जैसे-जैसे सर्दियां पास आती हैं, तापमान में बदलाव, सूखी हवा और प्रदूषण के संपर्क में ज्यादा आने से सांस लेने में तकलीफ हो सकती है, खासकर उन लोगों को जिन्हें अस्थमा, एलर्जी या सांस से जुड़ी दूसरी बीमारियां हैं। हालांकि, रातों-रात फेफड़ों को मजबूत करने का कोई एक तरीका नहीं है, लेकिन सांस से जुड़ी अच्छी सेहत बनाए रखने से फेफड़ों को ठीक से काम करने में मदद मिल सकती है। कुछ एक्सरसाइज और डाइट में कुछ बातों का ख्याल रखकर आप अपने फेफड़ों को मजबूत बना सकते हैं। जानते हैं इस बारे में Dr. Sunil Kumar K, Lead Consultant - Interventional Pulmonology, Aster CMI Hospital, Bangaluru
सर्दियां आने से पहले फेफड़ों को कैसे करें मजबूत?
Dr. Sunil Kumar K कहते हैं कि अगर आप अपनी लाइफस्टाइल में कुछ सुधार कर लें और इन टिप्स को फॉलो करें तो आपके फेफड़ों की कार्यक्षमता तो बेहतर होगी ही बल्कि, बीमारियों से भी आपका बचाव होगा जैसे-
1. फेफड़ों को मजबूत करने के लिए कौन सी एक्सरसाइज करें?
डॉ. सुनील कहते हैं कि तेज चलना, साइकिल चलाना या तैरना जैसी नियमित शारीरिक गतिविधियों से कार्डियोवैस्कुलर और सांस लेने की क्षमता में सुधार हो सकता है। इन एक्टिविटीज की मदद से हृदय की गति और सांस लेने की दर बेहतर होती है। इतना ही नहीं, विभिन्न अंगों में ब्लड और ऑक्सीजन का सर्कुलेशन बेहतर होता है।
इसे भी पढ़ें: कमजोर फेफड़ों के क्या लक्षण हैं? जानें फेफड़ों के इन्फेक्शन में क्या खाएं और क्या नहीं?
2. फेफड़ों को मजबूत करने के लिए क्या खाना चाहिए?
डॉ. सुनील कहते हैं कि शरीर में पानी की कमी न होने देना फेफड़ों की मजबूती के लिए बेहद जरूरी है क्योंकि इससे ब्लड और ऑक्सीजन का सर्कुलेशन सही रहता है। इसके अलावा डाइट में ढेर सारी सब्जियों और फलों को शामिल करना आपके फेफड़ों की मजबूती बढ़ाने में बेहद मददगार है। फेफड़ों की मजबूती के लिए डाइट में
- अदरक और लहसुन जैसे एंटी इंफ्लेमेटरी फूड्स को डाइट में शामिल करें। यह बलगम बनने से रोकने और इंफेक्शन से बचाव में मददगार है।
- विटामिन सी से भरपूर फल और सब्जियों को खाएं जैसे संतरा, नींबू और मौसमी जो फेफड़ों के टिशूज को हेल्दी रखने में मददगार है।
- हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पालक, मेथी और ब्रोकली खाएं जो कि मैग्नीशियम से भरपूर होते हैं और सांस लेने की क्षमता बढ़ाते हैं।
- हल्दी का सेवन करें जिसका करक्यूमिन फेफड़ों की सूजन को कम करता है
- अजवाइन की चाय पिएं जो कि ब्रोंकियल ट्यूब्स को खोलने में मददगार है।
इन सबके अलावा मेडिकल जर्नल Annals of the American Thoracic Society में बताया गया है कि अधिक मात्रा में डाइटरी फाइबर का सेवन करने वाले लोगों में फेफड़ों की कार्यक्षमता (Lung Function) सबसे अच्छी पाई गई और उनके फेफड़े सामान्य रूप से काम करने की संभावना अधिक थी इसलिए डाइट में फाइबर से भरपूर फूड्स को शामिल करें।
mn (26)
3. पूरी नींद लें और स्मोकिंग से दूर रहें
डॉ. सुनील कहते हैं कि अगर आपको हेल्दी रहना है और फेफड़ों को हेल्दी रखना है तो तनाव को मैनेज करना सीखें और हर रात एक शांत और पूरी नींद लें। इसके अलावा धूम्रपान और सेकंड-हैंड स्मोक से बचें क्योंकि यह COPD की समस्या का कारण बन सकते हैं। इसके अलावा जिन लोगों को पहले से ही फेफड़ों की कोई बीमारी है, उन्हें अपनी बताई गई दवाएं लेते रहना चाहिए और डॉक्टर की सलाह माननी चाहिए।
इसे भी पढ़ें: रोज गरारे करने से सर्दी-जुकाम सही हो सकता है? डॉक्टर से जानें कब एंटीबायोटिक्स हैं जरूरी
प्रदूषण और धुंध से फेफड़ों को कैसे बचाएं?
सर्दियों में हवा का प्रदूषण एक और चिंता का विषय बन सकता है। हवा में मौजूद बारीक कण सांस की नली में गहराई तक जा सकते हैं और खांसी, घरघराहट और सांस लेने में तकलीफ जैसी समस्याओं को बढ़ा सकते हैं। घर के बाहर एक्सरसाइज करने से पहले स्थानीय एयर-क्वालिटी इंडेक्स (AQI) की जांच करना फायदेमंद हो सकता है, खासकर उन दिनों में जब प्रदूषण का स्तर अधिक हो। अगर हवा की गुणवत्ता खराब है, तो घर के अंदर एक्सरसाइज करने या दिन के ऐसे समय को चुनने पर विचार करें जब प्रदूषण कम हो।
प्रदूषण अधिक होने पर अच्छी तरह फिट होने वाला और अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क पहनने से भी हवा में मौजूद कणों के संपर्क में आने से बचा जा सकता है। घर के अंदर हवा के आवागमन (वेंटिलेशन) का उचित प्रबंध करना और प्रदूषण के गंभीर स्तर के दौरान बाहर के प्रदूषण के संपर्क में आने से बचना मददगार हो सकता है।
निष्कर्ष:
सांस से जुड़ी लगातार बनी रहने वाली समस्याओं को नजरअंदाज न करना भी महत्वपूर्ण है। कई हफ्तों तक रहने वाली खांसी, बार-बार घरघराहट, बिना किसी स्पष्ट कारण के सांस लेने में तकलीफ, सीने में जकड़न या बार-बार सांस के संक्रमण जैसी समस्याओं को केवल मौसमी परेशानी मानकर टालने के बजाय डॉक्टर से जांच करवानी चाहिए। अस्थमा या फेफड़ों की पुरानी बीमारी वाले लोगों को लक्षणों के बिगड़ने से पहले ही सर्दियों में बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में अपने डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
उम्र, स्वास्थ्य स्थितियों और स्थानीय दिशानिर्देशों के आधार पर कुछ लोगों के लिए टीकाकरण की सलाह भी दी जा सकती है। इसका मकसद फेफड़ों को तुरंत डिटॉक्स करना नहीं, बल्कि एक्सरसाइज, स्वच्छ हवा, स्वस्थ आदतों और समय पर चिकित्सा देखभाल के माध्यम से फेफड़ों की लगातार सुरक्षा करना है।
FAQ
किस विटामिन की कमी से फेफड़े कमजोर हो सकते हैं?
विटामिन डी और सी की कमी से आपके फेफड़े कमजोर हो सकते हैं इसलिए अपनी डाइट में इन 2 विटामिन से भरपूर चीजों को शामिल करें।फेफड़ों के लिए सुबह क्या खाना चाहिए?
फेफड़ों के लिए सुबह अजवाइन का पानी और ग्रीन टी पिएं। यह फेफड़ों को मजबूती देने के साथ डिटॉक्सीफाई करने में मदद करते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 14, 2026 21:13 IST
Published By : Pallavi Kumari
Reviewed By : Dr Sunil Kumar K
-1791992490944.webp)