जिन लोगों की स्किन सेंसिटिव होती है, उन्हें किसी तरह के स्किन केयर या हेयर केयर प्रोडक्ट को दूसरों के साथ साझा करने से मना किया जाता है। हालांकि, लोग अपने घरों में परिवार के सदस्यों के साथ कंघी जैसी सामान्य चीज शेयर करते हैं। शायद ही कोई कभी इस ओर सोचता है कि कंघी शेयर करने से स्कैल्प से जुड़ी परेशानी हो सकती है। इस संबंध में एक्सपर्ट चेतावनी देते हैं कि हर किसी की कंघी शेयर नहीं करनी चाहिए। विशेषकर, जिन्हें स्कैल्प से जुड़ी प्रॉब्लम हैं, उन्हें सावधानी बरतनी चाहिए। राजौरी गार्डन स्थित कॉस्मेटिक स्किन क्लिनिक की कॉस्मेटोलॉजिस्ट और त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. करुणा मल्होत्रा से जानें, ऐसा करने के क्या-क्या नुकसान हो सकते हैं।
कंघी शेयर करने के नुकसान

1. जुएं होने का जोखिम
ज्यादातर लोगों को लगता है कि भला कंघी शेयर करने से क्या ही हो जाता है? इस बारे में एक्सपर्ट का कहना है कि जिन लोगों के सिर में जुएं होती हैं, उनकी कंघी यूज नहीं करनी चाहिए। ऐसा इसलिए कहा जाता है, क्योंकि ऐसे लोगों की कंघी का इस्तेमाल करने से आपके सिर में भी जुएं होने का जोखिम बढ़ जाता है। आपको जानकारी के लिए बता दें कि जुएं होने से सिर में खुजली और स्कैल्प से जुड़ी अन्य समस्या हो सकती है। NCBI के StatPearls में प्रकाशित किताब के एक अध्याय में भी यह स्पष्ट किया गया है कि जिन लोगों के सिर में जुएं हैं, उन्हें कंघी शेयर करने से बचना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: झड़ते बालों की समस्या दूर करने के लिए इन 5 तरीकों से खाएं किशमिश, बाल बनेंगे मजबूत
2. फंगल इंफेक्शन का रिस्क
अगर किसी के सिर में फंगल इंफेक्शन है, तो उन्हें भी अपनी कंघी शेयर करने से बचना चाहिए। असल में, फंगल इंफेक्शन आसानी से एक से दूसरे तक फैल सकता है। ऐसे में न सिर्फ खुजली बढ़ सकती है, बल्कि स्कैल्प में पैचेज हो सकते हैं, जो कि धीरे-धीरे फैलते रहते हैं। इस तरह के इंफेक्शन अक्सर डैंड्रफ की तरह नजर आते हैं। इन पर बार-बार खुजली करने से सूजन बढ़ जाती है और दर्द का भी एहसास होता है। फंगल इंफेक्शन के कारण हेयर फॉल भी बढ़ता है। साल 2022 में Journal of Fungi में प्रकाशित एक वैज्ञानिक शोध पत्र में भी कहा गया है कि एक ही घर में रहने वाले लोगों और परिवार के सदस्यों के बीच नाखूनों और त्वचा के फंगल इंफेक्शन काफी आसानी से फैल जाता है।
3. बैक्टीरिया का फैलना
कंघी शेयर करने की वजह से एक से दूसरे व्यक्ति तक बैक्टीरिया स्टैफिलोकोकस भी आसानी से फैल सकते हैं। ऐसे में स्टैफ इंफेक्शन हो जाता है, जिससे सिर में छोटे-छोटे गोल-गोल दाने निकल आते हैं। ये दिखने में बिल्कुल पिंपल जैसे होते हैं। इसकी वजह से न सिर्फ खुजली और दर्द होने जैसी समस्याएं बढ़ जाती हैं, बल्कि सूजन बढ़ने के कारण बालों का झड़ना भी बढ़ जाता है।
4. सीबम प्रोडक्शन का बढ़ना
हालांकि, कंघी से सीबम प्रोडक्शन नहीं बढ़ता है। हां, अगर पहले से ही किसी के बाल में ऑयली हैं, तो उनकी कंघी का उपयोग करने से दूसरे में भी ऑयल ट्रांसफर हो सकता है। खासकर, अगर कोई अपनी कंघी नियमित रूप से साफ नहीं करता है और दूसरा व्यक्ति इसी कंघी का उपयोग करता है, तो यह भी बिल्कुल सही नहीं है। किसी दूसरे व्यक्ति की गंदी कंघी का बार-बार इस्तेमाल करने से बालों में सीबम प्रोडक्शन बढ़ जाता है। ऐसे में बाल गंदे और चिपचिपे हो जाते हैं। विशेषकर, जिन लोगों की स्किन सेंसिटिव है, उन्हें इससे जलन और खुजली जैसी परेशानी हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: वर्कआउट के बाद झड़ते हैं ज्यादा बाल? इन 7 तरीकों से करें देखभाल, कुछ ही दिनों में दिखने लगेगा फर्क
5. माइक्रोब्स और डैंड्रफ का फैलना
आमतौर पर डैंड्रफ एक से दूसरे व्यक्ति तक नहीं फैलता है। एक ही कंघी का इस्तेमाल करने से भी ऐसा नहीं होता है। हां, अगर किसी को सेबोरहाइक डर्मेटाइटिस जैसी समस्या है, तो ऐसे में होने वाली रूसी किसी दूसरे की कंघी इस्तेमाल करने से आसानी से एक से दूसरे में ट्रांसफर हो सकती है। इसलिए, किसी भी तरह की स्किन और बालों से जुड़ी मेडिकल कंडीशन हो, तो भी कंघी शेयर करने से बचना चाहिए।
क्या करें?
डॉ. करुणा मल्होत्रा साफ सलाह देती हैं, ‘ऐसा नहीं है कि कंघी शेयर करना हमेशा ही गलत होता है। अगर घर-परिवार में किसी को स्किन इंफेक्शन या सिर से जुड़ी कोई परेशानी नहीं है, तो कंघी आपस में शेयर करने में कोई दिक्कत नहीं है। हालांकि, हमेशा पर्सनल कंघी यूज करना ज्यादा अच्छा होता है। साथ ही, नियमित रूप से अपनी कंघी की सफाई पर भी ध्यान दें। डॉ. करुणा मल्होत्रा आगे कहती हैं-
- अपने बाल साफ रखें।
- सप्ताह में एक बार कंघी जरूर वॉश करें।
- कंघी धोने के लिए साबुन के पानी का इस्तेमाल करें।
- एंटीबैक्टीरियल प्रोडक्ट का इस्तेमाल करना अधिक फायदेमंद है।
निष्कर्ष
डॉक्टर हमेशा सलाह देते हैं कि पर्सनल हाइजीन का ध्यान रखें। अपनी निजी कंघी का इस्तेमाल करना इसी क्रम में शामिल होता है। विशेषकर, जिन लोगों को किसी न किसी तरह की स्किन और बालों से जुड़ी कंडीशन है, तो किसी भी हाल में अपनी कंघी दूसरों के साथ शेयर नहीं करनी चाहिए। इसके अलावा, कंघी की नियमित सफाई करके आप बालों के चिपचिपेपन को बढ़ने से रोक सकते हैं।
All Image Credit: Magnific
FAQ
कंघी को सही तरीके से सैनिटाइज और साफ कैसे किया जाता है?
सबसे पहले कंघी से फंसे बाल निकालकर साफ रखें और हफ्ते में एक बार गुनगुने पानी, माइल्ड शैंपू और एंटीसेप्टिक लिक्विड के घोल में 15 मिनट भिगोकर रख लें।क्या दूसरों की कंघी इस्तेमाल करने से स्कैल्प रिंगवर्म हो सकता है?
हां, संक्रमित व्यक्ति की कंघी इस्तेमाल करने से इसके फंगस तुरंत नए स्कैल्प पर चले जाते हैं, जिससे सिर में गोल लाल चकत्ते हो जाते हैं और बाल झड़ने लगते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 18, 2026 10:03 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Karuna Malhotra