करवा चौथ का व्रत महिलाएं पूरे दिन बिना कुछ खाएं या पिएं अपने पति की लंबी उम्र के लिए रखती हैं। दिनभर बिना कुछ खाए-पिए रहने के बाद जब शाम को चंद देखकर व्रत खोला जाता है तो अक्सर महिलाएं अपनी पसंद का भोजन करना चाहती हैं। हालांकि व्रत खोलने के दौरान जल्दबाजी या गलत तरीके से व्रत खोलने पर एसिडिटी, गैस या ब्लोटिंग की समस्याएं हो सकती हैं। आइए Dr. Akshay Chugh, Internal Medicine & Metabolic Disorders, Metro Hospital and Heart Institute, Noida से जानते हैं कि करवाचौथ व्रत खोलने के दौरान किन गलतियों को करने से बचना चाहिए?
एसिडिटी से बचाव के लिए व्रत खोलने के बाद किन गलतियों से बचना चाहिए?
Dr. Akshay Chugh बताते हैं कि लंबे समय खाली पेट रहने के बाद पाचन तंत्र को सही तरीके से भोजन देना जरूरी है। ऐसे में व्रत खोलते समय कुछ गलतियों से बचकर आप पाचन से जुड़ी समस्याओं के जोखिम को कम कर सकती हैं। इसलिए, करवा चौथ का व्रत खोलते समय आप इन गलतियों को करने से बचें।
1. व्रत खोलते ही बहुत ज्यादा खाना न खाएं
दिनभर भूखे रहने के बाद कई बार तेज भूख लगती है और महिलाएं एक साथ बहुत सारा खाना खा लेती हैं। यह आदत पेट में भारीपन, गैस और एसिडिटी की समस्या को बढ़ा सकती हैं। लंबे समय तक खाली पेट रहने के बाद एक बार में बहुत ज्यादा भोजन करने के बजाय थोड़ी मात्रा में शुरुआत करनी चाहिए। पहले पानी पिएं और फिर कुछ समय के बाद हल्का भोजन करें। इसके बाद भूख के हिसाब से धीरे-धीरे खाना खाएं।
इसे भी पढ़ें: करवा चौथ पर भूखे रहने से सिरदर्द क्यों होता है? जानें इसके कारण और बचाव के तरीके
2. खाली पेट ज्यादा मसालेदार खाना खाने से बचें
करवा चौथ पर घरों में तरह-तरह के पकवान बनाए जाते हैं। पूड़ी, छोले, चटपटे स्नैक्स या पकौड़े खाने में तो स्वादिष्ट लगते हैं, लेकिन ज्यादा मिर्च-मसाले वाले भोजन खाने से कुछ लोगों में एसिडिटी और सीने में जलन की समस्या हो सकती है। व्रत खोलते समय हल्की सब्जी, रोटी, दाल या सादी खिचड़ी जैसे विकल्प चुनें।
साल 2020 में Digestive Diseases Journal में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, मसालेदार भोजन का ज्यादा सेवन सीने की जलन यानी हार्टबर्न के बढ़ते जोखिम से जुड़ा है।
3. तली-भुनी चीजों का ज्यादा सेवन न करें
करवा चौथ का व्रत खोलने के बाद ज्यादातर लोग अपने घर में पूड़ी, पकौड़े, कचौड़ी और अन्य तली हुई चीजें बनाकर खाते हैं। हालांकि, ज्यादा फैट वाला भोजन पाचन को धीमा कर सकता है और कुछ लोगों में ब्लोटिंग या एसिड रिफ्लक्स की समस्या को बढ़ा सकता है। इसलिए, व्रत खोलने के बाद इन चीजों को सीमित मात्रा में खाएं। भोजन में उबली या हल्की पकी सब्जियां, दाल और कम तेल में बनने खाने को शामिल करें।
4. चाय या कॉफी से तुरंत शुरुआत न करें
कुछ महिलाएं व्रत खोलते ही चाय या कॉफी पीना पसंद करती हैं। हालांकि, खाली पेट कैफीन का सेवन कुछ लोगों में पेट की परेशानी, बेचैनी या एसिडिटी की समस्या बढ़ सकती है। व्रत खोलते समय पहले पानी पिएं और फिर हल्का भोजन करें। अगर आपको चाय या कॉफी पीने की आदत है तो भोजन के साथ या उसके बाद थोड़ी मात्रा में में पी सकते हैं।
5. बहुत ज्यादा मिठाई एक साथ न खाएं
व्रत के बाद मीठा खाने का खास महत्व होता है। सरगी से लेकर व्रत खोलने तक मिठाइयां खाने की परंपरा भी कई घरों में देखने को मिलती है। हालांकि, लंबे समय तक खाली पेट रहने के बाद बहुत ज्यादा मिठाई खाना पेट में असुविधा का कारण बन सकता है। खासतौर पर ज्यादा घी और चीनी से बनी मिठाइयां कुछ लोगों में भारीपन और एसिड रिफ्लक्स के लक्षण को बढ़ा सकती हैं। इसलिए, मिठाई का सेवन हमेशा सीमित मात्रा में ही करने की कोशिश करें।
6. पानी एक साथ बहुत ज्यादा न पिएं
निर्जला व्रत के बाद शरीर को पानी की ज्यादा जरूरत होती है। हालांकि, बहुत कम समय में बड़ी मात्रा में पानी पीने से ब्लोटिंग और पेट से जुड़ी समस्याएं होने की संभावना बढ़ सकती है। व्रत खोलते समय धीरे-धीरे पानी पिएं और अपनी प्यास के अनुसार लिक्विड लेते रहें। बहुत ठंडे या कार्बोनेटेड ड्रिंक्स से कुछ लोगों को डकार या ब्लोटिंग की समस्या हो सकती है। इसलिए नॉर्मल पानी पीना सबसे अच्छा विकल्प होता है।
इसे भी पढ़ें: Karwa Chauth: डायबिटीज में निर्जला व्रत करना सही है या नहीं? मानें एक्सपर्ट की सलाह
एसिडिटी के ट्रिगर्स को नजरअंदाज न करें
Dr. Akshay Chugh का कहना है कि हर व्यक्ति के लिए एसिडिटी बढ़ानेवाले फूड्स अलग हो सकते हैं। किसी को टमाटर, खट्टे फल या चॉकलेट खाने से परेशानी हो सकती है, तो किसी को तली हुई चीजों और मसालेदार भोजन से असुविधा हो सकती है। अगर आपको पहले से एसिडिटी की समस्या रहती है तो व्रत खोलते समय उन चीजों से बचें, जो आमतौर पर आपके लक्षणों को बढ़ाती हैं। साथ ही, बार-बार होने वाली एसिडिटी को सिर्फ घरेलू उपायों से ठीक करने की कोशिश न करें, बल्कि डॉक्टर से कंसल्ट करना बेहतर होता है।
निष्कर्ष
करवा चौथ का व्रत खोलते समय सही खान-पान अपनाना जरूरी है, ताकि एसिडिटी और पेट से जुड़ी परेशानी से बचा जा सके। एक साथ ज्यादा खाने, ज्यादा तेल-भुने भोजन, बहुत मसालेदार फूड्स और खाने के तुरंत बाद लेटने से बचना चाहिए। साथ ही, पानी धीरे-धीरे पिएं और हल्के, संतुलित भोजन से अपने खाने की शुरुआत करें।
Image Credit: Freepik
FAQ
व्रत खोलने के तुरंत बाद सबसे पहले क्या खाना चाहिए?
व्रत खोलने के तुरंत बाद सादे पानी, नारियल पानी या एक गिलास छाछ पीना चाहिए। इसके बाद कुछ हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन या ड्राई फ्रूट्स खाने चाहिए।व्रत खोलने के तुरंत बाद बहुत ज्यादा मीठा क्यों नहीं खाना चाहिए?
पूरे दिन उपवास के बाद अचानक बहुत ज्यादा चीनी या मिठाई खाने से ब्लड शुगर का लेवल तेजी से बढ़ सकता है और इंसुलिन स्पाइक हो सकता है, जिससे पेट में भारीपन, सुस्ती और एसिडिटी की समस्या हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 28, 2026 16:25 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akshay Chugh
