आजकल सिर भारी लगना, सिरदर्द और चक्कर जैसी समस्याएं बहुत आम हो गई हैं। कई लोग सुबह उठते ही सिर में भारीपन महसूस करते हैं, जबकि कुछ लोगों को दिनभर काम करते समय सिर भारी लगने लगता है। अक्सर इसे थकान, तनाव, नींद की कमी या ज्यादा स्क्रीन देखने का असर मान लिया जाता है लेकिन कई लोगों का सवाल होता है कि क्या बार-बार सिर भारी लगना ब्लड प्रेशर (BP) से जुड़ा हो सकता है? गुरुग्राम के पारस हेल्थ के कार्डियोलॉजी के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. विकास गोयल के अनुसार, सिर भारी लगना कभी-कभी हाई ब्लड प्रेशर यानी हाइपरटेंशन या लो ब्लड प्रेशर यानी हाइपोटेंशन का संकेत हो सकता है, लेकिन हर बार ऐसा होना जरूरी नहीं है।
बार-बार सिर भारी लगना क्या हाई ब्लड प्रेशर का संकेत है?
डॉक्टर विकास गोयल बताते हैं कि हाई ब्लड प्रेशर और लो ब्लड प्रेशर दोनों ही स्थितियों में सिर भारी लग सकता है। जब ब्लड प्रेशर बहुत ज्यादा बढ़ जाता है, तो कुछ लोगों को सिर के पीछे दर्द, भारीपन, चक्कर या धुंधला दिखाई देने जैसी शिकायत हो सकती है। वहीं, लो BP होने पर दिमाग तक पर्याप्त ब्लड नहीं पहुंचने के कारण कमजोरी, चक्कर और सिर हल्का या भारी महसूस हो सकता है। हालांकि, केवल सिर भारी लगने के आधार पर ब्लड प्रेशर की समस्या तय नहीं की जा सकती, क्योंकि इसके पीछे कई अन्य कारण भी हो सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: हाई ब्लड प्रेशर में विटामिन डी कैसे फायदेमंद है, जानें डॉक्टर से
- सिर भारी लगने की समस्या केवल ब्लड प्रेशर से ही जुड़ी नहीं होती। तनाव, चिंता, पर्याप्त नींद न लेना, डिहाइड्रेशन, माइग्रेन, साइनस इंफेक्शन, आंखों का नंबर बढ़ना, लंबे समय तक स्क्रीन देखने और गर्दन की मांसपेशियों में तनाव भी इसके सामान्य कारण हैं।
- इसके अलावा एनीमिया, ब्लड शुगर में उतार-चढ़ाव और कुछ दवाओं के साइड इफेक्ट भी सिर भारी होने का कारण बन सकते हैं।
- इसलिए बार-बार होने वाली इस समस्या का सही कारण जानने के लिए डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें: सोया बीन्स और दाल खाने वालों को हाई ब्लड प्रेशर का खतरा कम, नई स्टडी का दावा

सिर भारी होने पर क्या करना चाहिए?
डॉक्टर विकास गोयल बताते हैं कि यदि सिर भारी लगने का कारण लाइफस्टाइल से जुड़ा है, तो कुछ बदलाव काफी मददगार हो सकते हैं। रोजाना पर्याप्त पानी पिएं, बैलेंस डाइट लें, नमक का सेवन सीमित रखें, नियमित एक्सरसाइज करें और 7 से 8 घंटे की नींद जरूर लें। लंबे समय तक मोबाइल या लैपटॉप का उपयोग करने पर बीच-बीच में आंखों और गर्दन को आराम दें। यदि पहले से हाई या लो ब्लड प्रेशर की समस्या है, तो डॉक्टर द्वारा दी गई दवाएं नियमित रूप से लें और समय-समय पर ब्लड प्रेशर की जांच कराते रहें।
डॉक्टर की सलाह
डॉक्टर विकास गोयल के अनुसार, यदि सिर भारी लगने के साथ तेज सिरदर्द, धुंधला दिखाई देना, सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, हाथ-पैरों में कमजोरी, बोलने में समस्या, बार-बार उल्टी या बेहोशी जैसी समस्या हो, तो तुरंत अस्पताल जाना चाहिए। ये लक्षण हाई ब्लड प्रेशर, स्ट्रोक या अन्य गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्याओं का संकेत हो सकते हैं। वहीं, यदि सिर भारी लगने की शिकायत कई दिनों तक बनी रहे, तो भी डॉक्टर से सलाह लेकर ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और अन्य जरूरी चेकअप कराने चाहिए।
निष्कर्ष
बार-बार सिर भारी लगना कई कारणों से हो सकता है और ब्लड प्रेशर उनमें से एक संभावित कारण है। डॉक्टर विकास गोयल के अनुसार, केवल इस एक लक्षण के आधार पर ब्लड प्रेशर की समस्या मान लेना सही नहीं है। यदि यह परेशानी बार-बार हो रही है या इसके साथ अन्य गंभीर लक्षण भी दिखाई दे रहे हैं, तो बिना देरी किए डॉक्टर से संपर्क करें। समय पर जांच, सही इलाज और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाकर न केवल ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखा जा सकता है, बल्कि सिर भारी लगने जैसी समस्याओं से भी काफी हद तक बचाव किया जा सकता है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या लो बीपी से सिर भारी हो सकता है?
लो ब्लड प्रेशर होने पर कमजोरी, चक्कर और सिर हल्का या भारी महसूस हो सकता है।क्या तनाव से सिर भारी लगता है?
मानसिक तनाव और चिंता सिर में भारीपन और दबाव जैसी फीलिंग पैदा कर सकते हैं।बार-बार सिर भारी लगने के कारण क्या हैं?
तनाव, नींद की कमी, ब्लड प्रेशर की समस्या, डिहाइड्रेशन, माइग्रेन, साइनस और लंबे समय तक स्क्रीन देखने से यह परेशानी हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jun 29, 2026 18:13 IST
Modified By : Akanksha Tiwari Jun 29, 2026 18:13 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Vikash Goyal