यह तो आपने सुना होगा कि नियमित रूप से एक्सरसाइज करना चाहिए। यह हार्ट हेल्थ के लिए बहुत जरूरी होता है। इससे ब्लड सर्कुलेशन में सुधार होता है, जिससे ब्लड प्रेशर सामान्य बना रहता है। यह हार्ट हेल्थ के लिए भी अच्छा माना जाता है। हालांकि, कई बार आपने देखा होगा कि रेगुलर एक्सरसाइज करने के बावजूद कुछ लोगों का ब्लड प्रेशर हाई रहता है। ऐसे में सवाल उठता है कि ऐसा क्यों होता है? आइए, जानते हैं Dr. Deebanshu Gupta, Consultant Interventional Cardiologist, Sarvodaya Hospital, Jalandhar से।
रेगुलर एक्सरसाइज करने के बाद ब्लड प्रेशर बढ़ने का कारण
-1784637378045.jpg)
ध्यान रखें कि एक्सरसाइज के दौरान ब्लड प्रेशर का बढ़ना पूरी तरह सामान्य है। ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि इस समय मांसपेशियों को ज्यादा ऑक्सीजन की जरूरत होती है। हालांकि, कुछ लोगों में नियमित रूप से वर्कआउट करने के बावजूद हाई बीपी की समस्या रहती है। इसके कई कारण हो सकते हैं, जैसे-
खराब डाइट
सिर्फ एक्सरसाइज की मदद से आप ब्लड प्रेशर को बढ़ने से नहीं रोक सकते हैं। अगर आप उन लोगों में से हैं, जो रेगुलर खराब डाइट लेते हैं, नमक का सेवन अधिक मात्रा में करते हैं, प्रोसेस्ड और जंक फूड डाइट का अभिन्न हिस्सा हैं, तो ये सभी चीजें ब्लड प्रेशर को बढ़ाने में योगदान देती हैं। Harvard Health Publishing की मानें, तो बहुत अधिक नमक के रूप में सोडियम का सेवन करने से यह शरीर में पानी को रोक कर रखता है। ऐसे में रक्त वाहिकाओं में खून की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे उस पर ज्यादा दबाव बनता है और हार्ट को ब्लड पंप करने के लिए अतिरिक्त मेहनत करनी पड़ती है।
इसे भी पढ़ें: हार्ट अटैक में CPR देना सही है या गलत? डॉक्टर ने बताया किन परिस्थितियों में होती है इसकी जरूरत
बढ़ता तनाव
आपको लग सकता है कि तनाव का ब्लड प्रेशर से क्या संबंध है? Mayo Clinic की मानें, तो इन दोनों का आपस में गहरा संबंध है। इसके अनुसार, तनाव के दौरान शरीर में हार्मोन्स का स्तर अचानक बढ़ जाता है, जिससे दिल की धड़कन तेज हो जाती है और ब्लड वेसल्स सिकुड़ जाती हैं। निश्चित रूप से जब ब्लड वेसल्स सिकुड़ जाती हैं, तो ऐसे में ब्लड फ्लो पर असर पड़ता है। अगर तनाव लंबे समय तक बना रहता है, तो इसकी वजह से हाई बीपी की समस्या हो सकती है। हालांकि, एक्सपर्ट स्पष्ट करते हैं कि तनाव को सीधे-सीधे तौर पर हाई बीपी बढ़ाने का कारण नहीं समझा जा सकता है, लेकिन तनाव में कई ऐसी अस्वस्थ आदतें अपनाई जाती हैं, जो किब्लड प्रेशर बढ़ा सकती हैं। साथ ही दिल के दौरे और स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ जाता है।
पूरी नींद न लेना
-1784637390544.jpg)
अगर आप उन लोगों में से हैं, जो अक्सर रात को पूरी नींद नहीं लेते हैं, तो जरा सतर्क हो जाएं। ऐसे लोगों में एक्सरसाइज के बावजूद हाई बीपी की समस्या बढ़ सकती है। विशेषकर, ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एप्निया मेडिकल कंडीशन की वजह से यह समस्या देखने को मिलती है। साल 2020 में Cureus Journal Of Medical Science में प्रकाशित साइंटिफिक रिव्यू पेपर के अनुसार, ऑब्सट्रक्टिव स्लीप एप्निया और हाई ब्लड प्रेशर के बीच गहरा संबंध है। इस समस्या के कारण रात में बार-बार ऑक्सीजन का स्तर गिरता है, जिससे शरीर का सिम्पेथेटिक नर्वस सिस्टम जरूरत से ज्यादा सक्रिय हो जाता है और ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है।
यह भी पढ़ें: क्या फिट लोगों को भी हार्ट अटैक आ सकता है? डॉक्टर से जानें इसके कारण
शराब का सेवन
कई लोग रोजाना शराब का सेवन करते हैं। यह बहुत बुरी आदत है। हालांकि शराब पीने वालों को लगता है कि नियमित रूप से एक्सरसाइज करने से उनके शराब में मौजूद टॉक्सिंस का प्रभाव उनके शरीर पर कम होगा। आपको बता दें कि ऐसा नहीं होता है। विशेषज्ञ एक बूंद शराब को भी स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हैं। असल में, जो लोग बहुत ज्यादा शराब पीते हैं, उनके शरीर में स्ट्रेस हार्मोन्स का स्तर बहुत ज्यादा बढ़ जाता है। इससे रक्त वाहिकाएं सख्त हो जाती हैं और दिल के सिग्नल बिगड़ने लगते हैं। ऐसे में ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है। इससे स्पष्ट है कि शराब का आपके दिल की सेहत पर बुरा असर पड़ता है।
आनुवंशिक कारण
-1784637409331.jpg)
कहने की जरूरत नहीं है कि अगर परिवार के नजदीकी लोगों में से किसी को हाई ब्लड प्रेशर की समस्या है, तो ऐसे में भावी पीढ़ी को होने की संभावना बहुत ज्यादा बढ़ जाती है। इस संबंध में साल 2025 में Hypertension Research में प्रकाशित वैज्ञानिक अध्ययन में इस बात की पुष्टि हुई है कि भले ही किसी व्यक्ति की जीवनशैली स्वस्थ हो, वह रोजाना एक्सरसाइज और अच्छी डाइट फॉलो करता है और उसके परिवार में पहले किसी को बीपी रहा हो, फिर भी यदि उसका जेनेटिक रिस्क स्कोर हाई है, तो उसमें बीपी होने की संभावना बढ़ जाती है।
इसे भी पढ़ें: Arterial Stiffness: धमनियां सख्त होने का क्या मतलब है? डॉक्टर से जानें ये दिल के लिए क्यों खतरनाक है
निष्कर्ष
हाई ब्लड प्रेशर एक तरह का साइलेंट किलर है। इसलिए, इसे कभी भी इग्नोर नहीं करना चाहिए। अगर आप उन लोगों में से हैं, जो नियमित रूप से वर्कआउट करते हैं, फिर भी ब्लड प्रेशर की समस्या से जूझ रहे हैं, तो बेहतर होगा कि आप अपने खान-पान और जीवनशैली की अन्य आदतों में भी सुधार करें। इसमें अच्छी और गहरी नींद लेना, हेल्दी डाइट लेना, वजन संतुलित रखना शामिल हैं। हां, एक्सरसाइज करना भी आवश्यक है। जरूरी हो, तो डॉक्टर से संपर्क कर अपनी जीवनशैली में आवश्यक बदलाव करें।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या एक्सरसाइज करने के बाद सही तरीके से कूल-डाउन न करने से भी बीपी अचानक बढ़ सकता है?
हां, वर्कआउट के तुरंत बाद अचानक रुक जाने से नसों में खून जमने लगता है, जिससे शरीर बीपी और हार्ट रेट को को तुरंत नियंत्रित नहीं कर पाती। ऐसे में बीपी बढ़ने का रिस्क रहता है।ओवरट्रेनिंग करने से हृदय और ब्लड प्रेशर पर क्या प्रभाव पड़ता है?
ओवरट्रेनिंग से शरीर में कॉर्टिसोल जैसे स्ट्रेस हार्मोन्स का स्तर लगातार बढ़ा रहता है, जिससे रेस्टिंग मोड में भी ब्लड प्रेशर हाई बना रहता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 21, 2026 18:07 IST
Modified By : Meera Tagore Jul 21, 2026 18:07 IST
Modified By : Meera TagoreJul 21, 2026 18:07 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Deebanshu Gupta