चक्कर आना एक आम समस्या लग सकती है, लेकिन अगर इसके साथ सुनने में परेशानी या कान भरा-भरा महसूस हो, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कई बार ऐसे लक्षण अंदरूनी कान से जुड़ी समस्या या वर्टिगो की ओर इशारा कर सकते हैं। KIMS हॉस्पिटल्स, बेंगलुरु के ENT और कॉक्लियर इम्प्लांट्स विभाग के लीड और सीनियर कंसल्टेंट, डॉ. रोहित उदय प्रसाद के अनुसार, चक्कर की समस्या को समझने के लिए यह देखना जरूरी है कि वह कब शुरू होता है, कितनी देर रहता है और उसके साथ कौन-कौन से लक्षण मौजूद हैं। वर्टिगो में व्यक्ति को आस-पास की चीजें घूमती हुई या खुद के घूमने जैसा महसूस हो सकता है।
वर्टिगो के लक्षण क्या होते हैं?
डॉ. रोहित उदय प्रसाद के अनुसार, वर्टिगो ऐसी स्थिति है जिसमें व्यक्ति को ऐसा महसूस होता है कि वह खुद घूम रहा है या उसके आस-पास की चीजें घूम रही हैं। सामान्य चक्कर में कमजोरी, लो ब्लड प्रेशर या लंबे समय तक भूखे रहने जैसी वजहें हो सकती हैं, जबकि वर्टिगो अक्सर शरीर के बैलेंस से जुड़े सिस्टम में गड़बड़ी के कारण होता है। कान से जुड़ी कुछ समस्याओं में चक्कर के साथ सुनने से जुड़े लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।
- कुछ लक्षण ऐसे हैं जिन्हें चक्कर के साथ नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इनमें अचानक सुनाई कम देना, कान में तेज या लगातार आवाज आना, कान में दबाव महसूस होना, बार-बार घूमने जैसा चक्कर आना और चक्कर के कारण चलने या खड़े होने में परेशानी शामिल है।
- अगर चक्कर के साथ तेज सिरदर्द, बोलने में दिक्कत या शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी, देखने में परेशानी या बेहोशी जैसे लक्षण भी हों, तो यह गंभीर स्थिति का संकेत हो सकता है। ऐसे में तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
- अगर चक्कर आने के साथ अचानक या धीरे-धीरे सुनने की क्षमता कम हो रही है, तो इसे केवल सामान्य कमजोरी समझकर टालना सही नहीं है।
- खासकर जब सुनने में परेशानी एक कान में ज्यादा महसूस हो, कान में दबाव या भारीपन लगे या आवाज साफ सुनाई न दे, तो ईएनटी डॉक्टर से चेकअप करवाना चाहिए।
- कुछ स्थितियों में कान में मौजूद बैलेंस और सुनने से जुड़े हिस्से प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे मामलों में चक्कर के साथ कान संबंधी लक्षण भी दिखाई दे सकते हैं।
- वर्टिगो के साथ कान में सीटी, घंटी या भनभनाहट जैसी आवाज सुनाई देने जैसे संकेत हो सकते है, जिसे टिनिटस कहा जाता है।
- अगर किसी व्यक्ति को बार-बार चक्कर आते हैं और इसके साथ कान में लगातार आवाज सुनाई देती है, तो इसकी वजह जानने के लिए एक्सपर्ट से सलाह लेना जरूरी है।
- हर व्यक्ति में वर्टिगो के शुरुआती संकेत (Early warning signs of vertigo) एक जैसे नहीं होते। किसी को चक्कर के साथ सुनने में कमी महसूस हो सकती है, तो किसी को कान में दबाव या आवाज सुनाई दे सकती है।
साल 2008 में Deutsches Arzteblatt International जर्नल में प्रकाशित रिव्यू के अनुसार, चक्कर आने में सिर्फ वर्टिगो कोई अकेली बीमारी नहीं है, बल्कि कई कारणों से होने वाली एक आम समस्या है, जिससे जीवनकाल में 20 से 30 प्रतिशत लोग प्रभावित होते हैं। सही इलाज के लिए मरीज की मेडिकल हिस्ट्री की पूरी जानकारी होना सबसे जरूरी है। एक बार सही कारण का पता चल जाने पर, वर्टिगो के अधिकांश मामलों का इलाज दवा, फिजियोथेरेपी या काउंसलिंग से किया जा सकता है।
Vertigo Warning Signs
इसे भी पढ़ें: Ear Health: सावधान! तेज आवाज में ईयरफोन सुनना कर सकता है बहरा, जानें कानों को कैसे बचाएं
वर्टिगो का कारण जानने के लिए चेकअप
डॉ. रोहित उदय प्रसाद के अनुसार, चक्कर का सही कारण पता लगाने के लिए डॉक्टर मरीज के लक्षणों के समय, चक्कर किस स्थिति में शुरू होता है और इसके साथ कान या अन्य लक्षण हैं या नहीं, इसकी जानकारी लेते हैं। जरूरत पड़ने पर सुनने की जांच और बैलेंस से संबंधित टेस्ट किए जा सकते हैं। इलाज भी कारण के अनुसार अलग-अलग हो सकता है। इसलिए बार-बार होने वाले चक्कर में खुद से दवा लेना या इसे केवल कमजोरी मानकर छोड़ देना सही नहीं है।
इसे भी पढ़ें: क्या आप भी शेयर करते हैं ईयरफोन? डॉक्टर से जानें इसके नुकसान
निष्कर्ष
चक्कर आने के साथ सुनने में परेशानी, कान में आवाज या कान भरा-भरा महसूस होना शरीर की ओर से मिलने वाला जरूरी संकेत हो सकता है। ईएनटी एक्सपर्ट डॉ. रोहित उदय प्रसाद के अनुसार, ऐसे लक्षणों को समझकर समय पर चेकअप कराना जरूरी है। खासकर अचानक सुनाई कम होने या चक्कर के साथ न्यूरोलॉजिकल लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। हर चक्कर वर्टिगो नहीं होता, इसलिए सही कारण की पहचान के बाद ही सही इलाज किया जाना चाहिए।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या वर्टिगो में चलने में परेशानी होती है?
वर्टिगो में बैलेंस प्रभावित होने के कारण कुछ लोगों को चलते समय अस्थिरता या लड़खड़ाने जैसा महसूस हो सकता है।चक्कर की समस्या में किस डॉक्टर को दिखाना चाहिए?
अगर चक्कर के साथ कान में आवाज, सुनने में बदलाव या कान से जुड़ी परेशानी है, तो ईएनटी एक्सपर्ट से सलाह ली जा सकती है। जरूरत के अनुसार डॉक्टर अन्य एक्सपर्ट की सलाह भी दे सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 07, 2026 18:36 IST
Modified By : Akanksha Tiwari Oct 07, 2026 18:36 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Rohit Udaya Prasad
