क्या बाल धोने के बाद आपको भी लगता है कि अचानक बहुत ज्यादा बाल झड़ने लगे हैं? बाथरूम में बालों का गुच्छा देखकर कई लोग परेशान हो जाते हैं और सोचने लगते हैं कि शायद शैंपू करने से बाल कमजोर हो रहे हैं। कुछ लोग इसी डर से बाल धोने के बीच का अंतर बढ़ा देते हैं, तो कुछ हर बार शैंपू या तेल बदलने लगते हैं लेकिन बाल धोने के बाद ज्यादा बाल नजर आने का मतलब हमेशा यह नहीं होता कि उसी समय बालों का झड़ना बढ़ गया है। यशोदा हॉस्पिटल, हैदराबाद की सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा के अनुसार, जब आप कई दिनों के बाद बाल धोते हैं, तो पहले से ढीले हो चुके कई बाल एक साथ निकल सकते हैं। यही वजह है कि शैंपू करने के बाद हेयर फॉल अचानक ज्यादा दिखाई दे सकता है।
बाल धोने के बाद बाल क्यों टूटते हैं?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा के अनुसार, बालों की एक नेचुरल हेयर साइकिल होती है। इसमें कुछ बाल एक समय के बाद झड़ने की अवस्था में पहुंच जाते हैं, ऐसे बाल स्कैल्प से अलग होने के लिए तैयार होते हैं और धोते या कंघी करते समय एक साथ निकल सकते हैं। इसलिए जिन लोगों के बाल रोजाना नहीं धुलते, उन्हें शैंपू वाले दिन ज्यादा बाल झड़ते हुए दिखाई दे सकते हैं। इसका मतलब यह जरूरी नहीं कि शैंपू ने अचानक बालों को कमजोर कर दिया है।
- गीले बालों में खिंचाव और रगड़ से टूटने का जोखिम बढ़ सकता है। बालों को जोर से रगड़कर सुखाने, तुरंत तेज कंघी करने या बालों को खींचकर बांधने से बालों को नुकसान हो सकता है।
- इसलिए बाल धोने के बाद तौलिए से बालों को जोर-जोर से रगड़ने के बजाय धीरे से एक्स्ट्रा पानी सोखना बेहतर होता है। बालों को संभालते समय बिना जरूरत के खींचने से बचना चाहिए।
- बहुत हार्श क्लीनिंग प्रोडक्ट, बार-बार केमिकल ट्रीटमेंट या ज्यादा गर्म पानी से बाल और स्कैल्प प्रभावित हो सकते हैं। अपने बालों और स्कैल्प की जरूरत के अनुसार सही हेयर केयर रूटीन रखना जरूरी है।
- हर टूटे हुए बाल का मतलब जड़ से बाल झड़ना नहीं होता। बाल बीच से टूट सकते हैं, खासकर जब वे ड्राई, कमजोर या ज्यादा खिंचाव के संपर्क में हों। ऐसे में छोटे-छोटे टूटे बाल और दोमुंहे सिरे दिखाई दे सकते हैं।
- दूसरी तरफ, अगर बाल जड़ से ज्यादा मात्रा में निकल रहे हैं और हेयरलाइन या सिर की मांग चौड़ी होती जा रही है, तो यह अलग तरह के हेयर लॉस का संकेत हो सकता है। ऐसे मामलों में कारण पता करना जरूरी है।
बालों को टूटने से बचाने के लिए क्या करें?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा सलाह देती हैं कि बाल धोते समय स्कैल्प को बहुत जोर से रगड़ने से बचें और बालों की लंबाई को खींचें नहीं। धोने के बाद बालों को धीरे से सुखाएं और गीले बालों में कंघी करते समय सावधानी रखें। बहुत गर्म पानी, बार-बार हीट स्टाइलिंग और लगातार टाइट हेयरस्टाइल से बचना भी फायदेमंद हो सकता है। इसके अलावा पर्याप्त प्रोटीन और पोषक तत्वों वाली बैलेंस डाइट लेना जरूरी है, क्योंकि शरीर में पोषण की कमी भी कुछ प्रकार के हेयर फॉल से जुड़ी हो सकती है।

इसे भी पढ़ें: Hair Fall से हैं परेशान? जानें भृंगराज और आंवला तेल में से क्या है ज्यादा बेहतर
1 हफ्ते में बालों को कितनी बार धोना चाहिए?
साल 2021 में Skin Appendage Disorders में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार-
- बालों और स्कैल्प की नियमित सफाई सेहत के लिए बहुत जरूरी है। एशियाई आबादी पर की गई 2 अलग-अलग रिसर्च में यह सामने आया कि हफ्ते में 5 से 6 बार या रोजाना बाल धोना सबसे बेहतर रिजल्ट मिलता है।
- ज्यादा सफाई से बालों को नुकसान पहुंचने की चिंताएं वैज्ञानिक रूप से निराधार साबित हुईं, क्योंकि बार-बार बाल धोने से कोई बुरा असर नहीं दिखा।
- इसलिए, ज्यादा बार बाल धोना कम बार धोने की तुलना में कहीं ज्यादा फायदेमंद और लोगों द्वारा पसंद किया जाने वाला सही तरीका है।
कब डर्मेटोलॉजिस्ट से मिलना चाहिए?
डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. पद्मजा सलाह देती हैं कि अगर कुछ दिनों तक ज्यादा बाल दिखने के बजाय लगातार कई हफ्तों तक बालों का झड़ना बढ़ता रहे, सिर की स्कैल्प ज्यादा दिखाई देने लगे, सिर की मांग चौड़ी हो या पैच के रूप में बाल कम होने लगें, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेनी चाहिए। हेयर फॉल के पीछे तनाव, बीमारी, हार्मोनल बदलाव, पोषण की कमी, स्कैल्प की समस्या या अन्य कारण हो सकते हैं। इसलिए केवल तेल या शैंपू बदलने के बजाय लगातार समस्या होने पर सही कारण का पता लगाना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें: डैंड्रफ और हेयर फॉल में मेथी का पानी है फायदेमंद, जानें कैसे करें इस्तेमाल
निष्कर्ष
बाल धोने के बाद कुछ ज्यादा बाल दिखाई देना हमेशा चिंता की वजह नहीं होता। कई बार पहले से झड़ने की अवस्था में पहुंचे बाल शैंपू करते समय एक साथ निकलते हैं, इसलिए हेयर फॉल ज्यादा नजर आता है लेकिन गीले बालों को जोर से रगड़ना, खींचना या गर्मी देना बालों के टूटने को बढ़ा सकता है। अगर बाल लगातार ज्यादा मात्रा में झड़ रहे हैं या स्कैल्प में बदलाव दिखाई दे रहा है, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से जांच कराकर इसके असली कारण का पता लगाना बेहतर है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या रोजाना बाल धोना जरूरी है?
हर व्यक्ति के लिए बाल धोने की एक जैसी जरूरत नहीं होती। ऑयली स्कैल्प, पसीना, बालों के टाइप और डेली रूटीन के अनुसार बाल धोने की जरूरत अलग हो सकती है।क्या ज्यादा तेल लगाने से बाल झड़ना बंद हो जाते हैं?
तेल बालों को सॉफ्ट बनाने में मदद कर सकता है, लेकिन यह हर प्रकार के हेयर फॉल का इलाज नहीं है। लगातार बाल झड़ने पर उसके कारण की पहचान जरूरी होती है।क्या डैंड्रफ की वजह से बाल ज्यादा टूटते हैं?
स्कैल्प में डैंड्रफ होने पर खुजली और बार-बार सिर खुजलाने की आदत बढ़ सकती है, जिससे बाल ज्यादा झड़ सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 17, 2026 18:40 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Padmaja