कई बार की भागदौड़ और कई अन्य कारणों से अक्सर लोग पानी पीना भूल जाते हैं। इसके कारण व्यक्ति को कमजोरी, चक्कर आने और बेचैनी होने जैसी कई समस्याएं होती हैं, लेकिन क्या पानी की कमी से सिरदर्द की समस्या बढ़ सकती है। आइए इस बारे में Dr. Aravinda S N, Lead Consultant - Internal Medicine, Aster RV Hospital, Bengaluru से जानें।
पानी की कमी से सिरदर्द बढ़ता है?
डॉ. अरविंद के अनुसार, डिहाइड्रेशन से सिरदर्द शुरू हो सकता है या बढ़ सकता है, क्योंकि शरीर में जितना पानी जाता है, उससे ज्यादा पानी निकल जाता है। जब शरीर में पानी का लेवल कम हो जाता है, तो पानी के बैलेंस में बदलाव से ब्लड वॉल्यूम और टिशू व ब्लड वेसल के काम करने के तरीके पर असर पड़ सकता है। कुछ लोगों में इन बदलावों से सिरदर्द के लक्षण दिख सकते हैं।
क्या कहती है स्टडी?
साल 2021 में Current Pain and Headache Reports में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) कई तरह के सिरदर्द का कारण बन सकती है। इससे बचने का सबसे अच्छा तरीका पर्याप्त पानी पीना है, लेकिन फास्टिंग जैसी स्थितियों में खास सावधानी बरतनी जरूरी है। डिहाइड्रेशन और सिरदर्द के बीच के संबंध को बेहतर समझने के लिए सही मेडिकल जांच की जरूरत होती है। अगर किसी को अचानक बहुत तेज सिरदर्द हो, तो उसकी पूरी जांच कराना जरूरी है।
इसके अलावा, खड़े होने पर चक्कर आना और सिरदर्द जैसी समस्याओं के पीछे POTS (Postural orthostatic tachycardia syndrome) जैसी बीमारियां भी हो सकती हैं। लाइफस्टाइल में बदलाव और सही दवाइयों से इस समस्या में काफी सुधार किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें: क्या शरीर में पानी की कमी बढ़ा सकती है शरीर का तापमान? डॉक्टर से जानें सच्चाई
how does dehydration affect headaches know how much water you should drink daily 1
डिहाइड्रेशन से होने वाले सिरदर्द के क्या लक्षण हैं?
डॉ. अरविंद आगे कहते हैं, शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन के कारण सिरदर्द की स्थिति में इसके साथ कई अन्य लक्षण भी दिखते हैं। जैसे-
- प्यास लगना।
- मुंह सूखना।
- गहरे रंग का या गाढ़ा पेशाब आना।
- पेशाब कम आना।
- थकान, चक्कर आना या कमजोरी महसूस होना।
किन लोगों को होती है ज्यादा परेशानी?
डॉ. अरविंद का कहना है, शरीर में पानी की कमी होने और इसके कारण सिरदर्द होने का खतरा कुछ लोगों को ज्यादा हो सकता है।
- जो लोग गर्म मौसम में रहते हैं।
- ज्यादा एक्सरसाइज करते हैं।
- जिन्हें बुखार, दस्त या उल्टी होती है।
- जो बस पर्याप्त पानी पीना भूल जाते हैं।
डिहाइड्रेशन से राहत के लिए क्या करें?
डॉ. अरविंद कहते हैं, अगर डिहाइड्रेशन हल्का है, तो पानी या लिक्विड पीने और ठंडी जगह पर आराम करने से मदद मिल सकती है। आमतौर पर रोजाना पानी की जरूरत पूरी करने के लिए पानी ही काफी है।
डॉ. अरविंद आगे बताते हैं, जब लंबे समय तक उल्टी, दस्त या बहुत ज्यादा पसीना आने से शरीर में पानी की काफी कमी हो जाती है, तो डॉक्टर ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ORS) लेने की सलाह दे सकते हैं, क्योंकि शरीर को इलेक्ट्रोलाइट्स की भी जरूरत हो सकती है।
साल 2020 में Journal of Clinical Neuroscience में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, रोजाना पर्याप्त पानी पीने से माइग्रेन के सिरदर्द की गंभीरता और उसके लक्षणों में कमी आती है, यानी पानी पीने और सिरदर्द के बीच एक उल्टा (नेगेटिव) रिश्ता है। इसका मतलब है कि जितना ज्यादा पानी पिया जाएगा, सिरदर्द उतना ही कम परेशान करता है।
इसे भी पढ़ें: तेज रोशनी में सिरदर्द क्यों बढ़ जाता है? डॉक्टर से जानें
रोज कितना पानी पीना चाहिए?
डॉ. अरविंद कहते हैं, हर व्यक्ति के लिए पानी की कोई एक तय मात्रा नहीं होती है। पानी की जरूरत शरीर के साइज, फिजिकल एक्टिविटीज, मौसम, खान-पान, प्रेग्नेंसी, ब्रेस्टफीडिंग और सेहत की स्थिति पर निर्भर करती है।
डॉ. अरविंद आगे कहते हैं, एक प्रैक्टिकल तरीका यह है कि दिनभर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें और एक्सरसाइज करते समय या गर्म मौसम में ज्यादा पानी पिएं। पेशाब का रंग हल्का पीला होना शरीर में पानी की सही मात्रा का एक अच्छा संकेत हो सकता है, हालांकि कुछ खाने की चीजों, सप्लीमेंट्स और दवाओं से पेशाब का रंग बदल सकता है।
ज्यादातर स्वस्थ वयस्कों के लिए, प्यास, एक्टिविटी और मौसम के हिसाब से नियमित रूप से पानी पीना, दिन में आठ गिलास पीने के सख्त नियम का पालन करने से ज्यादा फायदेमंद है।
सिरदर्द का कारण सिर्फ डिहाइड्रेशन नहीं है?
डॉ. अरविंद कहते है, जरूरी बात यह है कि हर सिरदर्द डिहाइड्रेशन की वजह से नहीं होता है। बार-बार होने वाले, तेज या बिना किसी साफ वजह के होने वाले सिरदर्द का इलाज सिर्फ ज्यादा पानी पीकर नहीं करना चाहिए।
डॉक्टर से सलाह कब लें?
डॉ. अरविंद बताते हैं, अगर सिरदर्द के साथ उलझन, बेहोशी, कमजोरी या सुन्नपन, देखने या बोलने में बदलाव, तेज बुखार, गर्दन में अकड़न, बार-बार उल्टी या अचानक बहुत तेज सिरदर्द हो, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाना चाहिए।
निष्कर्ष
पानी की कमी के कारण व्यक्ति को सिरदर्द की समस्या हो सकती है। इस स्थिति में व्यक्ति को प्यास लगने, मुंह सूखने, पेशाब का रंग गाढ़ा होने, पेशाब कम होने, चक्कर, थकान और कमजोरी होने जैसी समस्याएं होती हैं, लेकिन ध्यान रहे, हर सिरदर्द पानी की कमी से नहीं होता है।
ऐसे में बार-बार सिरदर्द होने, बेहोशी, कमजोरी, सुन्नपन, बोलने में परेशानी, तेज बुखार, देखने या बोलने में परेशानी, गर्दन में अकड़न होने, बार-बार उल्टी आने या अचानक से तेज सिरदर्द होने जैसी परेशानियां हों तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
रोज-रोज सिरदर्द होने का क्या कारण है?
स्ट्रेस में रहने, शरीर में पानी की कमी, लगातार स्क्रीन देखने, ठीक से नींद न लेने, दवाइयों का सेवन न करने और ठीक से खाना न खाने के कारण व्यक्ति को रोज-रोज सिर में दर्द होने की समस्या हो सकती है।पानी की कमी से क्या-क्या परेशानियां होती है?
शरीर में पानी की कमी के कारण व्यक्ति को थकान, कमजोरी, स्किन के ड्राई होने, किडनी की समस्या और ब्लड प्रेशर में गड़बड़ी होने की समस्या हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 26, 2026 16:56 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr. Aravinda S N
