आज के समय में थकान, तनाव, नींद की कमी, ज्यादा स्क्रीन टाइम या माइग्रेन जैसी कई वजहों से सिर में दर्द हो सकता है। यही कारण है कि लोग बार-बार होने वाले सिरदर्द को अक्सर माइग्रेन या सामान्य परेशानी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं लेकिन कुछ मामलों में लगातार या अचानक होने वाला तेज सिरदर्द दिमाग से जुड़ी किसी गंभीर समस्या ब्रेन एन्यूरिज्म (Brain Aneurysm) का संकेत भी हो सकता है। इस लेख में यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के कंसल्टेंट न्यूरोलॉजिस्ट डॉ. भरत कुमार सुरिसेट्टी से जानिए, सिरदर्द माइग्रेन है या ब्रेन एन्यूरिज्म?
सिरदर्द माइग्रेन है या ब्रेन एन्यूरिज्म
डॉक्टर भरत कुमार सुरीसेट्टी के अनुसार, हर सिरदर्द ब्रेन एन्यूरिज्म का संकेत नहीं होता, लेकिन कुछ खास प्रकार के सिरदर्द और अन्य लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर पहचान और जांच से गंभीर रिस्क से बचा जा सकता है। ब्रेन एन्यूरिज्म एक ऐसी स्थिति है जिसमें दिमाग की ब्लड वैसेल्स की दीवार कमजोर होकर फूलने लगती है। कई बार यह लंबे समय तक बिना किसी लक्षण के भी रह सकता है और व्यक्ति को इसकी जानकारी नहीं होती लेकिन जब यह बड़ा होने लगता है या फट जाता है, तो यह जानलेवा स्थिति पैदा कर सकता है। डॉक्टर भरत कुमार सुरीसेट्टी बताते हैं कि एन्यूरिज्म के फटने पर दिमाग के आसपास ब्लीडिंग हो सकती है, यह एक मेडिकल इमरजेंसी होती है और इसमें तुरंत इलाज की जरूरत होती है।
ब्रेन एन्यूरिज्म में सिरदर्द कैसा होता है?
डॉक्टर भरत कुमार सुरीसेट्टी बताते हैं कि ब्रेन एन्यूरिज्म से जुड़ा सिरदर्द सामान्य सिरदर्द या माइग्रेन से अलग हो सकता है। कई मरीजों में अचानक बहुत तेज और असहनीय सिरदर्द हो सकता है, जिसे लोग अपने जीवन का सबसे तेज सिरदर्द बताते हैं। यह दर्द अचानक शुरू हो सकता है और कुछ ही समय में बहुत बढ़ सकता है। इसके अलावा सिरदर्द के साथ गर्दन में अकड़न, उल्टी, चक्कर आना, रोशनी से परेशानी, बेहोशी या कंफ्यूजन जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। हालांकि हर व्यक्ति में लक्षण अलग-अलग हो सकते हैं, इसलिए लगातार या असामान्य सिरदर्द होने पर डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें: सोकर उठने के बाद सिर में भारीपन महसूस होता है? न्यूरोलॉजिस्ट से जानें कारण
ब्रेन एन्यूरिज्म के प्रकार
Mayo Clinic में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, ब्रेन एन्यूरिज्म 3 प्रकार का होता है।
1. सैक्युलर एन्यूरिज्म इसे "बेरी एन्यूरिज्म" (Berry Aneurysm) भी कहा जाता है। यह पेड़ पर लटके किसी छोटे बेरी या जामुन जैसा दिखता है। यह खून की नसों से बाहर की ओर उभरा हुआ एक गोल, खून से भरा गुब्बारा जैसा होता है। यह आमतौर पर दिमाग के निचले हिस्से की धमनियों में बनता है। यह सबसे आम प्रकार का ब्रेन एन्यूरिज्म है।
2. फ्यूसीफॉर्म एन्यूरिज्म में यह एन्यूरिज्म खून की नस को किसी एक तरफ से उभारने के बजाय चारों तरफ से फुला देता है, इसमें नस की पूरी गोलाई सूज जाती है।
3. मायकोटिक एन्यूरिज्म किसी इंफेक्शन के कारण होता है। जब कोई इंफेक्शन दिमाग की ब्लड वैसेल्स तक पहुंचता है, तो यह नस की दीवार को कमजोर कर देता है। दीवार कमजोर होने के कारण वहां उभार यानी एन्यूरिज्म बन जाता है।
ब्रेन एन्यूरिज्म के संकेत क्या हो सकते हैं?
डॉक्टर भरत कुमार सुरीसेट्टी के अनुसार, सिरदर्द के अलावा कुछ अन्य लक्षण भी ब्रेन एन्यूरिज्म की ओर इशारा कर सकते हैं। इनमें अचानक नजर कमजोर होना, आंखों के आसपास दर्द, पलकों का झुकना, बोलने में परेशानी, शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी या सुन्नपन और बैलेंस बिगड़ना शामिल हो सकते हैं। यदि अचानक तेज सिरदर्द के साथ बेहोशी, दौरे पड़ना या शरीर के किसी हिस्से में कमजोरी महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
ब्रेन एन्यूरिज्म होने की सबसे ज्यादा संभावना किसे है?
डॉक्टर भरत कुमार सुरीसेट्टी बताते हैं कि कुछ लोगों में ब्रेन एन्यूरिज्म का जोखिम ज्यादा हो सकता है। हाई ब्लड प्रेशर, धूम्रपान, बढ़ती उम्र, परिवार में ब्रेन एन्यूरिज्म का इतिहास और कुछ ब्लड वैसेल्स से जुड़ी समस्याएं इसके खतरे को बढ़ा सकती हैं। इसके अलावा अनियमित लाइफस्टाइल, ज्यादा तनाव और लंबे समय तक अनियंत्रित ब्लड प्रेशर भी ब्लड वैसेल्स पर दबाव बढ़ा सकते हैं। इसलिए ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखना और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाना जरूरी है।
इसे भी पढ़ें: फोन ज्यादा चलाने के बाद सिर दर्द क्यों होता है? आंखों और दिमाग पर पड़ सकता है असर

ब्रेन एन्यूरिज्म का इलाज कैसे किया जाता है?
डॉक्टर भरत कुमार सुरीसेट्टी बताते हैं कि ब्रेन एन्यूरिज्म के इलाज का तरीका एन्यूरिज्म के आकार, स्थान और मरीज की स्थिति पर निर्भर करता है। कुछ मामलों में डॉक्टर नियमित निगरानी की सलाह देते हैं, जबकि गंभीर स्थिति में सर्जरी या अन्य प्रक्रियाओं की जरूरत पड़ सकती है।
निष्कर्ष
बार-बार होने वाले सिरदर्द को हमेशा माइग्रेन या सामान्य परेशानी समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डॉक्टर भरत कुमार सुरीसेट्टी के अनुसार, अचानक शुरू हुआ तेज सिरदर्द, सिरदर्द के साथ नजर संबंधी समस्या, कमजोरी, बेहोशी या अन्य न्यूरोलॉजिकल लक्षण ब्रेन एन्यूरिज्म के संकेत हो सकते हैं। हालांकि हर सिरदर्द गंभीर बीमारी का संकेत नहीं होता, लेकिन असामान्य और लगातार होने वाली समस्या में समय पर डॉक्टर से सलाह लेना बेहद जरूरी है। सही समय पर जांच और इलाज से रिस्क को कम किया जा सकता है।
All Image Credit- magnific
FAQ
ब्रेन एन्यूरिज्म में सिरदर्द कैसा होता है?
ब्रेन एन्यूरिज्म में अचानक बहुत तेज और असहनीय सिरदर्द हो सकता है।क्या ब्रेन एन्यूरिज्म का इलाज संभव है?
इलाज एन्यूरिज्म के आकार, स्थान और मरीज की स्थिति पर निर्भर करता है।ब्रेन एन्यूरिज्म की जांच कैसे होती है?
डॉक्टर CT स्कैन, MRI और एंजियोग्राफी जैसी जांचों की मदद से दिमाग की ब्लड वैसेल्स की स्थिति का पता लगा सकते हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 29, 2026 15:36 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Bharath Kumar Surisetti