भागदौड़ भरी लाइफस्टाइल, स्ट्रेस और स्क्रीन का ज्यादा इस्तेमाल करने के कारण कई बार लोगों को आंखों में भारीपन, तेज दर्द और चुभन जैसा महसूस होता है, जिसके कारण कई बार व्यक्ति को सिर में दर्द जैसी समस्याएं भी होती हैं। आइए इस बारे में Dr. Shreya Gupta, Consultant - Ophthalmology, Sri Balaji Action Medical Institute, Delhi से जानें।
आंखों के दर्द के साथ सिरदर्द क्यों होता है?
डॉ. श्रेया गुप्ता के अनुसार, जब आंखों में कोई परेशानी होती है, तो इसका असर सिर्फ देखने की क्षमता पर ही नहीं बल्कि यह सिर की तंत्रिकाओं को भी प्रभावित करती है। कई बार यह नजर के कमजोर होने का संकेत होती है, तो कभी-कभी किसी मेडिकल कंडीशन का। जैसे-
1. आंखों के कमजोर होने या आई स्ट्रेन
कंप्यूटर, स्मार्टफोन और टैबलेट का ज्यादा इस्तेमाल करने के कारण आंखों में स्ट्रेस बढ़ जाता है और स्क्रीन देखते समय व्यक्ति आंखें कम झपकाता है। ऐसे में घंटों तक बिना ठीक से पलके झपकाएं रहने से आंखों पर स्ट्रेन पड़ता है, जिसके कारण आंखें कमजोर होने लगती हैं।
आंखों के कमजोर होने पर वहां की मांसपेशियों को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है और खिंचाव आता है। इस स्थिति में सिरदर्द की समस्या हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: आंखों का दर्द कब है सामान्य और कब बन सकता है मेडिकल इमरजेंसी? डॉक्टर से जानें
2. ग्लूकोमा की समस्या
आंखों में दर्द और सिरदर्द का एक गंभीर कारण ग्लूकोमा हो सकता है। जिसे आम भाषा में काला मोतिया कहा जाता है। इस स्थिति में आंखों के अंदर का दबाव अचानक से बढ़ जाता है, खासकर एंगल-क्लोजर ग्लूकोमा की स्थिति में।
इस स्थिति में व्यक्ति को बहुत तेज दर्द, सिरदर्द, धुंधला दिखने, आंखों के लाल होने, उल्टी और मतली की समस्या हो सकती है। यह एक मेडिकल कंडीशन है, जिसमें व्यक्ति को तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
eye pain with headache ophthalmologist explains possible cause 01
3. माइग्रेन के कारण
माइग्रेन एक न्यूरोलॉजिकल समस्या है, जिसमें सिर के एक तरफ तेज दर्द होता है, लेकिन कई मामलों में माइग्रेन की शुरुआत या असर आंखों के आसपास महसूस होता है।
माइग्रेन की स्थिति में व्यक्ति को रोशनी से परेशानी, आंखों के पीछे तेज दर्द और कभी-कभी धुंधला दिखने जैसी समस्याएं होती हैं।
4. साइनसाइटिस के कारण
इंफेक्शन या एलर्जी के कारण साइनस में सूजन आने की समस्या होती है और वहां कफ जमा हो जाता है। साइनस का दबाव सीधे तौर पर आंखों के ऊपरी हिस्से, गालों और माथे पर पड़ता है। इसके कारण आंखों के पीछे और सिर के निचले हिस्से में भारीपन और दर्द की समस्या होती है।
इस दौरान झुकने पर या सुबह उठते ही दर्द ज्यादा महसूस हो सकता है।
5. ड्राई आई सिंड्रोम
जब आंखों में पर्याप्त मात्रा में आंसू नहीं बनते हैं या आंसू बहुत जल्दी सूख जाते हैं, तो इसे ड्राई आई सिंड्रोम कहा जाता है। आंखों में पर्याप्त नमी न होने के कारण जलन, चुभन, रेडनेस या दर्द की समस्या हो सकती है।
एसी में ज्यादा रहने, प्रदूषण या कम पानी पीने से आंखों के ड्राई होने की समस्या होती है। ड्राई आई के कारण आंखों की सतह पर स्ट्रेस बढ़ जाता है, जो तंत्रिकाओं के जरिए सिरदर्द का कारण बन सकता है।
इसे भी पढ़ें: तेज रोशनी में सिरदर्द क्यों बढ़ जाता है? डॉक्टर से जानें
6. ऑप्टिक न्यूरिटिस के कारण
आंख को ब्रेन से जोड़ने वाली मुख्य नस को ऑप्टिक नर्व कहते हैं। जब किसी कारण से इस नस में सूजन आती है, तो इसे ऑप्टिक न्यूरिटिस कहा जाता है। इस स्थिति में जब व्यक्ति आंख की पुतली को इधर-उधर घुमाता है, तो उसे आंख के पीछे गहरा दर्द महसूस होता है, साथ ही सिरदर्द भी होता है।
आंखों के साथ सिरदर्द की समस्या से बचाव के उपाय
डॉ. श्रेया गुप्ता के अनुसार, अगर व्यक्ति को आंखों में हल्का दर्द या तनाव महसूस हो रहा है, तो लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव करना फायदेमंद हो सकता है।
20-20-20 रूल फॉलो करें
स्क्रीन पर काम करने के दौरान स्क्रीन पर काम करते समय हर 20 मिनट बाद 20 फीट दूर किसी चीज को 20 सेकंड के लिए देखें।
पर्याप्त नींद लें
आंखों को हेल्दी रखने के लिए कम से कम 7-8 घंटों की पर्याप्त नींद लें। इससे आंखों की मांसपेशियां रिलैक्स होती हैं।
आंखें धोएं और हाइड्रेटेड रहें
स्वस्थ आंखों के लिए आंखों को धोएं और दिनभर में पर्याप्त पानी पिएं ताकि शरीर और आंखें अच्छे से हाइड्रेटेड रहें। ऐसा करने से आंखों में पानी की कमी से बचा जा सकता है।
खुद से दवा न लें
बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी आई ड्रॉप या पेनकिलर लेने से बचें।
डॉक्टर से सलाह कब लें?
अगर आंखों के लाल होने, ड्राई होने, आंखों में दर्द बना रहने और सिर में दर्द होने जैसी समस्याएं होती हैं, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
निष्कर्ष
आंखों में दर्द के साथ सिरदर्द होना सिर्फ थकान के कारण नहीं बल्कि आंखों के कमजोर होने, आई स्ट्रेन, ड्राई आई, माइग्रेन, ग्लूकोमा, साइनसाइटिस, ड्राई आई सिंड्रोम और ऑप्टिक न्यूरिटिस की समस्या हो सकती है। ध्यान रहे, इससे राहत के लिए 20-20-20 रूल फॉलो करें, पर्याप्त नींद लें, शरीर को हाइड्रेटेड रखें और बिना डॉक्टर की सलाह के दवाई न लें।
ध्यान रहे, अगर व्यक्ति को आंखों में दर्द पूरे दिन बना रहता है, आंखों के लाल होने और धुंधलापन होने जैसी समस्याएं होती हैं, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
आंखों में दर्द के क्या कारण हैं?
आंखों में सूखापन, कंजंक्टिवाइटिस, कॉर्नियल एब्रेशन, आंखों में एलर्जी, आंखों के किसी चीज के संपर्क में आने, ब्लेफेराइटिस, आंखों से जुड़ी समस्या और डिजिटल आई स्ट्रेन के कारण व्यक्ति को आंखों में दर्द की समस्या हो सकता है।रोज-रोज सिर दर्द होने का क्या कारण है?
स्ट्रेस, नींद की कमी, शरीर में पानी की कमी, लंबे समय तक स्क्रीन देखने और दवाइयों का अधिक सेवन करने के कारण व्यक्ति को बार-बार सिरदर्द होने की समस्या हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 30, 2026 13:58 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr Shreya Gupta
