Mon Oct 26, 2026 | 08:04 PM IST

Medically Reviewed by Dr Purendra Bhasin , Ophthalmologist

चश्मा लगाने के बाद भी बार-बार होता है सिरदर्द? डॉक्टर ने बताए ये 5 कारण भी हो सकते हैं जिम्मेदार

चश्मे का नंबर सही लगवाने के बावजूद कुछ लोगों को सिरदर्द की समस्या हो सकती है। कई मामलों लोग दोबारा आंखों का चेकअप कराने चले जाते हैं, लेकिन चश्मे का नंबर सही होता है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो इस लेख में डॉक्टर ने इसके कारण विस्तार से समझाए हैं।
चश्मा लगाने के बाद भी बार-बार होता है सिरदर्द? डॉक्टर ने बताए ये 5 कारण भी हो सकते हैं जिम्मेदारचश्मा लगाने के बाद भी बार-बार होता है सिरदर्द? डॉक्टर ने बताए ये 5 कारण भी हो सकते हैं जिम्मेदार

आंखों की सही चेकअप और सही नंबर का चश्मा लगावाने के बाद भी सिरदर्द की समस्या हो सकती है। कई बार चश्मा पहनने के बावजूद सिर में दर्द बना रहता है। कुछ लोगों को पढ़ते समय सिर भारी लगने लगता है, तो कुछ को ऑफिस में कई घंटे कंप्यूटर पर काम करने के बाद सिरदर्द शुरू हो जाता है। ऐसे में अक्सर पहला ख्याल यही आता है कि शायद चश्मे का नंबर बदल गया है। हालांकि, हर बार सिरदर्द होने का मतलब यह नहीं है कि चश्मे की पावर गलत है। इस बारे में Gwalior स्थित Ratan Jyoti Netralaya के Founder & Director और Ophthalmologist Dr. Purendra Bhasin ने बताया कि कई मामलों में आंखों पर ज्यादा जोर पड़ना, लंबे समय तक स्क्रीन देखना, आंखों में सूखापन या दोनों आंखों के बीच तालमेल की परेशानी भी इसकी वजह हो सकती है। इसलिए ऐसा होने पर डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।

चश्मा पहनने के बाद भी सिरदर्द क्यों होता है?

British and Irish Orthoptic Journal में ऑप्टोमेट्री क्लिनिक में आने वाले 10 से 40 साल की उम्र के कुल लोगों में सिरदर्द ग्रुप के 1,062 लोग और बिना सिरदर्द वाले ग्रुप के 1,095 लोग शामिल किए गए थे। इस रिसर्च में पाया गया है कि कनपटी का सिरदर्द सबसे आम था। इसमें यह भी देखा गया कि जिन लोगों को कम नंबर का चश्मा लगवाने की जरूरत थी, उन लोगों को भी सिरदर्द की समस्या हुई है।

Dr. Purendra Bhasin कहते हैं, “अगर किसी को चश्मा पहनने के बाद भी बार-बार सिरदर्द हो, तो चश्मे का नंबर दोबारा चेक कराने के अलावा इसके अन्य कारणों को समझने की जरूरत है।

1. चश्मे का नंबर और फ्रेम सही न होना

Dr. Purendra Bhasin कहते हैं, “चश्मा लगाने के बावजूद सिरदर्द होने की एक वजह गलत पावर हो सकती है। कई बार चश्मे का नंबर नहीं बदला होता, लेकिन सिलिंड्रिकल पावर या एस्टिग्मैटिज्म में बदलाव होने के कारण भी परेशानी हो सकती है। ऐसी स्थिति में आंखों को चीजों पर फोकस करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है। खासतौर पर किताब पढ़ते समय, मोबाइल देखने या कंप्यूटर पर काम करते हुए सिरदर्द और आंखों में थकान महसूस हो सकती है। इसके अलावा, कई बार चश्मे का नंबर तो सही होता है, लेकिन फ्रेम ठीक से फिट नहीं होता। बहुत टाइट फ्रेम कनपटी या कान के आसपास दबाव डाल सकता है। इससे कुछ लोगों को सिर में दर्द या असहजता महसूस हो सकती है।”

2. दोनों आंखों के बीच तालमेल की परेशानी

Dr. Purendra Bhasin ने कहा, “आंखें हमेशा मिलकर किसी चीज को साफ तरीके से देखती है। अगर आंखों के बीच तालमेल सही न हो, तो आंखों को फोकस करने में परेशानी हो सकती है। ऐसी स्थिति में किताब पढ़ते समय, मोबाइल इस्तेमाल करते हुए या कंप्यूटर पर काम करने के दौरान सिरदर्द हो सकता है। कुछ लोगों को आंखों में खिंचाव या थकान भी महसूस हो सकती है। कई बार आंखों की इस स्थिति को चेक करने के लिए एक्सपर्ट कई अन्य जांच की सलाह भी दे सकते हैं।”

3. लंबे समय तक मोबाइल या कंप्यूटर इस्तेमाल करना

Dr. Purendra Bhasin ने बताया कि ऑफिस में सारा दिन लैपटॉप पर नजर रखना, स्क्रीन पर रहना या फिर लगातार मोबाइल देखने से भी आंखों में जलन, थकान, भारीपन या सिरदर्द जैसी परेशानियां हो सकती हैं। इसे डिजिटल आई स्ट्रेन भी कहा जाता है। अगर लंबे समय तक पास की चीजों पर ध्यान लगाया जाता है, तो आंखों को आराम करने का मौका नहीं मिल पाता, तो कुछ ही घंटों बाद सिरदर्द शुरू हो सकता है।

Causes of Headache Even After Wearing GlassesCauses of Headache Even After Wearing Glasses

यह भी पढ़ें- आंखों का दर्द कब है सामान्य और कब बन सकता है मेडिकल इमरजेंसी? डॉक्टर से जानें

4. आंखों में सूखापन होना

Dr. Purendra Bhasin कहते हैं, “लगातार मोबाइल और कंप्यूटर पर काम करते समय अक्सर पलके कम झपकाई जाती है। इससे आंखों की सतह पर मौजूद आंसुओं की परत प्रभावित हो सकती है और आंखों में सूखापन बढ़ सकता है। ड्राई आई की समस्या होने पर जलन, किरकिराहट, धुंधला दिखाई देना या आंखों में भारीपन महसूस हो सकता है। ये परेशानियां आंखों की थकान के साथ सिरदर्द की शिकायत को भी बढ़ा सकती हैं। अगर कोई लगातार स्क्रीन का इस्तेमाल करता है और इससे उसकी आंखों में जलन या सूखापन बढ़ रहा है, तो डॉक्टर की सलाह लेकर ही आई ड्रॉप का इस्तेमाल करें।”

5. स्ट्रेस और नींद की कमी

Sleep Medicine Institute के मुताबिक, नींद की कमी होने से सिरदर्द की समस्या होना सबसे आम है। कई लोग लगातार स्ट्रेस के चलते रात में सो नहीं पाते और सुबह जब उठते हैं, तो उनका सिर भारी होना और सिरदर्द की शिकायत होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।

Dr. Purendra Bhasin कहते हैं कि इसलिए कई बार चश्मे की समस्या न होने पर भी तनाव और नींद की कमी सिरदर्द कर सकते हैं। सिरदर्द से बचाव के लिए लोगों को रोजाना एक समय पर सोना और जागना चाहिए।

चश्मा पहनने के बावजूद सिरदर्द हो तो क्या करें?

Dr. Purendra Bhasin लोगों को सलाह देते हैं कि चश्मा पहनने के बाद भी सिरदर्द हो, तो लोगों को ये तरीके अपनाने चाहिए।

  • अगर सिरदर्द लगातार हो रहा है या पहले के मुकाबले बढ़ गया है, तो आंखों की पावर टेस्ट कराएं।
  • लंबे समय तक स्क्रीन देखने के बजाय बीच-बीच में आंखों को आराम दें। इसके लिए 20-20-20 नियम अपनाया जा सकता है। हर 20 मिनट में लगभग 20 सेकंड के लिए कम से कम 20 फीट दूर किसी चीज को देखें।
  • बहुत कम रोशनी में पढ़ने या मोबाइल को चेहरे के बेहद पास रखकर न पढ़ें। पर्याप्त रोशनी में पढ़ें और स्क्रीन को आरामदायक दूरी पर रखें।
  • पर्याप्त नींद लें और दिनभर अपनी जरूरत के अनुसार पानी पिएं। अगर सिरदर्द बार-बार होता है, तो यह भी देखें कि वह किस समय शुरू होता है और किन एक्टिविटीज के बाद बढ़ता है।

 यह भी पढ़ें- आंखों में ये 7 बदलाव हो सकते हैं किसी बीमारी का संकेत, डॉक्टर ने बताया कब रहें सावधान

निष्कर्ष
अगर अचानक बहुत तेज सिरदर्द शुरू हो, दिखाई देना अचानक कम हो जाए, शरीर के एक हिस्से में कमजोरी महसूस हो या बोलने में परेशानी हो, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। वैसे चश्मा पहनने के बाद भी अगर सिरदर्द हो, तो जरूरी नहीं है कि गलत पावर हो। कई बार स्ट्रेस, नींद की कमी या आंखों के तालमेल में परेशानी हो सकती है। सिरदर्द के सही इलाज के लिए लोगों को डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।

FAQ

  • क्या प्रोग्रेसिव या बाईफोकल लेंस सिरदर्द और चक्कर का कारण बन सकते हैं?

    प्रोग्रेसिव लेंस में दूर, मध्यम और पास देखने के अलग-अलग जोन होते हैं। नए लोगों को गर्दन घुमाने के बजाय केवल आंखों को हिलाकर देखने की आदत होती है, जिससे किनारों का धुंधलापन, स्ट्रेस और सिरदर्द की समस्या हो सकती है। 
  • क्या डार्क टिंट या गलत पावर वाले धूप के चश्मे से सिरदर्द हो सकता है?

    अगर धूप के चश्मे में यूवी प्रोटेक्शन सही न हो या उसका लेंस ऑप्टिकली फ्लैट न होकर टेढ़ा हो, तो आंख की पुतलियां अंधेरे के कारण फैल जाती हैं और खराब लेंस से गुजरने वाली रोशनी सीधे खिंचाव पैदा करती है। सस्ते या लोकल फैंसी चश्मे अक्सर माइग्रेन ट्रिगर करते हैं।

Read Next

→ मुंह के ऊपरी हिस्‍से (तालु) में सूजन क्यों आती है? डॉक्टर से जानें कारण और बचाव के उपाय

Disclaimer

इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।

Aneesh Rawat

Health & Lifestyle Journalist

अनीश रावत पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं, जिनमें से 3 साल उन्होंने हेल्थ जर्नलिज्म को दिए हैं। फिलहाल वह OnlyMyHealth में चीफ सब एडिटर के तौर पर कार्यरत हैं। यहां वह महिला स्वास्थ्य, बच्चों की सेहत, कैंसर, योग और मेडिटेशन जैसे विषयों पर शोध आधारित लेख लिखते हैं। उनका फोकस स्वास्थ्य से जुड़े विषयों को डेटा, रिसर्च और विशेषज्ञों की राय के आधार पर पाठकों तक पहुंचाना है। जिन लेखों में मेडिकल पुष्टि जरूरी होती है, उन्हें प्रकाशित होने से पहले डॉक्टरों द्वारा रिव्यू किया जाता है। OnlyMyHealth से पहले वह News 24, All India Radio और ThinkRight Meditation App के साथ काम कर चुके हैं। Editorial Policy: अनीश द्वारा लिखे गए सभी लेखों की हमारी संपादकीय टीम द्वारा तथ्य-जांच की जाती है और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विषय विशेषज्ञों द्वारा समीक्षा की जाती है।

Read More..

How we keep this article up to date:

We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.

  • Current Version

    Oct 26, 2026 18:52 IST

    Published By : Aneesh Rawat
    Reviewed By : Dr Purendra Bhasin