ज्यादातर लोग अपने दिन की शुरुआत चाय के साथ करना पसंद करते हैं। ऐसे में अक्सर लोगों को सुबह खाली पेट चाय का सेवन न करने की सलाह दी जाती है। इसका सेवन करने से अक्सर लोगों को एसिडिटी और गैस जैसी समस्याएं होने लगती हैं। इससे बचने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी हो जाता है। आइए इस बारे में Dr. Aravinda S N, Lead Consultant - Internal Medicine, Aster RV Hospital, Bengaluru से जानें।
सुबह खाली पेट चाय पीने से एसिडिटी क्यों बढ़ सकती है?
डॉ. अरविंद के अनुसार, सुबह खाली पेट चाय पीना एक आम आदत है, लेकिन कुछ लोगों को इसे पीने के बाद एसिडिटी, सीने में जलन, जी मिचलाना या पेट में बेचैनी महसूस हो सकती है। ऐसा मुख्य रूप से इसलिए होता है, क्योंकि चाय में कैफीन और अन्य कई ऐसे तत्व होते हैं, जो पाचन प्रक्रिया को प्रभावित कर सकते हैं।
चाय एसिडिटी को कैसे प्रभावित करती है?
डॉ. अरविंद कहते हैं, कैफीन कुछ लोगों में गैस्ट्रिक एसिड के स्राव को बढ़ा सकता है। यह लोअर इसोफेजियल स्फिंक्टर (एक मस्कुलर वाल्व जो पेट की सामग्री को वापस फूड पाइप में जाने से रोकता है) को प्रभावित करके एसिड रिफ्लक्स का कारण बन सकता है। चाय में टैनिन भी होता है, जिससे कुछ लोगों को जी मिचलाना या पेट में बेचैनी हो सकती है, खासकर तब जब इसे बिना कुछ खाए ज्यादा मात्रा में लिया जाए। हालांकि, चाय पीने से हर किसी को एसिडिटी हो ही, ऐसा जरूरी नहीं है। इसका असर व्यक्ति की सेंसिटिविटी, चाय की कड़कपन और उसकी मात्रा पर निर्भर करता है।
इसे भी पढ़ें: एसिडिटी की ही तरह होते हैं GERD के लक्षण, डॉक्टर से जानें कैसे पहचानें अंतर
क्या कहती है स्टडी?
साल 2019 में Medicine Journal में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, चाय में मौजूद थियोफिलाइन (theophylline) नामक कंपाउंड निचली ग्रास नली स्फिंक्टर (LES) के दबाव को कम या शिथिल (relax) कर सकता है, जिससे पेट का एसिड ऊपर की ओर आ सकता है और सीने में जलन/एसिडिटी का कारण बन सकता है।
why drinking tea on an empty stomach causes severe acidity and digestive issues1
बढ़ सकती है एसिडिटी की समस्या
डॉ. अरविंद का कहना है, जिन लोगों को पहले से ही गैस्ट्रोइसोफेजियल रिफ्लक्स डिजीज (GERD), गैस्ट्राइटिस या फंक्शनल डिस्पेप्सिया (अपच) जैसी समस्या है, उन्हें चाय से ज्यादा परेशानी हो सकती है। खासकर कड़क चाय पीने या कम समय के गैप में कई कप चाय पीने से दिक्कत बढ़ सकती है। अगर किसी को सुबह चाय पीने के बाद जी मिचलाता है या सीने में जलन होती है, तो उन्हें अपनी दिनचर्या में बदलाव करना चाहिए। चाय में बहुत ज्यादा दूध या चीनी मिलाने से एसिडिटी नहीं रुकती, बल्कि कुछ लोगों में यह समस्या और भी बढ़ सकती है।
एसिडिटी से बचने और पाचन को हेल्दी रखने के लिए क्या करें?
डॉ. अरविंद का कहना है, बेचैनी कम करने के लिए, सुबह उठते ही चाय पीने के बजाय नाश्ते के बाद चाय पीना बेहतर हो सकता है। चाय को हल्का रखना, कप की संख्या सीमित करना और बहुत ज्यादा कैफीन लेने से बचना भी मददगार हो सकता है। सुबह उठकर पानी पीना और खाने का समय तय रखना पाचन तंत्र को बेहतर रखने में मदद कर सकता है।
इसे भी पढ़ें: खाने के तुरंत बाद न करें ये 7 गलतियां, पेट में बढ़ सकती है गैस और एसिडिटी
डॉक्टर से सलाह कब लें?
डॉ. अरविंद का कहना है, यह ध्यान रखना जरूरी है कि अगर लगातार एसिडिटी हो रही है, तो हमेशा इसका कारण चाय ही हो, ऐसा नहीं है। अगर बार-बार सीने में जलन होती है, खाना वापस गले में आता है, निगलने में परेशानी होती है या ऐसे लक्षण दिखते हैं, जिनसे बार-बार नींद टूटती है, तो डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।
अगर किसी को सीने में तेज दर्द हो, साथ ही सांस लेने में परेशानी हो, पसीना आए या दर्द हाथ या जबड़े तक फैल रहा हो, तो इसे सिर्फ एसिडिटी न समझें। ऐसी स्थिति में तुरंत इमरजेंसी मेडिकल मदद लेनी चाहिए।
कुल मिलाकर, खाली पेट चाय पीना हर किसी के लिए नुकसानदायक नहीं होता है। जरूरी यह है कि आप समझें कि किन चीजों से आपको परेशानी होती है और अपनी सहनशक्ति के अनुसार चाय का सेवन करें।
निष्कर्ष
सुबह खाली पेट चाय पीने से कैफीन और टैनिन के कारण गैस्ट्रिक एसिड और पेट का वाल्व ढीला होने (एसिड रिफ्लक्स) की समस्या बढ़ सकती है, जिससे सीने में जलन, जी मिचलाना और एसिडिटी जैसी परेशानियां होती हैं। इससे बचने के लिए सुबह उठते ही खाली पेट चाय पीने के बजाय हमेशा नाश्ते के बाद हल्की चाय का सेवन किया जा सकता है और इसकी मात्रा सीमित रखनी चाहिए।
इसके अलावा, बहुत ज्यादा दूध-चीनी मिलाने से बचें। ध्यान रहे, लगातार गंभीर लक्षण बने रहते हैं, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
एसिडिटी के क्या लक्षण हैं?
एसिडिटी की समस्या होने पर व्यक्ति को सीने में जलन, खट्टी या कड़वी डकार, ब्लोटिंग, गैस, जी मिचलाने, उल्टी, हिचकी, डकार, गले में खराश और निगलने में परेशानियां हो सकती हैं।खाली पेट चाय पीने से क्या परेशानियां होती हैं?
खाली पेट चाय का सेवन करने से व्यक्ति को एसिडिटी, गैस, पेट में अल्सर, शरीर में पानी की कमी, आयरन की कमी, बेचैनी, घबराहट और पाचन तंत्र के कमजोर होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 31, 2026 12:29 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr. Aravinda S N
