कुछ लोगों में रातभर सोने के बाद आंखों के नीचे हल्की पफीनेस दिखाई देती है, जो कुछ देर बाद अपने आप कम हो जाती है लेकिन अगर हर सुबह आंखों में हल्की सूजन नजर आती है, तो क्या इसे सामान्य माना जाए या यह शरीर के अंदर चल रही किसी समस्या का संकेत हो सकता है? मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, PPG और Esskay Ortho & Eye Center की ऑप्थैल्मोलॉजिस्ट, डॉ. नीतू गगनेजा बताती हैं कि आंखों के आसपास की स्किन शरीर के दूसरे हिस्सों की तुलना में काफी पतली होती है। इसलिए शरीर में थोड़ा-सा भी अतिरिक्त फ्लूड जमा होने पर इसका असर आंखों के आसपास जल्दी नजर आ सकता है।
आइए डॉक्टर नीतू गगनेजा से जानते हैं कि हर सुबह आंखों में हल्की सूजन होना कब सामान्य है, इसके पीछे क्या कारण हो सकते हैं और कौन से संकेत बताते हैं कि इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
क्या हर सुबह आंखों में हल्की सूजन होना सामान्य है?
डॉक्टर नीतू गगनेजा के अनुसार, सोते समय शरीर की स्थिति बदलने और लंबे समय तक लेटे रहने के कारण आंखों के आसपास के टिश्यू में थोड़ी मात्रा में तरल पदार्थ जमा हो सकता है। इससे सुबह उठने पर आंखों के नीचे या पलकों पर हल्की पफीनेस दिखाई दे सकती है। कभी-कभी सुबह हल्की सूजन होना सामान्य हो सकता है, लेकिन हर दिन लगातार आंखों में सूजन रहना हमेशा सामान्य मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अगर सूजन लंबे समय तक बनी रहती है, बढ़ रही है या इसके साथ दूसरे लक्षण भी दिखाई देते हैं, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।
1. नींद की कमी
डॉक्टर नीतू गगनेजा का कहना है कि रात में पर्याप्त नींद न लेना या नींद का पैटर्न बिगड़ना भी आंखों के आसपास की सूजन का कारण हो सकता है। देर रात तक जागने के बाद सुबह आंखें भारी या सूजी हुई दिखाई दे सकती हैं। हालांकि, केवल आंखों की सूजन के आधार पर नींद की कमी को कारण मानना सही नहीं है। अगर यह समस्या लगातार बनी रहती है तो दूसरे कारणों पर भी ध्यान देना चाहिए।
2. रात में ज्यादा नमक का सेवन
डिनर में बहुत ज्यादा नमक वाला खाना खाने से शरीर में पानी रुक सकता है। इसका असर अगले दिन सुबह आंखों के आसपास भी दिखाई दे सकता है। डॉक्टर नीतू गगनेजा का कहना है कि अगर सूजन सुबह ज्यादा हो और दिन बढ़ने के साथ कम हो जाए, तो खानपान भी एक संभावित कारण हो सकता है। इसलिए रात में बहुत ज्यादा नमकीन और प्रोसेस्ड फूड का सेवन कम करना फायदेमंद हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: क्यों होता है आंखों के आस-पास की त्वचा में रूखापन? एक्सपर्ट से जानें
3. एलर्जी
अगर आंखों में सूजन के साथ खुजली, लालिमा, पानी आना या छींक जैसी समस्या भी हो रही है, तो एलर्जी एक संभावित कारण हो सकती है। धूल, पालतू जानवरों से जुड़े एलर्जेंस या कॉस्मेटिक प्रोडक्ट कुछ लोगों में आंखों को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसी स्थिति में बार-बार आंखों को रगड़ने से सूजन और बढ़ सकती है।
आंखों की पफीनेस कैसे दूर करें?
पर्याप्त नींद लेना, रात में बहुत ज्यादा नमक वाले भोजन से बचना और आंखों को बार-बार रगड़ने से बचना मददगार हो सकता है। सुबह उठने के बाद चेहरे को ठंडे पानी से धोना भी कुछ लोगों को आराम दे सकता है लेकिन अगर सूजन रोजाना हो रही है या लगातार बनी रहती है, तो घरेलू उपायों पर निर्भर रहने के बजाय इसके कारण की जांच कराना बेहतर है।

इसे भी पढ़ें: क्या अपने आप बंद हो रही हैं आंखों की पलकें? न समझें मामूली, हो सकती है Blepharospasm की समस्या
साल 2015 में Journal of Drugs in Dermatology में प्रकाशित क्लिनिकल ट्रायल में, 12 सप्ताह तक दिन में दो बार Epidermal growth factor सीरम का उपयोग करने से मरीजों की स्थिति में सुधार देखा गया। डॉक्टरों की जांच और मरीजों के खुद के फीडबैक दोनों में यह बात सामने आई कि इससे जिन लोगों में आंखों के नीचे सूजन की समस्या थी उनमें आंखों के नीचे का हिस्सा बेहतर हुआ। पुराने और महंगे इलाजों के मुकाबले यह सीरम एक बेहतरीन और सुरक्षित गैर-सर्जिकल विकल्प साबित हुआ है, जिससे लोगों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।
डॉक्टर को कब दिखाएं?
डॉक्टर नीतू गगनेजा सलाह देती हैं कि अगर आंखों की सूजन अचानक बहुत ज्यादा हो जाए, केवल एक आंख में हो, आंखों में दर्द या नजर धुंधली होने लगे, तो डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है। इसी तरह चेहरे या शरीर के दूसरे हिस्सों में भी सूजन दिखाई दे तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। सांस लेने में परेशानी या चेहरे और गले में अचानक सूजन जैसे गंभीर एलर्जिक रिएक्शन होने पर तुरंत डॉक्टर की सलाह की जरूरत होती है।
निष्कर्ष
हर सुबह आंखों के आसपास हल्की और थोड़ी देर रहने वाली सूजन कई बार सामान्य हो सकती है, खासकर जब यह नींद या रात के खानपान से जुड़ी हो और कुछ समय बाद अपने आप कम हो जाए लेकिन अगर पफीनेस रोज बनी रहती है, बढ़ रही है या दर्द, लालिमा, खुजली, नजर में बदलाव या शरीर के दूसरे हिस्सों में सूजन जैसे लक्षणों के साथ है, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या मोबाइल ज्यादा देखने से आंखों में सूजन होती है?
लंबे समय तक स्क्रीन देखने से आंखों में थकान, ड्राईनेस और जलन हो सकती है। इससे आंखें भारी महसूस हो सकती हैं, लेकिन रोज सुबह होने वाली सूजन के कई दूसरे कारण भी हो सकते हैं।क्या किडनी की बीमारी से चेहरे में सूजन आती है?
किडनी की बीमारी होने पर चेहरे पर, खासकर सुबह उठने के समय आंखों के आसपास सूजन आ सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 12, 2026 17:56 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Neetu Gagneja Arora