करवा चौथ का व्रत रखते समय क्या आपके सिर में भी तेज दर्द होने लगता है? सुबह सरगी खाने के बाद पूरे दिन भूखे-प्यासे रहने से कुछ महिलाओं को सिरदर्द, सिर में भारीपन, थकान और चक्कर आने जैसी परेशानियां हो सकती हैं। कई बार सिरदर्द इतना बढ़ जाता है कि पूजा की तैयारी करना और रोजमर्रा के काम करना भी मुश्किल हो जाता है। कैलाश अस्पताल, देहरादून के सीनियर कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉ. गोपाल जी शर्मा के अनुसार, लंबे समय तक भोजन और पानी न मिलने का असर हर व्यक्ति पर अलग-अलग हो सकता है। खासकर माइग्रेन से परेशान महिलाओं को भूख, नींद की कमी और शरीर में पानी की कमी के कारण सिरदर्द बढ़ने की समस्या ज्यादा हो सकती है।
करवा चौथ पर भूखे रहने से सिरदर्द क्यों होता है?
डॉ. गोपाल जी शर्मा बताते हैं कि करवा चौथ पर महिलाएं चंद्रमा के दर्शन तक पानी भी नहीं पीती हैं, ऐसे में रोजाना चाय या कॉफी पीने वाली महिलाओं को अचानक कैफीन का सेवन बंद करने पर सिरदर्द महसूस हो सकता है। हालांकि, व्रत के दौरान होने वाले हर सिरदर्द को सामान्य मानना सही नहीं है। अगर दर्द बहुत तेज हो, बार-बार हो या इसके साथ उल्टी, बेहोशी अथवा अचानक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
1. शरीर में पानी की कमी
करवा चौथ के व्रत में महिलाएं अक्सर पानी भी नहीं पीती हैं। ऐसे में शरीर में लिक्विड की कमी होने का खतरा बढ़ सकता है। डिहाइड्रेशन यानी पानी की कमी के कारण सिरदर्द, थकान, मुंह सूखना और चक्कर आने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। महिलाएं इस दौरान शॉपिंग भी करती हैं तो गर्मी और ज्यादा पसीना निकलने पर यह परेशानी बढ़ सकती है।
2. चाय या कॉफी न पीना
डॉ. गोपाल जी शर्मा के अनुसार, जो महिलाएं रोजाना चाय या कॉफी पीने की आदी हैं, उन्हें अचानक कैफीन का सेवन बंद करने पर व्रत के दौरान सिरदर्द हो सकता है। अगर आप रोज सुबह चाय पीती हैं और करवा चौथ व्रत के दिन इसका सेवन नहीं करतीं, तो सिरदर्द होने की आशंका बढ़ सकती है।
साल 2025 में NIH की Bookshelf में प्रकाशित जानकारी के अनुसार, अचानक कैफीन छोड़ना या इसकी मात्रा कम करना हमारे दिमाग और शरीर पर बुरा असर डाल सकता है। इसकी वजह से सिरदर्द, थकान, चिड़चिड़ापन, ध्यान न लगना और मूड खराब होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि कैफीन कम होने से दिमाग में केमिकल का संतुलन बदल जाता है। इन परेशानियों से बचने का सबसे अच्छा तरीका यह है कि आप एकदम से कैफीन बंद न करें, बल्कि धीरे-धीरे इसकी मात्रा घटाएं।
इसे भी पढ़ें: करवा चौथ के व्रत में चक्कर, पसीना और घबराहट हो तो क्या करें? डॉक्टर से जानें
3. लंबे समय तक भूखे रहना
डॉ. गोपाल जी शर्मा बताते हैं कि लंबे समय तक भोजन न करने से कुछ महिलाओं में ब्लड शुगर लेवल कम हो सकता है। इससे सिरदर्द, कमजोरी, कंपकंपी और बेचैनी महसूस हो सकती है। हालांकि, हर महिला में भूखे रहने के कारण ब्लड शुगर कम नहीं होती और सिरदर्द के पीछे दूसरे कारण भी हो सकते हैं।
4. नींद की कमी और थकान
करवा चौथ के दिन महिलाएं सुबह जल्दी उठकर सरगी खाती हैं और दिनभर व्रत की तैयारियों में बिजी रहती हैं। अगर इस दौरान पर्याप्त नींद नहीं मिलती या ज्यादा शारीरिक मेहनत करनी पड़ती है, तो थकान और तनाव सिरदर्द को बढ़ा सकते हैं। माइग्रेन की समस्या से परेशान महिलाओं में भूख, नींद की कमी और डिहाइड्रेशन जैसे कारक सिरदर्द को ट्रिगर कर सकते हैं।
साल 1990 में Sage Journals में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार, नींद की कमी या ठीक से नींद न आने के कारण होने वाले सिरदर्द को अक्सर तनाव से जोड़ दिया जाता है, लेकिन यह उससे अलग होते हैं। रिसर्च से पता चलता है कि कम सोने से सिर में भारीपन, दबाव या सुस्त दर्द हो सकता है, जो माथे या सिर के ऊपरी हिस्से में महसूस होता है। इसलिए, स्वस्थ रहने और सिरदर्द से बचने के लिए पर्याप्त नींद लेना बहुत जरूरी है।
Karwa Chauth Fast Causes Severe Headaches
इसे भी पढ़ें: ऑफिस में रहकर करवा चौथ का व्रत रख रही हैं तो रखें इन 5 बातों का ध्यान, नहीं होगी थकान-कमजोरी
करवा चौथ के व्रत में सिरदर्द से बचने के लिए क्या करें?
डॉ. गोपाल जी शर्मा सलाह देते हैं कि व्रत के दौरान सिरदर्द होने की आशंका कम करने के लिए कुछ सावधानियां बरती जा सकती हैं-
- सरगी में बैलेंस भोजन करें, सुबह सरगी में प्रोटीन, फाइबर और दूसरे जरूरी पोषक तत्व शामिल करें, ताकि शरीर को लंबे समय तक एनर्जी मिल सके।
- व्रत शुरू होने से पहले पर्याप्त लिक्विड लें। एक साथ बहुत ज्यादा पानी पीने के बजाय सरगा को समय कुछ अंतराल पर पानी पीना बेहतर है।
- करवा चौथ व्रत से पहले रात में अच्छी नींद लें और दिन में ज्यादा थकाने वाले काम करने से बचें।
- ज्यादा गर्मी और पसीने के कारण शरीर में पानी की कमी हो सकती है। इसलिए ठंडी और हवादार जगह पर रहें।
- अगर सिरदर्द तेज हो, लगातार बना रहे या इसके साथ उल्टी, बेहोशी, कंफ्यूजन या अचानक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत मेडिकल हेल्प लें।
निष्कर्ष
करवा चौथ पर भूखे रहने से सिरदर्द होने के पीछे पानी की कमी, लंबे समय तक भोजन न करना, कैफीन छोड़ना, नींद की कमी और तनाव जैसे कारण हो सकते हैं। हर महिला में सिरदर्द की वजह एक जैसी नहीं होती। इसलिए व्रत से पहले बैलेंस सरगी खाना, पर्याप्त आराम करना और शरीर में पानी की कमी न होने देना जरूरी है। अगर सिरदर्द गंभीर हो या दूसरे असामान्य लक्षणों के साथ दिखाई दे, तो डॉक्टर से संपर्क करें।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या करवा चौथ का व्रत रखने से ब्लड प्रेशर कम हो सकता है?
कुछ लोगों में पानी की कमी या दूसरी हेल्थ कंडीशन के कारण ब्लड प्रेशर कम हो सकता है। इसके साथ चक्कर, कमजोरी या बेहोशी महसूस हो सकती है।क्या व्रत में खाली पेट रहने से एसिडिटी हो सकती है?
कुछ लोगों को लंबे समय तक खाली पेट रहने पर एसिडिटी या पेट में परेशानी हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 28, 2026 15:40 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Gopal Jee Sharma
