मानसून आते ही सब्जियों के दाम आसमां छू रहे हैं। इससे लोगों की जेब ढीली हो रही है, लेकिन सब्जी खरीदने से पहले किस सब्जी को वाकई खरीदना है यह भी जानना जरूरी है। क्या आप भी मानसून में पालक, गोभी जैसी सब्जियां खाते हैं? यह आपको बीमार बना सकती हैं। मानसून सीजन में गर्मी से राहत मिलती है, लेकिन बीमारियों और इंफेक्शन का प्रकोप बढ़ जाता है। अस्पतालों में मरीजों की लंबी कतारें यह बताती हैं कि मॉनसून में हमें हाइजीन और खानपान का ख्याल रखना कितना जरूरी है, वरना हम आसानी से बीमारियों की चपेट में आ सकते हैं। कई बार बीमारी का कारण केवल मौसम नहीं बल्कि मौसम में खाई जाने वाली गलत चीजें भी होती हैं। कई बार मानसून में गलत सब्जियों को खाने के कारण तबीयत खराब हो जाती है। जिन सब्जियों को हम शौक से गर्मियों में खाते हैं, उसे मानसून आने पर भी खाया जाए, ऐसा जरूरी नहीं है। मॉनसून में गलत सब्जियों का सेवन करने से अपच, गैस, डायरिया जैसी समस्याएं हो सकती हैं। डॉक्टर से जानें अच्छी सेहत के लिए मॉनसून में कौन सी सब्जियां खाएं और किन सब्जियों से परहेज करें? बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Rajeev Chowdry, Internal Medicine Specialist At Yatharth Super Speciality Hospital, Faridabad से बात की।
कच्ची सब्जियों से मानसून में फफूंद और फंगस का खतरा
ResearchGate में प्रकाशित एक लेख के मुताबिक, भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) के नियम के अनुसार, मानसून में फल और सब्जियों में फफूंद (Mould) और फंगस लगने का खतरा ज्यादा होता है। मानसून में ई.कोली, साल्मोनेला और दूसरी दूषित चीजों से फूड पॉइजनिंग का खतरा होता है। मानसून के दौरान कटे हुए फल या सब्जियों को खुला नहीं छोड़ना चाहिए। बेहतर होगा कि इन्हें काटने के तुरंत बाद ही खा लिया जाए या पका लें, ताकि हानिकारक कीटाणुओं से होने वाले संक्रमण से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें- बारिश के मौसम में रहना है हेल्दी? डाइटिशियन से जानें क्या खाएं और क्या नहीं
मानसून में खाएं ये सब्जियां
1. करेला

- Dr. Rajeev Chowdry ने बताया कि उमस और नमी वाले मौसम में एक्ने, स्किन एलर्जी बढ़ने का खतरा रहता है। ऐसे में करेला खाना फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद विटामिन ए, सी, फाइबर त्वचा को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।
- करेला खाने से इम्यूनिटी को बढ़ाया जा सकता है।
- करेला ब्लड शुगर लेवल को कंट्रोल करता है।
- इसे खाकर दिनभर एनर्जी बनी रहती है। हफ्ते में एक बार करेला खा सकते हैं।
2. लौकी
- मानसून में चिपचिपा मौसम होता है। ऐसे में शरीर में पानी की कमी से डिहाइड्रेशन हो सकता है। इससे बचने के लिए लौकी का सेवन फायदेमंद है क्योंकि इसमें वॉटर कटेंट ज्यादा होता है।
- लौकी हल्की होती है इसलिए पाचन तंत्र पर दबाव नहीं डालती।
- मानसून में लौकी का गर्म सूप पिएं या हल्के मसालों के साथ सब्जी बनाकर खाएंगे, तो पाचन स्वस्थ रहेगा।
3. परवल
Dr. Rajeev Chowdry ने बताया कि बारिश के मौसम में कई लोगों को अपच और पेट से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं जिसे दूर करने के लिए परवल का सेवन कर सकते हैं। परवल आसानी से पचने वाली सब्जियों में शामिल है। परवल बाजार में आसानी से मिलती है और इससे पेट में भारीपन और अन्य पाचन समस्याओं को दूर करने में मदद मिलती है।
4. कद्दू

- कद्दू में विटामिन्स, मिनरल्स और कई पोषक तत्व होते हैं जो शरीर को एनर्जी देते हैं।
- यह पेट के एसिड को कंट्रोल करने में मदद करता है जिससे मॉनसून में हार्टबर्न और एसिडिटी से राहत मिलती है।
- कद्दू में विटामिन ए और सी मौजूद होते हैं जो मॉनसून में इम्यूनिटी को सपोर्ट करते हैं।
5. तोरई
- तोरई की तासीर ठंडी होती है।
- बच्चे हों या बुजुर्ग सभी इसे आसानी से पचा सकते हैं।
- बाहर का तापमान और नमी लगातार बदलने से मानसून में गैस और एसिडिटी होती है। इससे राहत के लिए तोरई का सेवन फायदेमंद है।
- इसमें मौजूद फाइबर कब्ज से राहत दिलाता है।
6. टिंडा
- उमस और नमी वाले मौसम में टिंडा खाना फायदेमंद होता है।
- इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं जो स्किन इंफेक्शन से बचाते हैं।
- इसमें कैलोरी कम होती है जिससे वेट मैनेजमेंट में मदद मिलती है और इसे खाने से पेट के भारीपन से राहत मिलती है।
7. ग्वार की फली
- ग्वार की फली में फाइबर और प्रोटीन जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं।
- इसमें फाइबर ज्यादा होता है इसलिए यह कब्ज से राहत देने में मदद करती है।
- सुस्ती और कमजोरी दूर करने के लिए यह फायदेमंद है।
- यह हड्डियों और ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाने में मदद करती है।
- ग्वार की फली से सूखी भुजिया या सब्जी बनाकर मानसून में खाई जा सकती है।
यह भी पढ़ें- बच्चों की मानसून डाइट में किन बातों का रखना चाहिए ध्यान? एक्सपर्ट से जानें
हरी पत्तेदार सब्जियों से बढ़ सकता है गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल इंफेक्शन

Dr. Rajeev Chowdry ने बताया कि मानसून में कुछ सब्जियों से परहेज भी जरूरी है क्योंकि इनमें मौजूद नमी से सेहत खराब हो सकती है। हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे पत्तागोभी, पालक वगैरह का सेवन करने से बचें। इन सब्जियों की पत्तियों में नमी होती है जिससे जीवाणु फैल सकते हैं और गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है।
जमीन के नीचे उगने वाली सब्जियों से परहेज करें
कई सब्जियां जमीन के नीचे उगती हैं जैसे गाजर, चुकंदर, मूली वगैरह। मानसून में मिट्टी में नमी के कारण ये सब्जियां ज्यादा नमी सोख लेती हैं जिससे पेट में इंफेक्शन हाे सकता है इसलिए मानसून में इनसे भी परहेज करें। फूलगोभी और ब्रोकली में फ्लोरेट्स होते हैं जिसके नीचे नमी ज्यादा होती है इसलिए इनके सेवन से भी बचना चाहिए।
यह भी पढ़ें- सावन व्रत में क्या खाएं और क्या नहीं? एक्सपर्ट से जानें सेहतमंद उपवास के लिए डाइट टिप्स
कच्ची सब्जियों को खाने से बचें
कच्चा मक्का खाने से बचें और इसी तरह मटर में भी नमी होती है और उसमें फफूंद हो सकता है। मटर या मक्के को पकाना जरूरी है इसलिए मानसून में इन्हें कच्चा खाने से बचें। सब्जियों को हमेशा पकाकर खाएं। कुछ कच्ची सब्जियों में बैक्टीरिया हो सकते हैं जिससे अपच, पेट में गैस, पेट दर्द और डायरिया जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
अंकुरित चना या दाल भी कम खाएं
मानसून में अंकुरित चना या दाल भी नहीं खाना चाहिए। कच्चे स्प्राउट्स में बैक्टीरिया हो सकते हैं। इसे उबालने से पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं इसलिए मानसून में इनका सेवन कम करें।
ग्रीन हर्ब्स का सेवन कम करें
हमें लगता है ग्रीन हर्ब्स का सेवन सुरक्षित है, लेकिन मानसून में इनसे भी बचना चाहिए। धनिया पत्तियों का सेवन भी मानसून में ज्यादा नहीं करना चाहिए। मेथी, पुदीना से भी परहेज करें। इनका सेवन करने से पहले अच्छी तरह से धोना न भूलें।
निष्कर्ष:
प्रकृति ने हर मौसम के अनुसार हमारे लिए फायदेमंद फल और सब्जियों को बनाया है। सही सीजन में सही सब्जी का चुनाव करेंगे, तो पाचन समस्याओं से बचने में मदद मिलेगी। मौसमी बीमारियों से बचने के लिए और मानसून में स्वस्थ रहने के लिए डाइट में ग्वार की फली, टिंडा, तोरई, कद्दू, परवल, लौकी, करेला जैसी सब्जियों को शामिल कर सकते हैं। इन सब्जियों में कैलोरी कम होती है और यह इम्यूनिटी को मजबूत करने में मदद करते हैं। मानसून में पत्तागोभी, पालक जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों से बचें, जमीन के नीचे उगने वाली सब्जियां जैसे गाजर, चुकंदर, मूली से भी परहेज करें। मक्का, मटर जैसी कच्ची सब्जियां न खाएं। अंकुरित चना, दाल या ग्रीन हर्ब्स जैसे मेथी, धनिया या पुदीना का सेवन भी कम करें।
FAQ
मानसून में क्या खाना सेहतमंद है?
मानसून में दालें, साबुत अनाज, ओट्स, दही, छाछ जैसे प्रोबायोटिक्स और घर का बना ताजा एवं गर्म खाने पर जोर देना चाहिए। इससे पाचन को मजबूत बनाने में मदद मिलती है और अपच, गैस जैसी समस्याएं कम होती हैं।मानसून में किन चीजों को खाने से बचना चाहिए?
खुले में बिकने वाला खाना, कटी हुई फल-सब्जियां, बासी खाना, बिना साफ किए कच्चे खाद्य पदार्थ और ज्यादा तला-भुना और बहुत मसालेदार भोजन से परहेज करना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 03, 2026 20:17 IST
Modified By : Yashaswi Mathur Aug 03, 2026 20:17 IST
Modified By : Yashaswi MathurAug 03, 2026 20:17 IST
Modified By : Yashaswi MathurAug 03, 2026 20:17 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Rajeev Chowdry