मानसून का मौसम गर्मी से राहत तो देता है, लेकिन आपकी डाइट और लाइफस्टाइल को भी बुरी तरह प्रभावित करता है। इसलिए, यह मौसम वजन कम करने वाले लोगों के लिए कुछ चुनौतियों से भरा हो सकता है। बारिश के कारण शारीरिक गतिविधियां अक्सर कम हो जाती हैं, तला-भुना और चटपटा खाने की क्रेविंग बढ़ जाती है और इंफेक्शन का खतरा भी ज्यादा बढ़ जाता है। ऐसे में अगर सही डाइट, नियमित शारीरिक गतिविधियां और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाई जाए तो मानसून में भी वजन कम करना आसान हो सकता है। आइए इस लेख में दिल्ली की क्लिनिकल डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा से जानते हैं कि इस मौसम में वजन घटाने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
मानसून में वेट लॉस के लिए डाइट और लाइफस्टाइल में क्या बदलाव करें?
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के अनुसार, मानसून में वजन कम करने के लिए डाइट और लाइफस्टाइल में आप कुछ बदलाव कर सकते हैं, जो आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं, जैसे-
1. हल्का और संतुलित भोजन करें
बारिश के मौसम में पाचन क्रिया धीमी हो सकती है। इसलिए, बहुत ज्यादा तला-भुना या मसालेदार भोजन खाने के स्थान पर हल्का और संतुलित डाइट लें। अपने खाने में साबुत अनाज, दालें, हरी सब्जियां और प्रोटीन से भरपूर फूड्स शामिल करें। इससे पेट लंबे समय तक भरा रहता है और अनहेल्दी खाने की क्रेविंग कम होती है।
इसे भी पढ़ें: वेट लॉस के दौरान आलू खाना चाहिए या नहीं? डायटिशियन से जानें क्या यह वजन बढ़ाता है
2. प्रोटीन इनटेक का ध्यान रखें
वजन कम करने में प्रोटीन एक जरूरी पोषक तत्व है। यह मांसपेशियों को बनाए रखने में मदद करता है और लंबे समय तक पेट को भरा रखने का एहसास कराता है। साल 2015 में The American Journal of Clinical Nutrition में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, कम प्रोटीन वाले डाइट की तुलना में, ज्यादा प्रोटीन वाले डाइट भूख, शरीर के वजन को कंट्रोल करने और कार्डियोमेटाबोलिक रिस्क फैक्टर में सुधार लाते हैं। इसलिए, आप अपनी डाइट में दालें, पनीर, टोफू, अंडे और अंकुरित अनाज शामिल करना वेट लॉस के लिए फायदेमंद हो सकता है।
3. मौसमी फल और सब्जियां खाएं
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा बताती हैं कि मानसून में वजन कम करने के लिए आप मौसमी फल और सब्जियों का सेवन कर सकते हैं। इसमें लौकी, तोरी, भिंडी, करेला और परवाल जैसी सब्जियां शामिल हैं। ये पचने में आसान और पोषक तत्वों से भरपूर होती हैं। फलों में सेब, नाशपाती, अनार और जामुन जैसे ताजे फलों का सेवन कर सकते हैं।
4. पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं
बरसात में मौसम ठंडा होने के कारण लोगों को प्यास कम लगती है, जिस कारण वे कम मात्रा में पानी पीते हैं। पर्याप्त मात्रा में पानी पीने से मेटाबॉलिज्म बेहतर रहता है और कई बार भूख या प्यास के बीच की कंफ्यूजन से बचा जा सकता है। साल 2025 में Physiology & Behavior में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, पानी पीने से सेहत को कई फायदे मिलते हैं, जिसमें वजन कम होने की ज्यादा संभावना और समय के साथ वजन कम बढ़ना शामिल हैं। सादा पानी, हर्बल टी और बिना चीनी वाले गुनगुने ड्रिंक्स अच्छे विकल्प हैं।
5. घर पर वर्कआउट करें
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के अनुसार, अगर बारिश के कारण आप बाहर जाकर वर्कआउट नहीं कर पाते हैं तो इसे स्किप करने के स्थान पर घर पर ही 30 से 45 मिनट एक्सरसाइज करें। बॉडीवेट एक्सरसाइज जैसे स्क्वैट्स, लंजेस, पुश-अप्स और प्लैंक जैसी शारीरिक गतिविधियां बिना किसी गैजेट्स के आसानी से की जा सकती हैं।
6. योग और स्ट्रेचिंग अपनाएं
बारिश के मौसम में घर के अंदर आप योग और स्ट्रेचिंग भी कर सकते हैं। योग शरीर को लचीला बनाने, तनाव कम करने और कैलोरी बर्न करने में मदद कर सकता है। सूर्य नमस्कार, त्रिकोणासन, भुजंगासन और सेतुबंधासन जैसे योग नियमित रूप से आपके लिए फायदेमंद हो सकते हैं। शुरुआत करने से पहले किसी एक्सपर्ट से सही तकनीक सीखना जरूरी है।
7. डांस या कार्डियो करें
घर पर आप एक्टिव रहने के लिए तेज गाने के साथ 20 से 30 मिनट डांस कर सकते हैं या ऑनलाइन कार्डियो वर्कआउट भी फॉलो कर सकते हैं, जो वजन कम करने का एक प्रभावी तरीका है। इससे दिल की सेहत बेहतर रहती है और कैलोरी बर्न करने में मदद मिलती है।
8. भोजन का समय तय रखें
बारिश के मौसम में कई बार खाने का समय बिगड़ जाता है। बिना तय समय खाना खाने से बार-बार भूख लग सकती है। इसलिए, नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का खाना एक ही समय पर करने की कोशिश करें। इसके बीच में अगर आपको भूख लगती है तो हेल्दी स्नैक्स का विकल्प चुनें, जो आपके वजन बढ़ने का कारण न बने।
9. फूड पोर्शन पर ध्यान दें
वजन कम करने के लिए हेल्दी खाना ही काफी नहीं होता है, बल्कि मात्रा पर भी ध्यान देना जरूरी है। इसलिए खाना खाने के लिए आप छोटी प्लेट का इस्तेमाल करें, धीरे-धीरे खाएं और पेट भरने का संकेत मिलते ही खाना बंद कर दें।
इसे भी पढ़ें: क्या वेट लॉस के लिए रोटी और चावल पूरी तरह छोड़ना सही है? एक्सपर्ट और रिसर्च से जानें
मानसून में वजन कम करने के लिए किन गलतियों से बचें?
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा का कहना है कि मानसून में वजन कम करने के लिए आप इन गलतियों को करने से बचने की कोशिश करें-
- बार-बार तेल-भुने स्नैक्स खाना
- मीठे ड्रिंक्स और पैकेज्ड जूस ज्यादा पीना
- सुहाने मौसम के कारण पूरे दिन इनएक्टिव रहना
- कम मात्रा में पानी पीना
- देर रात हैवी फूड खाना
- बाहर का स्ट्रीट फूड बार-बार खाना
निष्कर्ष
मानसून में वजन कम करने के लिए किसी क्रैश डाइट या मुश्किल वर्कआउट की जरूरत नहीं है। संतुलित भोजन, पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन लेने, नियमित एक्सरसाइज करने, सही नींद लेने और एक्टिव लाइफस्टाइल की मदद से हेल्दी तरीके से आप वजन कम कर सकते हैं। अगर आपको ब्लड प्रेशर या डायबिटीज जैसी समस्याएं हैं तो डाइट या लाइफस्टाइल में किसी भी तरह का बदलाव करने से पहले डॉक्टर या अपने एक्सपर्ट से कंसल्ट करें।
Image Credit: Freepik
FAQ
सुबह खाली पेट क्या पीने से वजन कम होता है?
सुबह खाली पेट गुनगुना पानी, नींबू पानी या जीरा पानी पीने से वजन कम करने में मदद मिल सकती है। ये ड्रिंक्स मेटाबॉलिज्म को तेज करते हैं और पेट को लंबे समय तक भरा महसूस कराते हैं।तेजी से वजन घटाने के लिए क्या करें?
तेजी से वजन कम करने के लिए चीनी छोड़ें, प्रोटीन औऱ फाइबर इनटेक बढ़ाएं और नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियां करें।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 30, 2026 13:27 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dt Rakshita Mehra