कई लोग अपने दिन की शुरुआत कॉफी के साथ करना पसंद करते हैं। कुछ लोग मानते हैं कि कॉफी का सेवन खाली पेट करने से नुकसान होता है, जिसको लेकर अक्सर लोग कंफ्यूज रहते हैं और उनके मन में सवाल उठता है कि खाली पेट कॉफी का सेवन करना सही है या नहीं? आइए इस बारे में Ms. Aditi Prasad Apte, Senior - Clinical Nutritionist, Aster RV Hospital, Bengaluru और जयपुर स्थित Angelcare-A Nutrition and Wellness Center की निदेशक, डाइटीशियन एवं न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन से जानें।
खाली पेट कॉफी पीना सही है या नहीं?
क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट अदिति प्रसाद के अनुसार, ज्यादातर स्वस्थ वयस्कों के लिए, खाली पेट कॉफी पीना असल में नुकसानदायक नहीं है। यह आरामदायक है या नहीं, यह काफी हद तक व्यक्ति पर निर्भर करता है। कॉफी नर्वस सिस्टम को उत्तेजित करती है और कुछ समय के लिए सतर्कता बढ़ा सकती है, इसीलिए बहुत से लोग सुबह इसका मजा लेते हैं।
डाइटीशियन एवं न्यूट्रिशनिस्ट अर्चना जैन के अनुसार, खाली पेट कॉफी का सेवन करना सही नहीं है। इससे स्वास्थ्य से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं, खासकर किसी मेडिकल कंडीशन में। इसका सेवन करते समय इसकी मात्रा, सेवन के तरीके और इसके सेवन के समय का ध्यान रखना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें: कॉफी सिर्फ सुस्ती दूर करने वाली ड्रिंक नहीं, बल्कि है लंबी उम्र और अच्छी सेहत का राज: स्टडी
क्या कहती है स्टडी?
साल 2022 में Nutrients में प्रकाशित नरेटिव रिव्यू के अनुसार, खाली पेट कॉफी पीने से पेट में गैस्ट्रिक एसिड और गैस्ट्रिन हार्मोन का स्राव बढ़ जाता है। स्वस्थ व्यक्तियों में खाली पेट कॉफी पीने से सीधे तौर पर पेप्टिक अल्सर या अपच का खतरा साबित नहीं हुआ है, लेकिन एसिड रिफ्लक्स (GERD) से पीड़ित लोगों में यह खाली पेट एसिडिटी और सीने की जलन के समय को बढ़ा सकती है। इसके अलावा, कॉफी पित्त (bile) और पैंक्रियाज के रसों को उत्तेजित करती है, जो पाचन में मदद करते हैं, और साथ ही आंतों की गतिशीलता (colonic motility) को भी बढ़ावा देती है।
coffee on an empty stomach good or bad 1
खाली पेट कॉफी पीने से क्या परेशानी होती है?
क्लिनिकल न्यूट्रिशनिस्ट अदिति का कहना है, कॉफी में मौजूद कैफीन और अन्य तत्व कुछ लोगों में पेट की परेशानी बढ़ा सकते हैं। इसके अलावा, नींद में बाधा आने और कैफीन से सेंसिटिविटी जैसी कई परेशानियां हो सकती हैं।
पाचन से जुड़ी परेशानी होने
कॉफी में मौजूद कैफीन पेट से जुड़ी समस्याओं को बढ़ा सकता है। जिन लोगों को एसिड रिफ्लक्स, सीने में जलन, गैस्ट्राइटिस या अपच की समस्या होती है, उन्हें कुछ खाने से पहले कॉफी पीने पर जलन, जी मिचलाना या पेट में बेचैनी महसूस हो सकती है।
कॉफी आंतों की एक्टिविटीज को भी बढ़ा सकती है। कुछ लोगों को यह मददगार लग सकता है, लेकिन दूसरों को अचानक मल त्याग की इच्छा या ढीले मल की समस्या हो सकती है।
नींद से जुड़ी समस्याएं होना
एक और बात कैफीन के प्रति सेंसिटिविटी की है। दिन में देर से कॉफी पीने से कुछ लोगों की नींद में खलल पड़ सकता है और खराब नींद का असर इनडायरेक्ट रूप से भूख, खाने की पसंद और मेटाबॉलिक हेल्थ पर पड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें: एसिड रिफ्लक्स की समस्या है? एक्सपर्ट से जानें सुबह नाश्ते में क्या खाएं और किन चीजों से बचें
क्या कॉफी पीने से वजन कम होता है?
न्यूट्रिशनिस्ट अदिति कहती हैं, "ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं है कि स्वस्थ लोगों में खाली पेट कॉफी पीने से पेट में अल्सर होता है या पेट को परमानेंट नुकसान पहुंचता है। इसी तरह, सुबह की दिनचर्या में कॉफी शामिल करने से यह अपने आप वजन घटाने वाला ड्रिंक नहीं बन जाता है।"
कॉफी से परेशानी होने पर क्या करना चाहिए?
न्यूट्रिशनिस्ट अदिति बताती हैं, अगर कॉफी से परेशानी होती है, तो कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। ताकि किसी भी परेशानी से बचा जा सके।
- इसे नाश्ते के बाद पिएं।
- इसकी मात्रा कम करें।
- कम गाढ़ी कॉफी चुनें।
- डिकैफिनेटेड कॉफी आजमाने की कोशिश करें।
अगर वजन कम करना या नियंत्रित करना लक्ष्य है, तो इसमें बहुत ज्यादा चीनी, क्रीम या सिरप न डालें।
सावधानियां
हर व्यक्ति की सहनशीलता (Tolerance) अलग-अलग होती है। ऐसा कोई यूनिवर्सल नियम नहीं है कि नाश्ते से पहले कॉफी पीनी ही चाहिए या नहीं पीनी चाहिए।
निष्कर्ष
ज्यादातर स्वस्थ वयस्कों के लिए खाली पेट कॉफी पीना नुकसानदायक नहीं है, लेकिन यह व्यक्तिगत सहनशीलता पर निर्भर करता है। इससे पेट में गैस्ट्रिक एसिड और गैस्ट्रिन हार्मोन का सिक्रीशन बढ़ता है। एसिड रिफ्लक्स (GERD) या सीने में जलन से पीड़ित लोगों को खाली पेट कॉफी पीने से परेशानी महसूस हो सकती है। अगर कॉफी पीने से जी मिचलाना, पेट में बेचैनी या एसिडिटी हो, तो इसे हमेशा नाश्ते के बाद पिएं, इसकी मात्रा कम करें या डिकैफिनेटेड कॉफी चुनें।
ध्यान रहे, कॉफी का सेवन सीमित मात्रा में करें। इससे किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
सुबह उठते ही खाली पेट क्या खाना चाहिए?
सुबह के समय 1 गिलास गुनगुना पानी पीना चाहिए। इसके अलावा, खाली पेट भीगे हुए बादाम खाएं और प्रोटीन युक्त नाश्ते के साथ फल खाएं।1 दिन में कितनी बार कॉफी पीनी चाहिए?
एक दिन में 1 व्यक्ति 2 से 3 कप तक कॉफी का सेवन किया जा सकता है। इसके अधिक सेवन करने से बचें, खासकर हाई ब्लड प्रेशर जैसी मेडिकल कंडीशन्स में।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 03, 2026 14:19 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Archana Jain
