आज के समय में ब्लड प्रेशर एक आम समस्या हो चुकी है। इसके कारण ज्यादातर लोग परेशान रहते हैं। ये स्थिति दो तरह की होती है हाई ब्लड प्रेशर और लो ब्लड प्रेशर। हाई ब्लड प्रेशर में लोगों को नमक का सेवन कम करने की सलाह दी जाती है। वहीं, लो ब्लड प्रेशर या हाइपोटेंशन की स्थिति में सोडियम युक्त फूड्स को खाने की सलाह दी जाती है, जिनमें नमक भी शामिल है। ऐसे में कई बार लोगों के मन में सवाल आता है कि लो ब्लड प्रेशर में व्यक्ति के लिए कितनी नमक खाना सेफ माना जाता है? आइए इस बारे में Dr. Pravin Kahale, Consultant, Cardiology at Kokilaben Dhirubhai Ambani Hospital, Mumbai से जानें।
रोजाना कितना नमक सुरक्षित माना जाता है?
Dr. Pravin के अनुसार, लो ब्लड प्रेशर की स्थिति में कितना नमक खाना चाहिए, यह पूरी तरह व्यक्ति पर निर्भर करता है। WHO के अनुसार, स्वस्थ व्यस्कों के लिए रोज 5 ग्राम से कम नमक लेने की सलाह दी जाती है, जो लगभग 1 चम्मच के बराबर होता है।
अगर किसी व्यक्ति को लो ब्लड प्रेशर के कारण एक्स्ट्रा सोडियम की जरूरत है, तो उसकी सही मात्रा हर व्यक्ति में अलग-अलग हो सकती है। इन लोगों के लिए सोडियम की मात्रा उनकी किडनी की कार्यक्षमता, हार्ट हेल्थ, दवाइयों और स्थिति के असल कारणों पर निर्भर करती है। इसलिए नमक की सही मात्रा के बारे में जानने के लिए डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें: लो-ब्लड प्रेशर होने पर शरीर में क्या लक्षण दिखते हैं? बता रहे हैं डॉक्टर
लो ब्लड प्रेशर की समस्या क्यों होती है?
Dr. Pravin का कहना है, लो ब्लड प्रेशर की स्थिति लोगों को शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन), ज्यादा पसीना आने, उल्टी या दस्त, कुछ दवाइयों, पोषण की कमी या किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या के कारण हो सकती है। जब शरीर में खून की मात्रा कम हो जाती है, तब ब्लड प्रेशर भी नीचे जा सकता है, जिससे शरीर के अंगों तक पर्याप्त ब्लड नहीं पहुंच पाता है और कई तरह के लक्षण दिखाई देने लगते हैं।
-1785692445598.webp)
लो बीपी में नमक लेने के लिए क्यों कहा जाता है?
Dr. Pravin बताते हैं, नमक सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए ही नहीं, बल्कि इसमें मौजूद सोडियम क्लोराइड शरीर के लिए जरूरी होता है। सोडियम शरीर को पानी बनाए रखने में मदद करता है, जिससे ब्लड वॉल्यूम और सर्कुलेशन ठीक रहता है।
लो ब्लड प्रेशर वाले कुछ लोगों के लिए, खासकर जिनके लक्षण कम ब्लड वॉल्यूम से जुड़े हैं, डॉक्टर नमक का सेवन बढ़ाने की सलाह दे सकते हैं। हालांकि, बिना सलाह के ऐसा करना सही नहीं है। हर सलाह हर व्यक्ति के लिए एक जैसी नहीं होती है।
क्या हर लो बीपी वाले व्यक्ति को ज्यादा नमक खाना चाहिए?
Dr. Pravin कहते हैं, नहीं, लो ब्लड प्रेशर होने का ये मतलब नहीं है कि हर व्यक्ति को अपने खाने में ज्यादा नमक शामिल करना चाहिए। जरूरत से ज्यादा सोडियम का सेवन करने से व्यक्ति को हाई ब्लड प्रेशर, दिल की बीमारी और किडनी की समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा, अगर किसी व्यक्ति को पहले से किडनी की बीमारी, दिल की बीमारी या कोई अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्या है, इसलिए डॉक्टर की सलाह के बिना अपनी मर्जी से अधिक नमक का सेवन करने से बचें।
इसे भी पढ़ें: प्रेग्नेंसी में लो ब्लड प्रेशर की समस्या को कैसे कंट्रोल करना चाहिए? डॉक्टर से जानें
किन स्थितियों में नमक और पानी फायदेमंद हो सकते हैं?
Dr. Pravin के अनुसार, सोडियम और ब्लड प्रेशर के बीच का संबंध इस बात पर निर्भर करता है कि शरीर तरल पदार्थों (फ्लुइड्स) को कैसे मैनेज करता है। जब शरीर से ज्यादा मात्रा में पानी निकल जाता है, जैसे तेज पसीना आने, उल्टी, दस्त या डिहाइड्रेशन की स्थिति में ब्लड प्रेशर कम हो सकता है। ऐसे समय में पर्याप्त पानी पीने के साथ जरूरत के अनुसार नमक लेना कुछ लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है।
ऑर्थोस्टेटिक हाइपोटेंशन (जिसमें खड़े होने पर ब्लड प्रेशर गिर जाता है) वाले लोगों को कभी-कभी ज्यादा नमक और पानी का कॉम्बिनेशन लक्षणों को मैनेज करने में मदद करता है।
लो बीपी को नियंत्रित रखने के लिए क्या करें?
Dr. Pravin के अनुसार, लो ब्लड प्रेशर के स्तर को नियंत्रित करने के लिए सिर्फ खाने में नमक बढ़ावा ही काफी नहीं होता है। इसके लिए शरीर में पानी की सही मात्रा बनाए रखना, समय पर बैलेंस खाना खाने, नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की जांच करना और इसके कारण का पता लगाना भी जरूरी होता है। सही स्थिति में नमक मदद कर सकता है, लेकिन इसकी सही मात्रा हर व्यक्ति के लिए अलग-अलग होती है और उस संतुलन को सही बनाए रखने के लिए डॉक्टर की सलाह की जरूरत होती है। हेल्दी लाइफस्टाइल को फॉलो करने और डॉक्टर की सलाह अनुसार ही इस समस्या को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है।
डॉक्टर से सलाह कब लें?
लो ब्लड प्रेशर की स्थिति में बार-बार चक्कर आने, कमजोरी महसूस होने और धुंधला दिखाई देने, थकान, बेहोशी या खड़े होने पर सिर घूमने जैसी समस्याएं होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
निष्कर्ष
लो ब्लड प्रेशर में नमक कुछ लोगों के लिए फायदेमंद हो सकता है, लेकिन इसकी मात्रा सभी के लिए एक जैसी नहीं होती है। बिना सलाह के ज्यादा नमक खाना स्वास्थ्य के लिए नुकसानदायक हो सकता है। अगर किसी व्यक्ति में लो ब्लड प्रेशर के लक्षण बार-बार दिखते हैं, तो सबसे पहले उसके कारण का पता लगाने के लिए डॉक्टर से सलाह लें, सही मात्रा में पानी पिएं, बैलेंस डाइट लें, ब्लड प्रेशर की नियमित जांच करें और डॉक्टर की सलाह के अनुसार इलाज अपनाएं। ऐसा करने से ब्लड प्रेशर को सेफ तरीके से नियंत्रित रखने जा सकता है।
All Images Credit- Freepik
FAQ
लो ब्लड प्रेशर के 10 लक्षण क्या हैं?
लो ब्लड प्रेशर की समस्या होने पर व्यक्ति को चक्कर आने, अधिक थकान होने, बेहोशी महसूस होने, जी मिचलाने, धुंधला दिखने, त्वचा के पीला पड़ने, काम पर फोकस करने में परेशानी होने, दिल की धड़कन के तेज होने, भ्रम होने और सांस लेने में परेशानी हो सकती है।लो ब्लड प्रेशर में क्या खाएं?
लो ब्लड प्रेशर की समस्या होने पर नमक-चीनी का पानी, कॉफी या नमकीन चीजें खाने चाहिए। इसके अलावा, डाइट में केले को भी शामिल किया जा सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Aug 02, 2026 23:12 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr Pravin Kahale