प्रेग्नेंसी के दौरान लो ब्लड प्रेशर की समस्या कई महिलाओं में देखने को मिलती है। इस स्थिति में सही खान-पान अपनाना बहुत जरूरी होता है, क्योंकि पोषक तत्वों से भरपूर डाइट शरीर को जरूरी एनर्जी और पोषण देती है, साथ ही पर्याप्त मात्रा में हाइड्रेशन प्रदान करने में भी मदद करती है। हालांकि, सिर्फ भोजन से लो ब्लड प्रेशर का इलाज नहीं होता है, लेकिन सही डाइट इसके लक्षणों को कम करने के साथ ही मां और होने वाले बच्चे के स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकती है। दिल्ली के आनंद निकेतन स्थित गायनिका: एवरी वुमन मैटर क्लिनिक की सीनियर कंसल्टेंट, ऑब्स्टेट्रिक्स और गायनेकोलॉजिस्ट डॉ. (कर्नल) गुंजन मल्होत्रा सरीन का कहना है कि प्रेग्नेंसी में लो ब्लड प्रेशर की समस्या होने पर सही खान-पान से इसे तुरंत और सुरक्षित तरीके से नॉर्मल लेवल पर लाया जा सकता है। जब ब्लड प्रेशर कम होता है तो शरीर के जरूरी अंगों में ब्लड का फ्लो धीमा पड़ जाता है, जिससे चक्कर आने के साथ कमजोरी महसूस होती है। इसलिए, आइए विस्तार से जानते हैं कि ब्लड प्रेशर लो होने पर क्या खाना चाहिए और क्या नहीं?
प्रेग्नेंसी में ब्लड प्रेशर लो होने पर क्या खाएं?
डॉ. (कर्नल) गुंजन मल्होत्रा सरीन के अनुसार, प्रेग्नेंसी में ब्लड प्रेशर लो होने पर आप इन चीजों का सेवन कर सकते हैं-
1. नमक और नमकीन चीजें
प्रेग्नेंसी में ब्लड प्रेशर लो होने पर अपनी डाइट में नमक और नमकीन चीजों की थोड़ी सी मात्रा बढ़ाएं। इसके लिए आप अपने खाने में थोड़ा सा नमक का पानी, शिकंजी, इलेक्ट्रोलाइट्स, छाछ, सूप या चटपटे स्नैक्स शामिल कर सकती हैं। साल 2021 में The American Journal of Clinical Nutrition में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, नियमित नमक का सेवन करने से शरीर में सोडियम ज्यादा हो जाता है, जो ब्लड प्रेशर को बढ़ाने से जुड़ा है। ऐसे में अगर आपका ब्लड प्रेशर कम है तो आप डॉक्टर की सलाह पर थोड़ी नमक की मात्रा बढ़ा सकती हैं। नमक में सोडियम होता है, जो शरीर की नसों में पानी को बनाए रखने में मदद करता है। इससे खून की मात्रा बढ़ती है, जो ब्लड वॉल्यूम बढ़ाता है, जिससे धमनियों पर दबाव बनता है और लो ब्लड प्रेशर नॉर्मल होने लगता है।
2. विटामिन B12 और फोलेट से भरपूर फूड्स
प्रेग्नेंसी के शुरुआती महीनों में ब्लड प्रेशर लो की समस्या होने पर महिलाएं अपनी डाइट में विटामिन बी12 और फोलेट से भरपूर फूड्स शामिल कर सकती हैं। साल 2017 में Clinical Nutritionमें प्रकाशित क्लिनिकल रिसर्च स्टडी के अनुसार, DNA बनाने और रेड ब्लड सेल्स के सही विकास के लिए फोलेट जरूरी पोषक तत्व है। विटामिन बी12 शरीर में फोलेट को एक्टिव करके इस काम को बेहतर तरीके से करने में मदद करता है। शरीर में इन पोषक तत्वों की कमी से एनीमिया हो जाता है, जो लो ब्लड प्रेशर का एक बड़ा कारण बन सकता है। इसलिए अपनी डाइट में विटामिन बी12 से भरपूर अंडे, दूध, दही, फोर्टिफाइड अनाज आदि चीजों को शामिल करें और फोलेट की कमी पूरी करने के लिए हरी पत्तेदार सब्जियों, बीन्स, दालें, खट्टे फल और अंकुरित अनाज को अपनी डाइट का हिस्सा बनाएं।
3. पर्याप्त मात्रा में लिक्विड लें
डॉ. (कर्नल) गुंजन मल्होत्रा सरीन का कहना है कि प्रेग्नेंसी के दौरान ब्लड प्रेशर लो होने पर पानी, नारियल पानी, नींबू पानी, बेल का शरबत या छाछ पी सकती हैं। डिहाइड्रेशन की समस्या में पानी की कमी होने के कारण खून का वॉल्यूम कम हो जाता है, जिससे ब्लड प्रेशर कम हो जाता है। भरपूर मात्रा में लिक्विड लेने से शरीर हाइड्रेटेड रहता है और ब्लड वॉल्यूम बढ़ सकता है।
इसे भी पढ़ें: गर्भावस्था में लो ब्लड प्रेशर क्यों होता है? डॉक्टर से जानें
4. कैफीन से भरपूर चीजें
American Heart Association के अनुसार, कैफीन का सेवन आपके शरीर में कुछ देर के लिए ब्लड प्रेशर को बढ़ा सकता है। इसलिए, ब्लड प्रेशर लो होने पर डॉक्टर की सलाह पर एक कप कॉफी या डार्क चॉकलेट खा सकती हैं। कैफीन दिल की धड़कन को थोड़ा बढ़ाता है और हमारे ब्लड वेसल्स को कुछ समय के लिए सिकोड़ देता है, जिससे गिरा हुआ ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है।

5. आयरन से भरपूर फूड्स
डॉ. (कर्नल) गुंजन मल्होत्रा सरीन के मुताबिक, अगर प्रेग्नेंसी में लो ब्लड प्रेशर की समस्या के साथ शरीर में आयरन की कमी भी है तो आप आयरन से भरपूर फूड्स का सेवन कर सकती हैं। अपनी डाइट में आप पालक, मेथी, सरसों का साग, मसूर की दाल, चुकंदर, सोयाबीन, गुड़ आदि चीजें शामिल कर सकती हैं, जो शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने में मदद करता है और ब्लड प्रेशर को नॉर्मल रख सकता है।
लो ब्लड प्रेशर में किन खाद्य पदार्थों से बचें?
डॉ. (कर्नल) गुंजन मल्होत्रा सरीन ने बताया कि प्रेग्नेंसी में ब्लड प्रेशर लो होने पर आप इन फूड्स का सेवन करने से बचें-
1. ज्यादा मीठे फूड्स
प्रेग्नेंसी में ब्लड प्रेशर कम होने पर केक, पेस्ट्री, कैंडी, मिठाइयां, मीठे ड्रिंक्स और ज्यादा चीनी वाले स्नैक्स का ज्यादा सेवन करने से ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ सकता है और फिर अचानक कम हो सकता है, जिससे आपको कमजोरी महसूस हो सकती है।
2. जंक और प्रोसेस्ड फूड
प्रेग्नेंसी में पिज्जा, बर्गर, फ्रेंच फ्राइज, पैकेट वाले स्नैक्स, इंस्टेंट नूडल्स और ज्यादा प्रोसेस्ड फूड्स खाने से बचना चाहिए। इन फूड्स में पोषक तत्वों की कमी होती है और सोडियम ज्यादा हो सकता है। इसलिए, इन्हें अपनी डाइट में शामिल करने से बचना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: प्रेग्नेंसी में कम या ज्यादा ब्लड प्रेशर होने पर कब करना चाहिए डॉक्टर से बात?
3. ज्यादा तला-भुना भोजन
प्रेग्नेंसी के दौरान समोसा, कचौड़ी, पकौड़े और अन्य तले हुए फूड्स को पचाने में दिक्कत होती है, इससे असुविधा बढ़ सकती है।
प्रेग्नेंसी में लो ब्लड प्रेशर वालों के लिए डाइट से जुड़े टिप्स
डॉ. (कर्नल) गुंजन मल्होत्रा सरीन ने बताया कि प्रेग्नेंसी के दौरान ब्लड प्रेशर लो होने पर आप डाइट से जुड़ी इन बातों का ध्यान रख सकते हैं-
- दिन में 5 से 6 बार थोड़ी-थोड़ी मात्रा में खाना खाएं।
- लंबे समय तक खाली पेट रहने से बचें।
- हर भोजन में प्रोटीन, साबुत अनाज और सब्जियों को शामिल करें।
- आयरन से भरपूर फूड्स के साथ विटामिन सी से भरपूर फूड्स खाएं।
- डॉक्टर की सलाह के बिना नमक की मात्रा खाने में बढ़ाने से बचें।
- पर्याप्त मात्रा पानी और अन्य हेल्दी लिक्विड चीजों का सेवन करें।
निष्कर्ष
प्रेग्नेंसी में लो ब्लड प्रेशर होने पर संतुलित और पोषक तत्वों से भरपूर डाइट लेना सबसे ज्यादा जरूरी होता है। पानी, आयरन, प्रोटीन, फोलेट, विटामिन बी12 और विटामिन सी से भरपूर फूड्स शरीर को जरूरी पोषण देने में मदद करते हैं। इसके साथ ही, इस दौरान मीठे, जंक, तले-भुने और ज्यादा कैफीन वाले फूड्स का सेवन सीमित मात्रा में रखना चाहिए। अगर ब्लड प्रेशर लो होने के साथ आपको बार-बार चक्कर आए, बेहोशी या अन्य गंभीर लक्षण नजर आएं तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
Image Credit: Freepik
FAQ
क्या प्रेग्नेंसी में ब्लड प्रेशर कम होना नॉर्मल है?
प्रेग्नेंसी के दौरान ब्लड प्रेशर कम होना पहली और दूसरी तिमाही में नॉर्मल माना जाता है, जो हार्मोनल बदलावों और ब्लड वेसल्स के फैलने के कारण होता है।किसकी कमी से बीपी लो होता है?
ब्लड प्रेशर लो होने का मुख्य कारण शरीर में विटामिन बी12, आयरन और फोलेट की कमी है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 24, 2026 10:48 IST
Modified By : Katyayani Tiwari Jul 24, 2026 10:48 IST
Modified By : Katyayani TiwariJul 24, 2026 10:48 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Gunjan Sarin