बारिश का मौसम जहां गर्मी से राहत देता है, वहीं इस दौरान बालों का झड़ना कई लोगों के लिए चिंता का कारण बन सकता है। बरसात में नमी, पसीना, गंदगी और स्कैल्प पर फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ने से बालों की जड़ों पर असर पड़ सकता है। हालांकि, मौसम में बदलवा के कारण कई लोगों में हेयर फॉल की समस्या होना आम बात है। हालांकि, अगर आपके बाल लगातार और बहुत ज्यादा गिर रहे हैं तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं, जिनमें डैंड्रफ, पोषण की कमी और हार्मोनल बदलाव भी शामिल हो सकते हैं। Dr. Chandani Jain Gupta, MBBS & MD - Dermatologist & Aesthetic Physician, Elantis Healthcare, New Delhi का कहना है कि बरसात के मौसम में कुछ आदतों को अपनाकर हेयर फॉल को काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है।
बारिश के मौसम में हेयर फॉल रोकने के तरीके
Dr. Chandani Jain Gupta का कहना है कि बारिश के मौसम में बालों के झड़ने की समस्या से बचने के लिए आप इन बातों का ध्यान रखें-
1. स्कैल्प को अच्छी तरह साफ करें
बारिश के मौसम में हवा में नमी ज्यादा होती है, जिससे स्कैल्प पर पसीना और तेल जमा हो सकता है। बारिश का पानी या धूल भी बालों में जमा होकर स्कैल्प को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए, बालों और स्कैल्प को नियमित रूप से साफ रखना जरूरी है। जरूरत के अनुसार, बालों में माइल्ड शैम्पू का इस्तेमाल करें और शैम्पू करते समय स्कैल्प को धीरे-धीरे साफ करें। ध्यान रहे, बालों में बहुत ज्यादा गर्म पानी का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे बाल रूखे और कमजोर हो सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: आयरन की कमी से बाल क्यों झड़ने लगते हैं? डर्मेटोलॉजिस्ट से समझें कनेक्शन
2. चौड़े दांत वाली कंघी का इस्तेमाल करें
गीले बाल बहुत नाजुक होते हैं और आसानी से टूट सकते हैं। बारिश में बाल अक्सर लंबे समय तक नम रहते हैं, इसलिए उन्हें जोर से कंघी करने से बाल टूटने और हेयर फॉल बढ़ने की समस्या हो सकती है। गीले बालों को पहले अच्छी तरह सूखने दें और फिर चौड़े दांत वाली कंघी से धीरे-धीरे बालों को सुलझाएं। कंघी करते समय बालों को खींचने से बचें।
साल 2009 में Journal of Dermatological Treatment में प्रकाशित स्टडी के अनुसार ब्रशिंग बालों के झड़ने से जुड़ी हुई है। ब्रशिंग की आवृत्ति को कम करने से बालों के झड़ने की मात्रा को कम किया जा सकता है।
3. बहुत टाइट हेयरस्टाइल से बचें
American Academy of Dermatology Association के अनुसार, कसकर बांधी गई चोटियां, कसकर बांधे गए जूड़े, पोनीटेल और अप-डू के साथ हेयर एक्सटेंशन या वीव्स का इस्तेमाल हेयर फॉल का कारण बन सकते हैं। खासकर, बारिश के दिनों में बालों को बहुत कसकर बांधने के बजाय ढीली और आरामदायक हेयरस्टाइल रखें। गीले बालों को बांधकर रखने से भी बचना जरूरी है।
4. हीट स्टाइलिंग कम करें
बारिश में बालों के बार-बार भीगने या उमस के कारण स्कैल्प में पसीना होने की समस्या में बार-बार धोने पर लोग इसे जल्दी सुखाने के लिए हेयर ड्रायर का इस्तेमाल करने लगते हैं। बारिश में बाल पहले से ही नमी और बार-बार गीले होने के कारण प्रभावित हो सकते हैं, ऐसे में हीट स्टाइलिंग टूल्स का इस्तेमाल करने से बाल कमजोर और रूखे बन सकते हैं। अगर ड्रायर का इस्तेमाल करना जरूरी हो तो बहुत ज्यादा गर्म सेटिंग करने से बचें और बालों को लंबे समय तक गर्म हवा न दें।

5. पोषक तत्वों से भरपूर डाइट लें
बारिश के मौसम में भी बालों की अच्छी सेहत के लिए पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन, आयरन, जिंक, विटामिन और अन्य पोषक तत्वों की जरूरत होती है। इसलिए, आप अपनी डाइट में दालें, अंडे, दूध या अन्य प्रोटीन सोर्स, ड्राई फ्रूट्स और सीड्स शामिल कर सकते हैं। बिना डॉक्टर की सलाह के किसी भी तरह के हेयर सप्लीमेंट्स लेने से बचना चाहिए। अगर आपको हेयर फॉल पोषण की कमी के कारण होने का संदेह है तो डॉक्टर से कंसल्ट कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: बाल झड़ने का कारण कहीं विटामिन B12 की कमी तो नहीं? डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें कनेक्शन
6. शरीर को हाइड्रेट रखें
बारिश में प्यास कम लग सकती है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि शरीर के लिए पानी की जरूरत कम हो जाती है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना शरीर और स्किन के लिए जरूरी होता है। दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और बहुत ज्यादा मीठे या ज्यादा कैफीन वाले ड्रिंक्स पीने से बचना जरूरी है।
बारिश में बाल ज्यादा क्यों झड़ते हैं?
Dr. Chandani Jain Gupta बताती हैं कि बारिश या मौसम में बदलाव के साथ बालों के नॉर्मल हेयर-शेडिंग पैटर्न में बदलाव महसूस हो सकता है। इसके अलावा, बारिश के दौरान नमी और पसीने के कारण डैंड्रफ या स्कैल्प से जुड़ी दूसरी समस्याएं बढ़ सकती हैं। बार-बार गीले बाल रखना, खराब हेयर केयर, तनाव, नींद की कमी, आयरन या अन्य पोषक तत्वों की कमी, थायराइड जैसी स्थितियां और हार्मोनल बदलाव भी बालों के झड़ने का कारण हो सकते हैं।
डॉक्टर को कब दिखाना चाहिए?
हल्के बाल टूटना आमतौर पर आम होता है और चिंता का करना नहीं माना जाता है। लेकिन, अगर बाल अचानक बहुत ज्यादा झड़ने लगे, सिर पर खाली पैच दिखाई दें, स्कैल्प में तेज खुजली, रेडनेस, पपड़ी या घाव बन जाए तो इन समस्याओं को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अगर बाल और स्कैल्प से जुड़ी यह समस्याएं कई हफ्तों तक बनी रहती हैं तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना जरूरी है। डॉक्टर स्कैल्प की जांच करके हेयर फॉल या इन समस्याओं के पीछे के सही कारणों का पता लगाकर और जरूरत पड़ने पर ब्लड टेस्ट करवाने की सलाह दे सकती हैं, जिससे सही इलाज पाने में मदद मिल सकती है।
निष्कर्ष
Dr. Chandani Jain Gupta का कहना है कि बारिश के मौसम में हेयर फॉल को कम करने के लिए सबसे जरूरी है कि आप अपने स्कैल्प को साफ रखें, गीले बालों को सही तरह से संभालें, बालों पर ज्यादा खिंचाव और हेयर हीट स्टाइलिंग टूल्स का उपयोग कम करना। इसके साथ ही, संतुलित पोषण, पर्याप्त मात्रा में पानी पीना और अच्छी नींद लेना भी महत्वपूर्ण हैं।
Image Credit: Freepik
FAQ
कौन सी बीमारी में बाल झड़ते हैं?
बाल झड़ने के पीछे मेडिकल बीमारी एलोपेसिय की समस्या हो सकती है, जो एक ऑटोइम्यून बीमारी है। इसके अलावा, एंड्रोजेनेटिक एलोपेसिया, थायरायड असंतुलन और टेलोजन एफ्लुवियम जैसी स्थितियों से जुड़ा होता है।बाल सबसे ज्यादा किसकी कमी से झड़ते हैं?
बाल सबसे ज्यादा शरीर में आयनर, जिंक और विटामिन डी जैसे पोषक तत्वों की कमी के कारण झड़ते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 19, 2026 17:31 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Chandni Jain Gupta