कई लोगों को सुबह के समय उठने पर मुंह में बदबू आने या मुंह में अलग सा स्वाद महसूस होता है, जो बहुत से लोगों के लिए एक आम बात है, लेकिन कुछ लोगों को मुंह में कड़वापन महसूस होता है, तो कुछ लोगों को खट्टा या खराब स्वाद महसूस होता है। कई बार यह परेशानी कुछ देर बाद पानी पीने, ब्रश करने या नाश्ता करने के बाद अपने आप ठीक हो जाती है। अगर यह समस्या बार-बार होने लगे या लंबे समय तक बनी रहे, तो इसके पीछे किसी अन्य कारण हो सकते हैं। ऐसे में आइए इस बारे में Dr. Aravinda S N, Lead Consultant - Internal Medicine, Aster RV hospital, Bengaluru से जानें।
सुबह मुंह में कड़वापन क्यों होता है?
डॉ. अरविंद के अनुसार, उठने पर मुंह का स्वाद कड़वा लगना आम बात है और इसके कई कारण हो सकते हैं। जैसे - सोते समय लार का कम बनना, नाक बंद होना, पानी की कमी, मुंह में सफाई न होने, एसिड रिफ्लक्स, दवाइयं का सेवन करने, दांतों की समस्या होने और स्मोकिंग करने की आदत। मुंह के कड़वेपन से बचने के लिए इनमें से कुछ आदतों को सुधारा जा सकता है।
1. सोते समय लार कम बनने
सुबह उठने पर मुंह में कड़वापन महसूस होने के सबसे आसान कारणों में से एक है सोते समय लार का कम बनना। लार मुंह से खाने के कणों और बैक्टीरिया को साफ करने में मदद करती है। सोते समय लार का बनना नेचुरली कम हो जाता है, जिससे मुंह के ड्राई होने के साथ-साथ बैक्टीरिया और अन्य चीजें जमा हो सकती हैं। इससे मुंह का स्वाद खराब हो सकता है और सुबह मुंह से बदबू आ सकती है।
इसे भी पढ़ें: दांतों में फिलिंग कराने के बाद कैविटी वापस क्यों आ जाती है? डॉक्टर से जानें
2. नाक बंद होने की समस्या
नाक बंद होने, एलर्जी या अन्य कारणों से अगर व्यक्ति को रात में मुंह से सांस लेता है, तो मुंह ज्यादा ड्राई होने लगता है। मुंह से सांस लेने से यह और भी ड्राई हो सकता है, जिससे मुंह से बदबू आने के साथ-साथ कड़वाहट का एहसास और भी बढ़ सकता है।
ऐसे में सिर्फ मुंह के स्वाद पर ध्यान देने के बजाय यह देखना भी जरूरी है कि कहीं रात में नाक बंद रहती है या नींद के दौरान मुंह खुला रहता है। इससे बचने के लिए नाक से सांस लें।

3. डिहाइड्रेशन के कारण
शरीर पानी की कमी होने यानी डिहाइड्रेशन के कारण भी लोगों को मुंह के ड्राई महसूस होने की समस्या हो सकती है। इसके कारण भी लार बनने की प्रक्रिया और स्वाद महसूस करने की क्षमता में बदलाव आ सकता है। ऐसे में अगर सुबह उठते समय मुंह बहुत सूखा रहता है, तो दिनभर में पर्याप्त पानी पीने की आदत पर ध्यान देना फायदेमंद हो सकता है।
4. ओरल हाइजीन का ध्यान न रखना
दांतों की ठीक से सफाई न करने, मसूड़ों या दांतों से जुड़ी समस्या से परेशान लोगों को भी मुंह में स्वाद के प्रभावित होने की समस्या हो सकती है। रातभर मुंह में मौजूद बैक्टीरिया और खाने के छोटे-छोटे टुकड़े मुंह में जमा हो जाते हैं, जिनके कारण सुबह के समय कड़वा स्वाद महसूस हो सकता है। ऐसे में दांतों की सफाई का खास ध्यान रखें और ओरल हाइजीन को बनाए रखें।
5. एसिड रिफ्लक्स के कारण
सुबह उठने पर मुंह में कड़वापन महसूस होने की एक और संभावना एसिड रिफ्लक्स है। जब पेट की सामग्री ऊपर की ओर एसोफैगस (ग्रासनली) और कभी-कभी मुंह तक पहुंचती है, तो इससे खट्टा, एसिड जैसा या कड़वा स्वाद आ सकता है। ऐसा अक्सर सुबह महसूस हो सकता है, क्योंकि लंबे समय तक लेटे रहने से कुछ लोगों में रिफ्लक्स की समस्या बढ़ सकती है।
ध्यान रहे, अगर कड़वे स्वाद के साथ सीने में जलन या मुंह में खट्टापन महसूस होता है, तो रिफ्लक्स की समस्या हो सकती है। ऐसे में तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
इसे भी पढ़ें: दांतों में सड़न के शुरुआती लक्षण गलती से भी न करें नजरअंदाज, डॉक्टर से जानें कैसे करें पहचान
6. कुछ दवाइयों और सप्लीमेंट्स के कारण
कई बार कुछ दवाइयों या सप्लीमेंट के कारण भी स्वाद में बदलाव आ सकता है। अगर किसी नई दवा या सप्लीमेंट को शुरू करने के बाद लगातार मुंह का स्वाद बदल गया है या कड़वापन महसूस होता है, तो डॉक्टर सलाह लें। अपनी मर्जी से किसी जरूरी दवा को बंद नहीं करना चाहिए।
7. स्मोकिंग के कारण
स्मोकिंग मुंह की हेल्थ और इसके स्वाद को महसूस करने की क्षमता को प्रभावित कर सकती है। अगर कोई व्यक्ति स्मोकिंग करता है और उसे लगातार मुंह का स्वाद बदला हुआ या कड़वापन महसूस होता है, तो इस आदत को छोड़ना मुंह के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकता है।
Cleveland Clinic के अनुसार, डिहाइड्रेशन, मुंह के स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या, दवाइयों, नाक बंद होने, एसिड रिफलक्स, इंफेक्शन, स्मोकिंग और एजिंग जैसी समस्याओं के कारण मुंह में कड़वापन महसूस होने की समस्या हो सकती है।
मुंह के कड़वेपन से बचने के लिए क्या करें?
डॉ. अरविंद आगे कहते हैं, मुंह के कड़वेपन की समस्या का इलाज इसके कारण पर निर्भर करता है। इस समस्या से बचने के लिए मुंह की अच्छी सफाई, शरीर में पानी की सही मात्रा बनाए रखना, नाक बंद होने की समस्या का इलाज और अगर रिफ्लक्स की समस्या है, तो उसका इलाज करना। इन बातों का ध्यान रखने से इस समस्या से बचाव करने के साथ-साथ ओरल हाइजीन को बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
कब डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है?
डॉ. अरविंद बताते हैं, कभी-कभार सुबह कड़वा स्वाद आना और पानी पीने, ब्रश करने या नाश्ता करने के बाद ठीक हो जाना आमतौर पर चिंता की बात नहीं होती है, लेकिन अगर यह समस्या लगातार बनी रहती है या बार-बार होती है, तो इसके कारण का पता लगाना जरूरी है।
खासकर कड़वे स्वाद के साथ सीने में जलन, पेट की सामग्री का मुंह तक आने, निगलने में परेशानी, लगातार मुंह सूखने, दांत या मसूड़ों की समस्या और स्वाद में लगातार बदलाव हो, तो डॉक्टर या डेंटिस्ट से सलाह लेनी चाहिए।
निष्कर्ष
सुबह उठते ही मुंह में कड़वाहट महसूस होने की समस्या रात में लार का कम बनने, मुंह से सांस लेने, पानी की कमी होने, ओरल हाइजीन की समस्या, स्मोकिंग करने, कुछ दवाएं या सप्लीमेंट का सेवन करने और एसिड रिफ्लक्स जैसी समस्याओं के कारण हो सकती हैं। इस समस्या से बचने के लिए पर्याप्त पानी पीना, नियमित रूप से दांतों की सफाई करना और मुंह की सफाई का ध्यान रखना जरूरी है। अगर समस्या लगातार बनी रहे या दूसरे लक्षणों के साथ दिखाई दे और यह समस्या लगातार बनी रहे, तो सही कारण जानने के लिए डेंटिस्ट से सलाह जरूर लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
क्या लिवर की समस्या मुंह में कड़वा स्वाद पैदा कर सकती है?
कई बार लिवर से जुड़ी समस्या के कारण लोगों को मुंह में कड़वापन या कड़वा स्वाद आने की समस्या हो सकती है। ऐसा लिवर के ठीक से काम न कर पाने और शरीर में टॉक्सिन्स के जमा होने के कारण हो सकता है।मुंह की बदबू से राहत के लिए क्या करें?
मुंह की बदबू से राहत के लिए नियमित रूप से दिन में 2 बार ब्रश करें, जीभ को साफ रखें, दिनभर में पर्याप्त पानी पिएं और गुनगुने पानी से नमक के पानी से कुल्ला करें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 22, 2026 10:28 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr. Aravinda S N