कई लोगों को सुबह उठने पर चेहरे थोड़ा फूला या सूजा हुआ महसूस होता है। कई बार आंखों के आसपास पफीनेस आने जैसा भी लगता है, लेकिन दिन बढ़ने पर यह सूजन धीरे-धीरे कम होने लगती है। यह समस्या आम कारणों या स्वास्थ्य समस्याओं के कारण भी हो सकती है। ऐसे में आइए चेहरे पर पफीनेस के कारणों के बारे में Dr. Aravinda S N, Lead Consultant - Internal Medicine, Aster RV hospital, Bengaluru से जानें।
सुबह उठने के बाद चेहरे पर सूजन क्यों दिखती है?
डॉ. अरविंद के अनुसार, सुबह चेहरे पर सूजन आमतौर पर शरीर में कुछ समय के लिए फ्लूइड रिटेंशन (फ्लूइड के जमा होने) होने के कारण होती है, जो कई घंटों तक लेटे रहने के दौरान होता है। दिन के समय खड़े रहने या बैठे रहने के दौरान ग्रेविटी शरीर में फ्लूइड को नीचे की ओर ले जाने में मदद करती है, लेकिन जब आप सोते समय लेटे होते हैं, तो फ्लूइड फिर से शरीर में फैल सकता है।
इसी से फ्लूइड चेहरे के टिश्यू में, खासकर आंखों के आसपास ज्यादा जमा हो सकता है। इससे सुबह उठने के तुरंत बाद चेहरा सूजा हुआ और भरा-भरा सा लग सकता है।
1. नींद का पैटर्न खराब होने के कारण
डॉ. अरविंद बताते हैं, सुबह की पफीनेस यानी चेहरे की सूजन सिर्फ सोने की स्थिति से जुड़ी नहीं है, बल्कि नींद का पैटर्न भी इस बात पर असर डाल सकता है कि सूजन कितनी ज्यादा होगी। कम नींद और नींद के समय में बदलाव, दोनों ही चेहरे पर सूजन का कारण बन सकते हैं।
साल 2013 में Sleep Journal में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार, नींद पूरी न होने का असर हमारी आंखों, मुंह और स्किन पर साफ दिखाई देता है और यही चीजें दूसरे लोगों के लिए नींद की कमी का संकेत बनती हैं।
इसे भी पढ़ें: चेहरे पर बार-बार पिंपल्स का कारण कहीं तनाव और नींद की कमी तो नहीं? डॉक्टर से समझें कनेक्शन
2. रात को ज्यादा नमक वाला खाना खाने से
कई बार पिछली शाम को ज्यादा नमक वाला खाना खाने से भी शरीर में पानी जमा हो सकता है, जिससे सुबह के समय चेहरे पर ज्यादा सूजन दिख सकती है।
ऐसे में आंखों के आसपास या चेहरे पर आम दिनों की मुकाबले ज्यादा पफीनेस महसूस हो सकती है। इसलिए अगर बार-बार सुबह चेहरे पर सूजन नजर आती है, तो पिछले दिन के खान-पान पर भी ध्यान देना फायदेमंद हो सकता है।

3. डिहाइड्रेशन के कारण
शरीर में डिहाइड्रेशन यानी पानी की कमी होने से भी शरीर में फ्लूइड के जमा होने की समस्या हो सकती है। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि जब शरीर में पानी की कमी होती है, तो शरीर अपने पास मौजूद फ्लूइड को बचाकर रखने की कोशिश करता है। इससे शरीर में पानी के बैलेंस में बदलाव आ सकता है और कुछ लोगों में सुबह की पफीनेस ज्यादा दिखाई दे सकती है।
ऐसे में इस समस्या से बचने के लिए दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। हालांकि, पानी की जरूरत हर व्यक्ति में अलग हो सकती है।
सुबह उठने के बाद पफीनेस कम क्यों हो जाती है?
डॉ. अरविंद का कहना है, ज्यादातर हेल्दी लोगों में, हल्की सूजन जो कुछ घंटों में धीरे-धीरे ठीक हो जाती है, यह चिंता की बात नहीं है। उठने और चलने-फिरने से नॉर्मल ब्लड सर्कुलेशन और फ्लूइड की मूवमेंट फिर से शुरू हो जाती है।
पफीनेस को कम करने के लिए कुछ बातों का रखें ध्यान
डॉ. अरविंद आगे कहते हैं, सुबह चेहरे का हल्का फूलना बार-बार होता है, तो पफीनेस से बचने के लिए शरीर में पानी की सही मात्रा बनाए रखना, नमक का सेवन कम करना और नियमित रूप से भरपूर नींद लेना भी मददगार हो सकता है।
इसके अलावा, सुबह उठकर नॉर्मल एक्टिविटीज करना भी शरीर में लिक्विड के नॉर्मल फ्लो को फिर से एक्टिव करने में मदद मिल सकती है।
इसे भी पढ़ें: पिंपल होने पर कब जाना चाहिए डॉक्टर के पास? जान लें ये जरूरी बात
क्या चेहरे की हर सूजन नॉर्मल होती है?
डॉ. अरविंद का कहना है, चेहरे पर लगातार रहने वाली या बढ़ती सूजन को सिर्फ नींद या खान-पान से जोड़कर नहीं देखना चाहिए। कई बार एलर्जी, साइनस की समस्या, इंफेक्शन, दवाइयों के रिएक्शन और कुछ मेडिकल कंडीशन के कारण भी चेहरे पर सूजन आने की समस्या हो सकती है। ऐसे में बार-बार सूजन की समस्या होने पर डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
डॉक्टर से सलाह कब लें?
डॉ. अरविंद कहते हैं, अगर चेहरे पर अचानक से सूजन आ जाए, सूजन दर्दनाक हो, सिर्फ चेहरे के एक हिस्से में हो या उसके साथ बुखार और स्किन में बदलाव दिखाई दें, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
अगर अचानक होंठ, जीभ या गले में सूजन के साथ सांस लेने में परेशानी होने लगे, तो यह गंभीर एलर्जिक रिएक्शन का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति को गंभीर मानकर तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
निष्कर्ष
सुबह के समय चेहरे पर सूजन या पफीनेस होने की समस्या रातभर लेटे रहने के कारण हो सकती है। लंबे समय तक लेटने से शरीर में फ्लूइड फैल जाता है और चेहरे के टिश्यूज में जमा हो जाता है। ऐसा रात में ज्यादा नमक युक्त खाना खाने, पानी की कमी होने और नींद का पैटर्न खराब होने का कारण होता है।
इसके अलावा, कई बार एलर्जी, साइनस, इंफेक्शन, दवाइयों के रिएक्शन और मेडिकल कंडीशन्स के कारण भी चेहरे पर सूजन आ सकती है। ऐसे में सूजन के साथ इसमें दर्द होने, बुखार आने और सांस लेने में परेशानी होने जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें और हेल्दी लाइफस्टाइल को फॉलो करें, ताकि किसी भी गंभीर स्थिति से बचा जा सके।
All Images Credit- Freepik
FAQ
चेहरे पर सूजन आना कौन सी बीमारी के लक्षण हैं?
एलर्जी, किडनी की समस्या, थायराइड, साइनस या डेंटल इंफेक्शन, सेल्युलाइटिस और स्किन इंफेक्शन जैसे कई समस्याओं से लोगों को चेहरे पर सूजन आने की समस्या हो सकती है।क्या किडनी की बीमारी से चेहरे में सूजन आती है?
किडनी की बीमारी में चेहरे पर सूजन आने की समस्या हो सकती है। ऐसा तब होता है, जब किडनी शरीर से एक्स्ट्रा पानी और नमक को ठीक से बाहर नहीं निकाल पाती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 19, 2026 17:28 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr. Aravinda S N