भागदौड़ भरी इस जिंदगी में हर व्यक्ति के पास फिट और हेल्दी रहने के लिए जिम जाने या एक्सरसाइज करने का समय नहीं होता है। हालांकि, खुद को फिट रखने के लिए लोग अपने काम के दौरान कुछ ऐसी गतिविधियां करते हैं, ताकि खुद को फिट और बीमारियों से दूर रख सकें। अपनी रोजमर्रा की आदतों में छोटे-छोटे बदलाव करके भी आप शरीर को ज्यादा एक्टिव रख सकते हैं और ज्यादा कैलोरी बर्न कर सकते हैं। फिट रहने और कैलोरी बर्न करने के लिए सिर्फ जिम जाना जरूरी नहीं है, बल्कि आप दिल्ली की क्लिनिकल डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के बताए इन आसान तरीकों से भी कैलोरी बर्न कर सकते हैं?
बिना जिम जाए कैलोरी बर्न कैसे करें?
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा का कहना है कि बिना जिम जाए कैलोरी बर्न करने के लिए आप इन टिप्स को फॉलो कर सकते हैं-
1. खड़े होकर काम करें
अगर आपका काम लंबे समय तक बैठकर करने वाला है तो बीच-बीच में खड़े होकर काम करने की आदत डालें। जरूरत पड़ने पर स्टैंडिंग डेस्क का इस्तेमाल करें या हर 30 से 40 मिनट में कुछ मिनट के लिए खड़े हो जाएं। खड़े रहने से शरीर की मांसपेशियां एक्टिव रहती हैं और बैठने की तुलना में ज्यादा कैलोरी बर्न होती है। इसके अलावा, इससे पीठ दर्द में अकड़न जैसी समस्याओं का जोखिम भी कम हो सकता है।
साल 2018 में European Journal of Preventive Cardiology में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार बैठने के स्थान पर खड़े होकर काम करने से शरीर की ज्यादा एनर्जी खर्च होती है, जो कैलोरी बर्न करने में फायदेमंद होती है। इस रिसर्च में बैठने और खड़े होने के बीच एनर्जी खर्च होने का औसत अंतर 0.15 किलो कैलोरी प्रति मिनट पाया गया है, जिसमें पुरुषों में यह फायदा महिलाओं की तुलना में थोड़ा ज्यादा देखा गया है।
इसे भी पढ़ें: ज्यादा हेल्दी स्नैक्स खाने से भी बिगड़ सकता है पोषक तत्वों का बैलेंस, एक्सपर्ट से समझें कैसे
2. पालतू जानवरों के साथ खेले
अगर आपके घर में कुत्ता या कोई अन्य पालतू जानवर है तो उसके साथ खेलना और उसे टहलाने ले जाना एक बेहतरीन शारीरिक गतिविधि हो सकती है। रोजाना 20 से 30 मिनट तक पालतू जानवर के साथ चलना, दौड़ना या खेलना शरीर को एक्टिव रखता है और अच्छी मात्रा में कैलोरी बर्न करने में मदद करता है। साथ ही इससे मानसिक तनाव को भी कम करने और मूड को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है।
3. धूप में कुछ समय बिताएं
सुबह की हल्की धूप में 15 से 20 मिनट बिताने से सिर्फ शरीर को विटामिन डी नहीं मिलती है, बल्कि यह आपके संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है। पर्याप्त मात्रा में विटामिन डी शरीर के मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाए रखने में मदद कर सकता है। जब आप धूप में टहलते हैं या हल्की गतिविधियां करते हैं तो शरीर ज्यादा एक्टिव रहता है, जिससे कैलोरी बर्न करने में भी मदद मिलती है। हालांकि, तेज धूप में लंबे समय तक रहने से बचना चाहिए।

4. अच्छी नींद लें
बहुत से लोग यह नहीं जानते हैं कि सोते समय भी शरीर कैलोरी बर्न करता है। नींद के दौरान शरीर सांस लेने, ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाने, सेल्स को रिपेयर करने और हार्मोन संतुलन जैसी जरूरी प्रक्रियाएं लगातार करता रहता है। इन सभी कामों के लिए हमारे शरीर को एनर्जी की जरूरत पड़ती है। अगर आप रोजाना 7 से 9 घंटे की अच्छी और गहरी नींद लेते हैं तो आपका मेटाबॉलिज्म बेहतर तरीके से काम करता है। पर्याप्त नींद लेने से भूख कंट्रोल करने वाले हार्मोन भी संतुलित रहते हैं, जिससे ओवरईटिंग की संभावना काफी कम हो सकती है।
5. सही मुद्रा में बैठें
सिर्फ बैठना ही नहीं, बल्कि सही तरीके से बैठना भी आपके शरीर के लिए फायदेमंद माना जाता है। जब आप सीधी कमर और कंधों को संतुलित रखकर बैठते हैं तो शरीर की कई मांसपेशियां एक्टिव रहती हैं। इससे शरीर का पोश्चर बेहतर होता है और हल्की-फुल्की ज्यादा एनर्जी भी खर्च होती है। लंबे समय तक झुककर बैठने से बचना चाहिए और समय-समय पर अपनी बैठने की स्थिति में बदलाव करते रहना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: महिलाओं को उम्र के साथ कैलोरी नहीं, प्रोटीन पर ज्यादा ध्यान क्यों देना चाहिए? जानें एक्सपर्ट से
6. छोटी-छोटी गतिविधियों को आदत बनाएं
कैलोरी बर्न करने के लिए दिनभर में ज्यादा चलने-फिरने की कोशिश करना फायदेमंद हो सकता है। इसके लिए आप लिफ्ट की जगह सीढ़ियों का इस्तेमाल करें, चीजें ऑनलाइन ऑर्डर करने के स्थान पर पास की दुकान तक पैदल चलकर जाएं, फोन पर बात करने के दौरान टहलें और घर के छोटे-छोटे काम खुद करें। ये सभी गतिविधियां मिलकर दिनभर में अच्छी-खासी कैलोरी बर्न करने में मदद कर सकती हैं।
निष्कर्ष
फिट रहने के लिए हमेशा जिम जाना जरूरी नहीं है, बल्कि आप अपनी रोजाना के रूटीन में थोड़ा ज्यादा एक्टिव रहकर, पोश्चर बेहतर रखकर, अच्छी नींद लेकर, धूप में बैठने और ज्यादा चलने या फिरने जैसी आदतों को अपना कर भी कैलोरी बर्न कर सकते हैं। अगर आप इन आदतों के साथ हेल्दी डाइट और नियमित रूप से हल्की शारीरिक गतिविधियां अपनी रूटीन में शामिल करते हैं तो कैलोरी बर्न करना ज्यादा आसान हो सकता है।
Image Credit: Freepik
FAQ
1 दिन में कितना कैलोरी बर्न होना चाहिए?
वजन कम करने के लिए आमतौर पर रोजाना अपनी जरूरत से 500 से 1000 कैलोरी कम करना सबसे सुरक्षित माना जाता है। इससे एक हफ्ते में लगभग 0.5 से 1 किलोग्राम वजन कम होता है।1 घंटा खड़े रहने से कितनी कैलोरी बर्न होती है?
1 घंटा खड़े रहने से आमतौर पर 70 से 130 कैलोरी बर्न होती हैं। यह मात्रा आपके वजन, जेंडर और उम्र पर निर्भर करती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 09, 2026 17:05 IST
Modified By : Katyayani Tiwari Jul 09, 2026 17:05 IST
Modified By : Katyayani TiwariJul 09, 2026 17:05 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dt Rakshita Mehra