करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए बहुत खास होता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र और सुखी जीवन की कामना करते हुए निर्जला व्रत रखती हैं। व्रत की शुरुआत सूर्योदय से पहले सरगी खाने के साथ की जाती है। सरगी सास की ओर से बहू को दिए जाने वाला एक ट्रेडिशनल उपहार है। सरगी में खाने-पीने की चीजें, मिठाइयां, फल और अन्य सामग्री शामिल होती हैं। सरगी में मिले उपहार में सास अपनी बहू को खाने-पीने की चीजें देती हैं, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखने और एनर्जी बनाए रखने में मदद कर सकती है। इसलिए, आइए दिल्ली की क्लिनिकल डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा से जानते हैं कि सरगी की थाली में क्या शामिल करना चाहिए और क्या नहीं?
सरगी में क्या खाना चाहिए?
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के अनुसार, सरगी में ऐसी चीजें शामिल करनी चाहिए, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखें और शरीर में पानी की कमी होने के जोखिम को कम करने में मदद करें। करवा चौथ की सरगी की थाली में आप ये चीजें खाने में शामिल करें और इन चीजों से परहेज करें?
1. ताजे फल
सरगी में ताजे फल शामिल करना एक अच्छा विकल्प है। सेब, केला, अनार, संतरा, पपीता और तरबूज जैसे फल विटामिन, मिनरल्स और फाइबर से भरपूर होते हैं। इनमें मौजूद पानी भी शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करता है। आप अपनी पसंद के अनुसार दो से तीन तरह के फल थाली में रख सकती हैं। फलों का जूस पीने की बजाय साबुत फल खाना बेहतर होती है, क्योंकि इससे फाइबर भी मिलता है।
इसे भी पढ़ें: Karwa Chauth: डायबिटीज में निर्जला व्रत करना सही है या नहीं? मानें एक्सपर्ट की सलाह
2. ड्राई फ्रूट्स और नट्स
बादाम, अखरोट, काजू, किशमिश और खजूर सरगी की थाली को पौष्टिक बना सकती हैं। बादाम और अखरोट में हेल्दी फैट, जबकि ड्राई फ्रूट्स से एनर्जी और कुछ जरूरी मिनरल्स पाए जाते हैं। इनका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए, क्योंकि ज्यादा मात्रा में खाने से पेट भारी महसूस हो सकता है। अगर आपको डायबिटीज है, तो खजूर और किशमिश जैसे मीठे ड्राई फ्रूट्स की मात्रा पर खास ध्यान दें।
3. प्रोटीन से भरपूर फूड्स
सरगी में प्रोटीन से भरपूर फूड्स शामिल करना जरूरी होता है। प्रोटीन पेट को लंबे समय तक भरा हुआ महसूस कराने में मदद करता है और शरीर की मांसपेशियों के लिए जरूरी है। आप अपनी पसंद के अनुसार दही, दूध, पनीर आदि चीजों को शामिल कर सकती हैं। दूध और दही से प्रोटीन और कैल्शियम मिलता है। प्रोटीन के साथ फाइबर और हेल्दी फैट का संतुलन रखने से सरगी को ज्यादा पौष्टिक बनाने में मदद मिलती है।
साल 2014 में Obesity Journal में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, भोजन में प्रोटीन की मात्रा बढ़ाने से पूरे दिन पेट भरे होने और संतुष्टि का अहसास बढ़ता है।
4. कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट वाले फूड्स
पूरे दिन एनर्जी बनाए रखने के लिए सरगी में कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट वाले फूड्स शामिल करना अच्छा रहता है। इसलिए, ओट्स, दलिया, साबुत गेहूं की रोटी या हल्का वेजिटेबल उपमा शामिल करना अच्छे विकल्प हैं। ये फूड्स फाइबर से भरपूर होते हैं और शरीर को एनर्जी देते हैं। आप दलिया को दूध के साथ या सब्जियों के साथ तैयार कर सकती हैं। इसी तरह, रोटी के साथ दही या पनीर लेने से खाने में कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन का संतुलन बना रहता है।
5. पर्याप्त पानी पिएं
सरगी के समय पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बहुत जरूरी है, क्योंकि इसके बाद व्रत के दौरान ज्यादातर लोग निर्जला रहते हैं। सुबह सरगी खाने से पहले और उसके साथ अपनी प्यास के अनुसार पानी पिएं। दूध, छाछ या नारियल पानी पीना भी अच्छे विकल्प हो सकते हैं।
Foods-to-Eat-And-Avoid-in-Sargi-Thali
सरगी में इन चीजों को खाने से बचें?
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के मुताबिक, सरगी की थाली में कुछ फूड्स को सीमित रखना बेहतर होता है, ताकि आपको पूरे दिन किसी तरह की असुविधा या समस्या न हो।
- बहुत ज्यादा नमकीन चीजें- चिप्स, नमकीन और अचार में ज्यादा नमक हो सकता है, जिससे प्यास बढ़ सकती है।
- बहुत तला-भुना भोजन- पूरी, पकौड़े और ज्यादा ऑयली वाले फूड्स खाने से पेट में भारीपन और एसिडिटी की समस्या हो सकती हैं।
- ज्यादा मीठी मिठाइयां- ज्यादा चीनी वाली मिठाइयां और मीठे ड्रिंक्स शरीर में एनर्जी बनाए रखने के बेहतर विकल्प नहीं होते हैं और आपको बार-बार प्यास लग सकती है।
- बहुत मसालेदार भोजन- ज्यादा मिर्च-मसाले से कुछ लोगों को सीने में जलन या पेट में परेशानी की समस्या हो सकती है।
- ज्यादा चाय या कॉफी- व्रत शुरू करने से पहले सरगी में कैफीन की ज्यादा मात्रा कुछ लोगों में बेचैनी, एसिडिटी या सिरदर्द की समस्या को बढ़ा सकती है।
इन चीजों को पूरी तरह छोड़ना हर किसी के लिए जरूरी नहीं है, लेकिन सरगी में इनकी मात्रा सीमित रखना जरूरी हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: करवाचौथ पर प्रेग्नेंट महिलाएं रख रही हैं निर्जला व्रत, तो शरीर के इन संकेतों को न करें नजरअंदाज
सरगी की थाली में क्या-क्या रखें?
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा बताती हैं कि एक संतुलित सरगी की थाली में आप इन चीजों को शामिल कर सकती हैं-
- एक कटोरी दलिया या ओट्स
- रोटी या हल्का उपमा
- एक कटोरी दही या एक गिलास छाछ
- एक केला या अपनी पसंद का कोई फल
- मुट्ठीभर बादाम, अखरोट और किशमिश
- पर्याप्त मात्रा में पानी
निष्कर्ष
करवा चौथ की सरगी की थाली में फल, नट्स, प्रोटीन, साबुत अनाज और पर्याप्त मात्रा में पानी शामिल करना बेहतर विकल्प होते हैं। वहीं, बहुत ज्यादा नमक, तला-भुना भोजन, ज्यादा मिठाइयां और ज्यादा कैफीन का सेवन करने से बचना चाहिए, क्योंकि ये फूड्स न सिर्फ आपकी एनर्जी कम करते हैं, बल्कि दिनभर में भूख और प्यास लगने की समस्या को भी बढ़ा सकते हैं।
Image Credit: Freepik
FAQ
निर्जला व्रत में प्यास लगे तो क्या करें?
व्रत के दौरान पानी नहीं पिया जा सकता है, इसलिए, प्यास लगने पर मुंह में साफ पानी का कुल्ला करके थूक सकते हैं या अपने मुंह को धो सकते हैं।निर्जला व्रत में कमजोरी कैसे दूर करें?
व्रत शुरू करने से पहले भरपूर मात्रा में केला, दूध, दही, ड्राई फ्रूट्स और नारियल पानी जैसी पौष्टिक चीजों का सेवन कर सकते हैं और व्रत के दौरान ज्यादा शारीरिक एक्टिविटी करने से बचना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 28, 2026 14:00 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dt Rakshita Mehra
