध या किसी खास भोजन से परेशानी होती है, तो डॉक्टर या डाइटीशियन की सलाह लें।
  • कब्ज की समस्या को नजरअंदाज न करें और बिना डॉक्टर की सलाह के लंबे समय तक गैस की दवाइयां न लें।

साल 2026 में BMC Gastroenterol जर्नल में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, क्रोनिक पेट फूलने और ब्लोटिंग की समस्या वाले मरीजों में ऊपरी जीआई (अपर गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल) एंडोस्कोपी में निचली जीआई की तुलना में असामान्य या पॉजिटिव रिजल्ट ज्यादा देखने को मिले। ऊपरी पेट की समस्या में खतरे के संकेत मुख्य जोखिम कारक पाए गए, हालांकि इनकी सटीकता सीमित थी।

इसे भी पढ़ें: सुबह खाली पेट चाय पीने से एसिडिटी क्यों बढ़ सकती है? किन लोगों को सावधानी रखनी चाहिए

डॉक्टर से कब मिलें?

गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉक्टर नवीन सलाह देते हैं कि अगर पेट में गैस और ब्लोटिंग की समस्या के साथ कुछ असामान्य लक्षण दिखाई देते हैं, तो इन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खासकर मल या उल्टी में खून आना, काले रंग का मल आना, लगातार उल्टी होना और बिना कोशिश के वजन कम होना गंभीर संकेत हो सकते हैं।

इसके अलावा भूख कम लगना, खून की कमी, खाना निगलने में परेशानी और पेट में लगातार दर्द रहने पर भी चेकअप जरूरी है। इन लक्षणों के पीछे अल्सर, पेट में सूजन या अन्य गंभीर बीमारियां हो सकती हैं। ऐसे मामलों में डॉक्टर जरूरत के अनुसार एंडोस्कोपी की सलाह दे सकते हैं।

निष्कर्ष

लगातार गैस और पेट फूलने की समस्या हमेशा सामान्य अपच या खान-पान की गड़बड़ी के कारण नहीं होती है। कई बार इसके पीछे IBS, फूड इनटॉलरेंस, अल्सर या डाइजेस्टिव सिस्टम से जुड़ी अन्य समस्याएं हो सकती हैं। हालांकि, हर मरीज को एंडोस्कोपी कराने की जरूरत नहीं होती। अगर गैस के साथ वजन कम होना, उल्टी, मल में खून आना, निगलने में परेशानी या लगातार पेट दर्द जैसे लक्षण दिखाई दें, तो डॉक्टर से संपर्क करें। सही समय पर जांच और इलाज कराने से समस्या का कारण पता लगाने और उचित उपचार शुरू करने में मदद मिल सकती है।

All Image Credit- magnific

FAQ

  • क्या खाली पेट रहने से पेट फूलता है?

    हां, कुछ लोगों को लंबे समय तक खाली पेट रहने पर एसिडिटी और पेट में असहजता महसूस हो सकती है।
  • क्या तनाव और चिंता के कारण पेट में गैस बनती है?

    हां, तनाव और चिंता का असर डाइजेस्टिव सिस्टम पर पड़ सकता है। इससे आंतों की मूवमेंट प्रभावित हो सकती हैं और कुछ लोगों में ब्लोटिंग या पेट दर्द बढ़ सकता है।
  • क्या पेट की गैस के कारण सीने में दर्द भी हो सकता है?

    कभी-कभी पेट में गैस या एसिड रिफ्लक्स के कारण सीने में जलन और असहजता हो सकती है लेकिन सीने में दर्द को हमेशा गैस न समझें। अचानक दर्द, सांस फूलना या पसीना आने पर तुरंत इमरजेंसी मेडिकल सहायता लें।

Read Next

→ वीकेंड पर देर तक सोकर पूरे हफ्ते की नींद पूरी कर रहे हैं? जानें यह आदत सही या नहीं?

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Akanksha Tiwari

Health & Lifestyle Journalist

आकांक्षा तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से करीब 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सीनियर सब एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं। वह पोषण, आयुर्वेद, प्रेगनेंसी, हार्ट हेल्थ और फिटनेस जैसे विषयों पर लिखती हैं और स्वास्थ्य से जुड़ी जानकारी को प्रमाणित स्रोतों और रिसर्च के आधार पर सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास करती हैं। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह India TV, India Ahead और News Nation के साथ काम कर चुकी हैं। Editorial Policy: आकांक्षा द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Nov 17, 2026 18:58 IST

    Published By : Akanksha Tiwari
    Reviewed By : Dr Naveen Polavarapu