Sat Oct 3, 2026 | 06:13 PM IST

Medically Reviewed by Dr Akshay Chugh

क्या आपको भी अक्सर होता है सिरदर्द? वजह कहीं पानी की कमी तो नहीं, जानिए कैसे पहचानें

खराब लाइफस्टाइल और पानी की कमी सिरदर्द का एक बड़ा कारण हो सकती है। डिहाइड्रेशन से दिमाग सिकुड़ता है, ब्लड फ्लो कम होता है और इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन होता है, जिससे सिरदर्द होता है। 
क्या आपको भी अक्सर होता है सिरदर्द? वजह कहीं पानी की कमी तो नहीं, जानिए कैसे पहचानेंक्या आपको भी अक्सर होता है सिरदर्द? वजह कहीं पानी की कमी तो नहीं, जानिए कैसे पहचानें

खराब लाइफस्टाइल और खान-पान से जुड़ी समस्याएं स्वास्थ्य से जुड़ी कई परेशानियों को बढ़ा सकते हैं। ऐसे में सिरदर्द होना भी एक आम समस्या है, जो रोजमर्रा के जीवन को प्रभावित करता है। सिरदर्द का एक बड़ा कारण शरीर में पानी की कमी भी हो सकता है। दरअसल, जब शरीर में पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं होता है, तो दिमाग अस्थायी रूप से सिकुड़ जाता है। डिहाइड्रेशन ब्लड प्रेशर और दिमाग तक ऑक्सीजन का फ्लो भी प्रभावित होता है, जो सिरदर्द को और बढ़ा सकता है। आइए इस लेख में Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida से जानते हैं कि पानी की कमी कैसे सिरदर्द का कारण बनती है?

डिहाइड्रेशन से सिरदर्द क्यों होता है?

Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि हमारा दिमाग लगभग 75% पानी से बना है। ऐसे में जब शरीर में पानी की कमी होती है, तो दिमाग की कार्यप्रणाली और बनावट पर सीधा असर पड़ता है। इसके कारण-

  1. दिमाग का सिकुड़ना- जब शरीर में पानी का लेवल कम होता है तो दिमाग के टिश्यू से लिक्विड बाहर निकलने लगता है। इससे दिमाग अस्थायी रूप से थोड़ा सिकुड़ जाता है और स्कैल्प की अंदरूनी झिल्ली से थोड़ा पीछे हट जाता है। इस खिंचाव के कारण सिर में दर्द वाले रिसेप्टर्स एक्टिव हो जाते हैं।
  2. ब्लड फ्लो और ऑक्सीजन की कमी- पानी की कमी से खून गाढ़ा हो जाता है। गाढ़े खून को दिमाग तक पहुंचाने के लिए ब्लड वेसल्स को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे सिर में भारीपन और दर्द महसूस होता है।
  3. इलेक्ट्रोलाइट्स का असंतुलन- जब शरीर से पानी के साथ-साथ सोडियम और पोटेशियम जैसे जरूरी मिनरल्स पसीने या पेशाब के जरिए बाहर निकल जाते हैं, तो दिमाग की नसें सेंसिटिव हो जाती हैं।

इसे भी पढ़ें: सिरदर्द के साथ चक्कर आने के क्या कारण हैं? जानें डॉक्टर से

क्या कहती है स्टडी?

साल 2021 में Current Pain and Headache Reports में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, पानी की कमी अपने आप में सिरदर्द पैदा कर सकती है। इसके अलावा, यह माइग्रेन और टेंशन टाइप सिरदर्द को भी ट्रिगर कर सकती है। शरीर में पानी की कमी होने पर दिमाग की सेंसिटिव झिल्लियों और ब्लड वेसल्स पर खिंचाव पड़ता है। साथ ही डिहाइड्रेशन से सेंट्रल नर्वस सिस्टम में दर्द के प्रति सेंसिटिविटी बढ़ जाती है और दर्द सहन करने की क्षमता भी कम हो जाती है।

डिहाइड्रेशन सिरदर्द के लक्षण कैसे पहचानें?

Dr. Akshay Chugh के अनुसार, हर सिरदर्द एक जैसा नहीं होता है, डिहाइड्रेशन से होने वाले सिरदर्द को आप इन लक्षणों से पहचान सकते हैं-

  1. दर्द की जगह- यह दर्द आमतौर पर पूरे सिर में एक जैसा भारीपन या फिर माथे और सिर के पीछे की तरफ ज्यादा महसूस होता है।
  2. झुकने पर दर्द बढ़ना- डिहाइड्रेशन के कारण सिरदर्द होने पर, जब आप नीचे झुकते हैं, कोई भारी सामान उठाते हैं या सिर हिलाते हैं, तो यह दर्द तेज हो जाता है।
  3. मुंह का सूखना और थकावट- सिरदर्द के साथ-साथ अगर आपको ड्राई माउथ, फटे होंठ, बिना कारण सुस्ती या चक्कर महसूस हो रहे हैं तो यह सीधा शरीर में पानी की कमी का संकेत होता है।
  4. पेशाब का रंग- अगर आपके पेशाब का रंग गहरा पीला है तो यह डिहाइड्रेशन का बड़ा संकेत होता है।

Does-Dehydration-Cause-HeadacheDoes-Dehydration-Cause-Headache

माइग्रेन और सामान्य सिरदर्द से यह कितना अलग है?

Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि कई मरीज डिहाइड्रेशन को माइग्रेन समझ लेते हैं। माइग्रेन में अक्सर सिर के एक हिस्से में तेज टीस उठती है और साथ में उल्टी या तेज रोशनी से दिक्कत हो सकती है। हालांकि, इस बात का ध्यान रखना जरूरी है कि डिहाइड्रेशन, माइग्रेन के मरीजों के लिए एक बड़ा ट्रिगर बन सकता है। अगर आपको माइग्रेन की समस्या है और आप पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पीते हैं तो आपको माइग्रेन का अटैक आने की संभावना काफी ज्यादा बढ़ जाती है।

डिहाइड्रेशन के कारण होने वाले सिरदर्द का इलाज

Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि अगर आपको लग रहा है कि पानी न पीने के कारण आपको सिरदर्द कर रहा है तो बिना बात के पेनकिलर खाने से पहले राहत पाने के लिए आप इन टिप्स को फॉलो कर सकते हैं-

  1. धीरे-धीरे पानी पिएं- एक बार में बहुत ज्यादा पानी पीने से बचें। इसके स्थान पर आराम से बैठकर 1 से 2 गिलास पानी छोटे-छोटे घूंट लेकर पिएं।
  2. ORS या इलेक्ट्रोलाइट्स लें- सिर्फ सादा पानी पीने के बजाय पानी में थोड़ा ORS, नींबू पानी या नारियल पानी मिलाकर पिएं। इससे शरीर में सोडियम और पोटेशियम का संतुलन बेहतर होता है।
  3. ठंडी और शांत जगह पर आराम करें- सीधी धूप या गर्मी में रहने से बचें और सिरदर्द होने पर तुरंत किसी ठंडे, हवादार कमरे में 15 से 20 मिनट के लिए आंखें बंद करके आराम करें।
  4. माथे पर ठंडी पट्टी रखें- माथे पर ठंडे पानी का तौलिया रखने से ब्लड वेसल्स को आराम मिलता है और दर्द कम होता है।

इसे भी पढ़ें: आंख दर्द के साथ सिरदर्द क्यों होता है? डॉक्टर से जानें इसके कारण

सिरदर्द से बचने के टिप्स

Dr. Akshay Chugh के अनुसार, डिहाइड्रेशन के कारण होने वाले सिरदर्द से बचने के लिए आप इन टिप्स को फॉलो कर सकते हैं-

  • दिनभर में 2.5 से लेकर 3 लीटर पानी पिएं। रोजाना पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से शरीर हाइड्रेटेड रहता है।
  • जब आपको प्यास महसूस होती है, तब तक आपका शरीर पहले ही 1 से 2% डिहाइड्रेट हो चुका होता है। इसलिए समय-समय पर पानी पीते रहें और प्यास लगने का इंतजार न करें।
  • कैफीन और अल्कोहल डाययूरेटिक होते हैं, यानी ये शरीर से ज्यादा पेशाब बाहर निकालते हैं, जिससे डिहाइड्रेशन तेजी से बढ़ता है। इसलिए, आप चाय, कॉफी और शराब ज्यादा पीने से बचें।
  • अपनी डाइट में खीरा, तरबूूज, संतरा, टमाटर और छाछ जैसे पानी से भरपूर चीजों का सेवन करें।
  • अगर आप एक्सरसाइज करते हैं या धूप में काम करते हैं, तो वर्कआउट से पहले, बीच में और बाद में पानी जरूर पिएं।

डॉक्टर से कब मिलना चाहिए?

अगर पानी पीने और आराम करने के बाद भी आपको सिरदर्द ठीक नहीं हो रहा है या सिरदर्द के साथ-साथ आपको बहुत तेज बुखार, गर्दन में अकड़न, धुंधला दिखाई देना, बोलने में समस्या या उल्टी हो तो इसे बिल्कुल नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। यह किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकता है और आपको तुरंत किसी डॉक्टर या न्यूरोलॉजिस्ट से कंसल्ट करना चाहिए।

निष्कर्ष
सिरदर्द होने पर हर बार दर्द की दवा लेना आपकी किडनी और सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इसलिए, जब पानी की कमी के कारण होने वाले सिरदर्द से राहत पाने के लिए आप इसके संकेतों पर ध्यान दें और नियमित रूप पानी पीकर खुद को हाइड्रेट करें।
Image Credit: Freepik

FAQ

  • सिर दर्द में कौन सा टेस्ट होता है?

    नॉर्मल सिरदर्द के लिए आमतौर पर किसी टेस्ट की जरूरत नहीं होती है, लेकिन बार-बार या गंभीर दर्द होने पर डॉक्टर सीटी स्कैन या MRI करवाने की सलाह दे सकते हैं।
  • सिरदर्द नहीं रुक रहा है तो क्या करें?

    सिरदर्द से तुरंत राहत पाने के लिए शांत और अंधेरे कमरे में आराम करें, माथे या गर्दन पर ठंडी पट्टी रखें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं।

Read Next

→ सिरदर्द के साथ चक्कर आने के क्या कारण हैं? जानें डॉक्टर से

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

कात्यायनी तिवारी पिछले 6 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। करियर की शुरुआत उन्होंने न्यूज चैनल से की और बाद में डिजिटल मीडिया में हेल्थ और लाइफस्टाइल विषयों पर काम करना शुरू किया। फिलहाल वह OnlyMyHealth में सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं।वह महिला स्वास्थ्य, पोषण, आयुर्वेद, योग, स्किन हेल्थ और प्रेग्नेंसी जैसे विषयों पर लिखती हैं। उनका प्रयास रहता है कि ताजा रिसर्च, विशेषज्ञ डॉक्टरों की राय और प्रमाणित स्रोतों के आधार पर सही स्वास्थ्य जानकारी सरल भाषा में पाठकों तक पहुंचे। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है।OnlyMyHealth से पहले वह Jantantra TV और Boldsky के साथ काम कर चुकी हैं।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Oct 03, 2026 17:09 IST

    Published By : Katyayani Tiwari
    Reviewed By : Dr Akshay Chugh