क्या आपको कभी बिना कुछ खाए-पिए भी गले में ऐसा महसूस हुआ है जैसे कोई चीज अटक गई हो? कई लोगों को गले में गांठ, कुछ फंसा होने या दबाव जैसा एहसास होता है। इसके कारण बार-बार गला साफ करने का मन करता है और व्यक्ति पानी पीकर या निगलकर यह समझने की कोशिश करता है कि शायद कुछ फंसा हुआ है। KIMS हॉस्पिटल्स, महादेवपुरा बेंगलुरु के लीड और सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज के अनुसार, इस शिकायत के पीछे कई संभावित कारण हो सकते हैं और लक्षणों के साथ मौजूद दूसरी परेशानियों पर ध्यान देना जरूरी है। अगर यह समस्या लंबे समय से बनी हुई है या इसके साथ निगलने में दिक्कत, दर्द, आवाज में बदलाव या वजन कम होने जैसे लक्षण हैं, तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।
गले में कुछ अटकने जैसा क्यों लगता है?
प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज के अनुसार, गले में अटकने का एहसास कई अलग-अलग कारणों से हो सकता है। कुछ मामलों में एसिड रिफ्लक्स, गले में ड्राईनेस या एलर्जी जिम्मेदार हो सकती है, जबकि तनाव और चिंता भी इस एहसास को बढ़ा सकते हैं। प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज के अनुसार, लगातार बनी रहने वाली शिकायत को नजरअंदाज करने के बजाय इसके पीछे के कारण को समझना जरूरी है।
1. एसिड रिफ्लक्स
प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज बताते हैं कि पेट का एसिड ऊपर की ओर आकर भोजन नली और गले के हिस्से को प्रभावित कर सकता है। कुछ लोगों में इसके कारण सीने में जलन के बजाय गले में कुछ अटका हुआ महसूस हो सकता है। अगर गले में अटकने के साथ खट्टी डकार, गले में जलन, बार-बार खांसी या मुंह में खट्टा स्वाद आने जैसी समस्या भी हो, तो रिफ्लक्स एक संभावित कारण हो सकता है।
2. एलर्जी या पोस्ट नेजल ड्रिप
एलर्जी या सर्दी-जुकाम के दौरान नाक से निकलने वाला म्यूकस पीछे की ओर गले में जा सकता है, जिसे पोस्ट नेजल ड्रिप कहा जाता है। इससे गले में कुछ जमा होने, बार-बार गला साफ करने या खांसी जैसी शिकायत हो सकती है। अगर यह समस्या मौसम बदलने, धूल या किसी खास जगह पर जाने के बाद बढ़ती है, तो एलर्जी की संभावना पर डॉक्टर से सलाह ली जा सकती है।
इसे भी पढ़ें: सुबह उठते ही गले में कफ जमा क्यों रहता है? डॉक्टर से जानें कौन से कारण हो सकते हैं जिम्मेदार
feeling something stuck in throat causes
3. गले की सूजन या इंफेक्शन
प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज के अनुसार, गले में इंफेक्शन, टॉन्सिल की सूजन की समस्या होने पर भी निगलते समय कुछ अटकने या दर्द जैसा महसूस हो सकता है। आमतौर पर इसके साथ गले में दर्द, बुखार, खांसी या आवाज में बदलाव जैसे लक्षण भी हो सकते हैं। ऐसी स्थिति में कारण के अनुसार इलाज जरूरी होता है। खुद से एंटीबायोटिक लेना सही नहीं है।
4. गले में ड्राईनेस और पानी की कमी
प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज बताते हैं कि गला सूखने पर निगलते समय असहजता या कुछ फंसा हुआ महसूस हो सकता है। कम पानी पीना, बहुत ज्यादा चाय-कॉफी लेना, लंबे समय तक एसी में रहना या मुंह से सांस लेने की आदत गले में ड्राईनेस बढ़ा सकती है। पर्याप्त पानी पीना और वातावरण में नमी बनाए रखना कुछ लोगों में इस तरह की परेशानी कम करने में मदद कर सकता है।
साल 2024 में Cleveland Clinic में प्रकाशित जानकारी के अनुसार-
- ग्लोबस सेंसेशन (गले में कुछ फंसा होने का अहसास) का कोई एक निश्चित इलाज नहीं है, बल्कि इसका इलाज इसके असली कारण के आधार पर किया जाता है।
- डॉक्टर एसिडिटी के लिए पीपीआई दवाएं, एलर्जी के लिए नेजल स्प्रे या गले की मसल्स को आराम देने के लिए स्पीच थेरेपी की सलाह दे सकते हैं।
- चूंकि यह समस्या तनाव, चिंता या अन्य भावनाओं से भी जुड़ी हो सकती है, इसलिए एंटीडिप्रेसेंट दवाएं और मेडिटेशन भी इससे राहत दिलाने में बहुत मददगार साबित होते हैं।
- यदि आपको यह लक्षण लंबे समय तक परेशान कर रहे हैं, तो किसी एक्सपर्ट डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
कब डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है?
प्रोफेसर डॉ. एस.एम. फयाज सलाह देते हैं कि अगर गले में अटकने का एहसास लंबे समय तक बना रहे या धीरे-धीरे बढ़ता जाए, तो डॉक्टर से जांच करानी चाहिए। खासकर निगलने में समस्या, खाना या पानी निगलते समय दर्द, बार-बार खाना फंसना, बिना वजह वजन कम होना, लगातार आवाज बैठना, खून आना या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण हों तो जल्द डॉक्टर सलाह लें।
इसे भी पढ़ें: बार-बार बैठ जाती है आवाज? इसे सामान्य गले की थकान न समझें, डॉक्टर से जानें 5 कारण
निष्कर्ष
बिना कुछ खाए भी गले में कुछ अटकने जैसा महसूस होना हमेशा गले में किसी चीज के फंसने का संकेत नहीं होता। एसिड रिफ्लक्स, गले की ड्राईनेस, एलर्जी, पोस्ट नेजल ड्रिप, इंफेक्शन इसके संभावित कारण हो सकते हैं। अगर यह एहसास कभी-कभार होता है तो इसके साथ मौजूद अन्य लक्षणों पर ध्यान दें, लेकिन समस्या लगातार बनी रहे या निगलने और सांस लेने में परेशानी होने लगे तो ईएनटी एक्सपर्ट डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या गले में गांठ महसूस होना थायरॉइड की समस्या है?
गले में गांठ या कुछ अटका होने का एहसास कई कारणों से हो सकता है। केवल इस लक्षण से थायराइड की समस्या मान लेना सही नहीं है।गले में कुछ अटका लगे तो क्या बार-बार पानी पीना चाहिए?
पानी पीना गले को नम रखने में मदद कर सकता है, लेकिन लगातार पानी पीते रहने से असली कारण का इलाज नहीं होता। अगर शिकायत बनी रहे तो डॉक्टर से सलाह लें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 25, 2026 17:54 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Prof Dr S M Fayaz
