Fri Sep 11, 2026 | 06:51 PM IST

Medically Reviewed by Dr Akshay Chugh

एक्सरसाइज के बाद अचानक चक्कर या कमजोरी महसूस होती है? जानें कब यह नॉर्मल है और कब खतरे का संकेत?

एक्सरसाइज के बाद हल्का चक्कर आना या कमजोरी महसूस होना नॉर्मल बात हो सकती है, लेकिन कुछ लक्षण गंभीर स्वास्थ्य समस्या का संकेत भी देते हैं। आइए इस लेख में डॉक्टर से जानते हैं इस बारे में। 

वर्कआउट के दौरान या उसके तुरंत बाद हल्का पसीना आना और थकान महसूस होना काफी आम होता है। हालांकि, कई बार अचानक तेज चक्कर आना या कमजोरी महसूस होना परेशानी का कारण बन जाता है। अक्सर ऐसा शरीर में पानी की कमी, लो ब्लड प्रेशर या बहुत ज्यादा भारी कसरत करने के कारण होता है। ऐसे में यह जानना बहुत जरूरी है कि यह स्थिति कब एक नॉर्मल शारीरिक प्रतिक्रिया है और कब किसी अंदरूनी स्वास्थ्य समस्या का संकेत? आइए इस लेख में Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida से जानते हैं।

एक्सरसाइज के बाद अचानक चक्कर क्यों आता है?

Dr. Akshay Chugh का कहना है कि एक्सरसाइज के दौरान या उसके तुरंत बाद हल्का चक्कर आना या कमजोरी महसूस होना बहुत आम बात है, लेकिन इसे हर बार मामूली मानकर नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है। जब आप एक्सरसाइज करते हैं तो आपकी मांसपेशियां तेजी से काम करती हैं, ऐसे में उन्हें ज्यादा ऑक्सीजन और एनर्जी की जरूरत होती है। दिल तेजी से धड़कता है और ब्लड का फ्लो मांसपेशियों की तरफ बढ़ जाता है। हालांकि, जैसे ही आप अचानक रुकते हैं तो शरीर को नॉर्मल स्थिति में आने में थोड़ा समय लगता है। इसी प्रक्रिया के दौरान चक्कर या कमजोरी का एहसास होता है।

साल 2025 में BMC Public Health में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, एक्सरसाइज करने और शारीरिक रूप से एक्टिव रहने से चक्कर आने की समस्या कम हो जाती है क्योंकि इससे शरीर में खून और ऑक्सीजन का फ्लो बेहतर होता है, जिससे दिमाग को पर्याप्त मात्रा में एनर्जी मिलती है। यह न सिर्फ शरीर के संतुलन बनाने की क्षमता को सुधारता है, बल्कि मानसिक तनाव और एंग्जायटी को कम करने वाले एंडोर्फिन जैसे हार्मोन भी रिलीज करता है, जो मनोवैज्ञानिक कारणों से जुड़ा होता है।

इसे भी पढ़ें: घंटों एक्सरसाइज के बाद भी शरीर में नहीं द‍िख रहा बदलाव? डॉक्टर से जानें इसकी 5 बड़ी वजहें

एक्सरसाइज के बाद चक्कर आना कब नॉर्मल है?

Dr. Akshay Chugh के अनुसार, ज्यादातर मामलों में एक्सरसाइज के बाद चक्कर या कमजोरी महसूस होने का कारण लाइफस्टाइल और वर्कआउट से जुड़ी गलत आदतें होती हैं। इसलिए, अगर चक्कर आने के ये कारण हैं तो चिंता की कोई बात नहीं-

  • डिहाइड्रेशन- पसीने के जरिए शरीर से पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स बाहर निकल जाते हैं। पानी की कमी से ब्लड प्रेशर हल्का गिर जाता है, जिससे चक्कर आते हैं।
  • लो ब्लड शुगर- अगर आप बिना कुछ खाए या बहुत लंबे समय के बाद हैवी वर्कआउट करते हैं, तो शरीर में ग्लूकोज का लेवल गिर जाता है। साथ ही दिमाग को तुरंत फ्यूल न मिलने के कारण कमजोरी और सिर घूमने जैसा महसूस होता है।
  • अचानक रुक जाना- हैवी रनिंग या लिफ्टिंग के तुरंत बाद एकदम से रुक जाना या बैठ जाने पर भी चक्कर या कमजोरी महसूस हो सकती है। इसे ब्रेन एनीमिया या ब्लड पूलिंग कहते हैं। इस स्थिति में पैरों की नसों में खून जमा रह जाता है और दिमाग तक अचानक ब्लड फ्लो कम हो जाता है।
  • सांस रोकने की गलती- भारी वजन उठाते समय कई लोग गलती से अपनी सांस रोक लेते हैं। इससे सीने पर प्रेशर बढ़ता है और दिमाग तक खून का दौरा पल भर के लिए कम हो जाता है।

Dizziness-and-Weakness-After-Workout-inside

एक्सरसाइज के बाद चक्कर आना कब चेतावनी संकेत है?

Dr. Akshay Chugh के मुताबिक, अगर वर्कआउट के बाद कमजोरी या चक्कर के साथ ये लक्षण महसूस हों तो इसे भूलकर भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इनमें शामिल हैं-

  1. सीने में जकड़न, दर्द या भारीपन: चक्कर आने के साथ अगर छाती, बाएं हाथ, गर्दन या जबड़े में दर्द या प्रेशर महसूस हो तो यह दिल से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है।
  2. सांस लेने में ज्यादा तकलीफ होना: एक्सरसाइज खत्म होने के 10 से 15 मिनट बाद भी अगर आपकी सांस नॉर्मल न हो रही हो और चक्कर आ रहे हों तो भी यह गंभीर समस्या हो सकती है।
  3. अचानक बेहोश हो जाना: अगर आप वर्कआउट के दौरान या बाद में बेहोश होकर गिर जाते हैं, तो भी यह गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है।
  4. दिखने या बोलने में समस्या: एक्सरसाइज के बाद चक्कर आने के साथ अगर देखने या बोलने में लटपटाहट महसूस हो तो यह न्यूरोलॉजिकल समस्या का संकेत हो सकता है।
  5. ठंडा पसीना आना: बिना किसी गर्मी के अचानक शरीर से ठंडा पसीना छूटना और पल्स रेट का बहुत ज्यादा बढ़ना या धीमा हो जाना भी गंभीर समस्या हो सकती है।
  6. ज्यादा लो ब्लड प्रेशर या एनीमिया: अगर आपके शरीर में हीमोग्लोबिन बहुत कम है तो वर्कआउट के दौरान ऑक्सीजन की कमी पूरी नहीं हो पाती है।

Dr. Akshay Chugh कहते हैं कि अगर आपको एक्सरसाइज के बाद चक्कर आने के साथ इनमें से कोई भी लक्षण दिखता है तो तुरंत वर्कआउट करना बंद कर दें या फिजिशियन से कंसल्ट करें।

इसे भी पढ़ें: रेगुलर एक्सरसाइज करने के बाद भी बढ़ जाता है ब्लड प्रेशर? डॉक्टर से जानें इसके कारण

एक्सरसाइज के बाद चक्कर आने से बचने के उपाय

Dr. Akshay Chugh के अनुसार, अगर आप एक्सरसाइज या वर्कआउट के बाद तरोताजा महसूस करना चाहते हैं तो इन बातों का ध्यान रखें-

  1. हाइड्रेटेड रहें: वर्कआउट से 30 मिनट पहले एक गिलास पानी पिएं। हैवी वर्कआउट के दौरान शरीर को एनर्जी देने के लिए बीच-बीच में नारियल पानी या इलेक्ट्रोलाइट्स पीते रहें।
  2. खाली पेट हैवी वर्कआउट से बचें: जिम जाकर वर्कआउट करने वाले लोग 45 मिनट पहले एक केला, 2 खजूर या ओट्स जैसी हल्की कार्बोहाइड्रेट वाली चीजें जरूर खाएं।
  3. कूल-डाउन कभी न छोड़ें: वर्कआउट खत्म करने के बाद 5 से 7 मिनट तक धीमी वॉक करें और हल्की स्ट्रेचिंग करें। इससे ब्लड सर्कुलेशन धीरे-धीरे सामान्य होता है।
  4. सही तरीके से सांस लें: वर्कआउट के दौरान वजन उठाते समय कभी भी सांस न रोकें। जोर लगाते समय सांस बाहर छोड़ें और वापस नीते लाते समय सांस अंदर की ओर खींचें।
  5. धीरे-धीरे इंटेंसिटी बढ़ाएं: अगर आप एक्सरसाइज की शुरुआत कर रहे हैं, तो पहले ही दिन हैवी वेट या तेज रनिंग करने से बचें। अपने शरीर को एक्सरसाइज के लिए ढालने का समय दें।

निष्कर्ष

Dr. Akshay Chugh का कहना है कि एक्सरसाइज करना आपके स्वास्थ्य के लिए सबसे अच्छा माना जाता है, लेकिन अपने शरीर की चेतावनी संकेतों को नजरअंदाज न करें। हल्की थकान एवं डिहाइड्रेशन के कारण आने वाला चक्कर पानी पीने और आराम करने से ठीक हो जाता है, लेकिन अगर चक्कर के साथ सीने में भारीपन, सांस फूलना या बेहोशी जैसी स्थिति बनती है तो इन स्थितियों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
Image Credit: Freepik

FAQ

  • एक्सरसाइज के बाद अचानक चक्कर आए तो तुरंत क्या करना चाहिए?

    एक्सरसाइज के बाद अचानक चक्कर आए तो तुरंत वर्कआउट करना बंद करें और किसी सुरक्षित जगह पर बैठ जाएं। इसके बाद अपने पैरों को ऊपर उठाएं ताकि दिमाग तक ब्लड फ्लो सही हो सके। साथ ही धीरे-धीरे घूंट-घूंट करके पानी या इलेक्ट्रोलाइट पिएं।
  • वर्कआउट के दौरान कमजोरी और चक्कर आने से कैसे बचें?

    वर्कआउट के दौरान कमजोरी और चक्कर आने से बचने के लिए अचानक हैवी एक्सरसाइज शुरू न करें और न ही एकदम से रुकें। इसके साथ ही वर्कआउट शुरू करने से पहले और दौरान पानी जरूर पिएं और खाली पेट वर्कआउट करने से बचें।

Read Next

बार-बार गैस बनने से हैं परेशान? एक्सपर्ट से जानें 4 आसान एक्सरसाइज, जो दिला सकती हैं राहत

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

कात्यायनी तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज चैनल से की और बाद में डिजिटल मीडिया में हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर काम करना शुरू किया। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं।वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, आयुर्वेद, योग, स्किन हेल्थ और प्रेग्नेंसी जैसे विषयों पर लिखती हैं। उनका प्रयास रहता है कि ताजा रिसर्च, विशेषज्ञ डॉक्टरों की राय और प्रमाणित स्रोतों के आधार पर सही स्वास्थ्य जानकारी सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचे। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है।OnlyMyHealth से पहले वह Jantantra TV और Boldsky के साथ काम कर चुकी हैं।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Aug 12, 2026 15:43 IST

    Modified By : Katyayani Tiwari
  • Aug 12, 2026 15:43 IST

    Published By : Katyayani Tiwari
    Reviewed By : Dr Akshay Chugh

Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content
Medically reviewed content
200+ medical reviewers in network
17 Years of Trusted Health Content