प्रेग्नेंसी के दौरान सिरदर्द होना सही नहीं है। हां, अगर थोड़ा-बहुत आराम करने के बाद समस्या में कमी आ जाती है, तो यह अच्छी बात है। वहीं, अगर सिरदर्द धीरे-धीरे बढ़ता जाता है, तो इसे इग्नोर न करें। यह कई गंभीर बीमारियों का लक्षण हो सकता है, जैसे प्री-एक्लेम्पसिया। यह प्रेग्नेंसी के दौरान होने वाले ब्लड प्रेशर से संबंधित गंभीर समस्या है। इसी से आप अंदाजा लगा सकते हैं कि अगर किसी को गर्भावस्था के दौरान लगातार सिरदर्द हो, तो उसे इग्नोर क्यों नहीं किया जाना चाहिए।
वृंदावन स्थित Mumma's Blessing IVF और Birthing Paradise की मेडिकल डायरेक्टर, गायनेकोलॉजिस्ट और IVF स्पेशलिस्ट डॉ. शोभा गुप्ता बताती हैं, "गर्भावस्था के दौरान होने वाला सिरदर्द कई बार सामान्य कारणों से हो सकता है, जैसे अच्छी नींद न लेना या तनाव आदि। कभी-कभी यह गंभीर बीमारी या मेडिकल कंडीशन का संकेत हो सकता है, जिसकी अनदेखी सही नहीं है। इसका बुरा प्रभाव गर्भ में पल रहे शिशु पर भी पड़ सकता है।"
गर्भावस्था में गंभीर सिरदर्द के लक्षण
pregnancy headache warning signs
1. अचानक सिरदर्द तेज होना
अगर प्रेग्नेंसी के दौरान हो रहा सिरदर्द सहनीय है और थोड़ा आराम करने के बाद ठीक हो जाए, तो समस्या को लेकिन अधिक चिंतित होने की जरूरत नहीं है। वहीं, अगर सिरदर्द बहुत तेज है, अचानक सिर उठाने पर दर्द और बढ़ जाता है, जो बिजली कड़कने जैसा महसूस होता है। इस तरह के दर्द को इग्नोर न करें। यह वस्कुलर या ब्रेन से जुड़ी गंभीर समस्या का संकेत हो सकता है।
2. सिरदर्द का लगातार बने रहना
अगर सिरदर्द आराम करने या डॉक्टर की दी हुई दवा लेने के बाद भी ठीक न हो, तो इस तरह की स्थिति को भी हल्के में न लें। NHS की मानें, तो लगातार और तीव्र सिरदर्द होना सही संकेत नहीं है। यह स्थिति प्री-एक्लेम्पसिया की ओर इशारा कर सकती है। आमतौर पर प्री-एक्लेम्पसिया प्रेग्नेंसी के 20वें सप्ताह के बाद शुरू होती है। इसमें धुंधला दिखना, उल्टी होना जैसे कई अन्य लक्षण भी दिख सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: प्रेग्नेंसी में सिरदर्द क्यों होता है? डॉक्टर से जानें कारण और राहत पाने के तरीके
3. आंखों में धुंधलापन
सामान्यतः यह बात हम सभी जानते हैं कि सिर के आगे के हिस्से में दर्द होने पर आंखें भी प्रभावित होती हैं। लेकिन जब दर्द तीव्र हो, जिसकी वजह से आंखों न सिर्फ दर्द का एहसास हो, बल्कि धुंधला दिखना, एक की जगह दो चीजें दिखना, आंखों के आगे रोशनी चमकना, धब्बे दिखना या कुछ देर के लिए आंखों की रोशनी चले जाना जैसी समस्या हो, तो समझ जाएं कि आपको डॉक्टर के पास जाने की जरूरत है। NHS के अनुसार प्रेग्नेंसी के दौरान हो रहे सिरदर्द में आंखों में धुंधलापन की समस्या हो, इसे इग्नोर न करें।
डाॅ. शोभा गुप्ता बताती हैं, "प्रेग्नेंसी के दौरान सिरदर्द और धुंधला दिखना आपस में गहराई से संबंधित हैं। ऐसा हार्मोनल बदलाव के कारण हो सकता है और इसका कनेक्शन माइग्रेन से भी हो सकता है। माइग्रेन ओरा (Aura) के कारण आंखों के आगे फ्लैश लाइट या विजुअल ब्लाइंड स्पॉट्स (दिखाई न देना) महसूस हो सकते हैं।"
4. अचानक सूजन का बढ़ना
सिरदर्द के साथ-साथ चेहरे, हाथों, उंगलियों या टखनों पर तेजी से सूजन आ जाए, तो समझ जाएं कि स्थिति गंभीर हो सकती है। हालांकि, यह भी प्री-एक्लेम्पसिया का ही संकेत है, जो कि आमतौर पर 20वें सप्ताह के बाद होने का जोखिम बढ़ होता है। इसका जिक्र हमने लेख में पहले भी किया है।
डाॅ. शोभा गुप्ता इसे समझाती हैं, "चेहरे, हाथों और उंगलियों में सूजन आने का मतलब है कि ब्लड प्रेशर अचानक तेजी से बढ़ रहा है। ध्यान रखें हाई ब्लड प्रेशर के कारण शरीर के टिश्यूज में तेजी से फ्लुइड का रिसाव होने लगता है। इसी वजह से सूजन बढ़ती है, चेहरे, हाथों और उंगलियों में इसका प्रभाव अधिक देखने को मिलता है।"
5. न्यूरोलॉजिकल समस्या
प्रेग्नेंसी में सिरदर्द के साथ-साथ घबराहट या भ्रम, चक्कर आना, बेहोशी, हाथ-पैर में कमजोरी या बोलने के तरीके में बदलाव आने लगे, तो इसे न्यूरोलॉजिकल समस्या से जोड़कर देखा जा सकता है। दरअसल, सिरदर्द नर्वस सिस्टम से संबंधित होता है, जिससे से शरीर में गंभीर रूप से तनाव पैदा हो सकता है। नतीजतन, हाथ, चेहरे और पैरों में भारी कमजोरी आ सकती है। यदि यह स्थिति प्री-एक्लेम्पसिया से जुड़ी हो, तो यह और अधिक गंभीर रूप ले सकती है। British Journal of General Practice में प्रकाशित लेख से पता चलता है कि प्रेग्नेंसी में सिरदर्द न्यूरोलॉजिकल समस्या के कारण भी हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: प्रेग्नेंसी में भारी पड़ सकती है ज्यादा थकान, इन 4 लक्षणों को न करें नजरअंदाज
कब जाएं डॉक्टर के पास?
प्रेग्नेंसी के दौरान लगातार या तेज सिरदर्द होना सामान्य नहीं है। अगर दर्द कुछ ही घंटों में ठीक न हो, तो आप बिना देरी किए डॉक्टर के पास जाएं। इसके अलावा, संकेतों पर भी गौर करें और शरीर में नजर आते ही डॉक्टर के पास जाएं-
- सिरदर्द कुछ देर में ठीक न हो।
- चक्कर और बेहोशी छाना।
- आंखों की नजर में धुंधलापन।
- 100.4°F से अधिक बुखार आना।
- चेहरे और हाथ में गंभीर सूजन।
- सीने में भारीपन।
- हार्टबीट का बढ़ना।
- मतली और उल्टी आना।
- लगातार पेट में दर्द होना।
डॉक्टर की सलाह
प्रेग्नेंसी के दौरान सिरदर्द के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जैसे अच्छी नींद न लेना, बॉडी का डिहाइड्रेट होना आदि। इस तरह की स्थिति में आराम करने से सिरदर्द ठीक हो जाता है। लेकिन अगर रेस्ट करने पर भी सिरदर्द न जाए, तो बेहतर है कि आप इस गंभीरता से लें और समय पर डॉक्टर के पास जाएं।
निष्कर्ष
प्री-एक्लेम्पसिया, न्यूरोलॉजिकल पेरशानी, माइग्रेन जैसे कई कारण प्रेग्नेंसी में सिरदर्द की वजह हो सकते हैं। ये सभी गंभीर स्थितियां हैं, जिसमें तुरंत मेडिकल ट्रीटमेंट की आवश्यकता होती है। इसलिए, कभी-कभी सिरदर्द को हल्के में लिया जाना सही नहीं है। जैसे ही दिक्क बढ़े, एक्सपर्ट की सलाह लें।
All Image Credit: Magnific
FAQ
क्या गर्भावस्था के दौरान बिना डॉक्टर की सलाह के कोई भी पेन किलर ले सकते हैं?
बिलकुल नहीं। गर्भावस्था के दौरान ओवर-द-काउंटर (OTC) मिलने वाली दर्द निवारक दवाएं सिर्फ और सिर्फ डॉक्टर की सलाह पर ही लेनी चाहिए।गर्भावस्था के दौरान सिरदर्द से राहत पाने के लिए घर में क्या करें?
अगर सिरदर्द तीव्र है, तो डॉक्टर के पास जाएं। अगर दर्द कम है, तो घर में ही रेस्ट करें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीकर हाइड्रेटेड रहें और ठंडी या गर्म पट्टी से माथे की सिकाई करें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 24, 2026 12:26 IST
Published By : Meera Tagore
Reviewed By : Dr Shobha Gupta
