आज के समय में कई लोग हेयर फॉल को केवल तनाव, प्रदूषण, गंदे पानी या गलत शैंपू से जोड़ते हैं, जबकि शरीर में जरूरी पोषक तत्वों की कमी भी बालों की सेहत को प्रभावित कर सकती है। इन्हीं पोषक तत्वों में से एक है प्रोटीन, जो बालों की मजबूती और ग्रोथ के लिए बेहद जरूरी माना जाता है।
नियो फॉलिकल हेयर ट्रांसप्लांट एंड डर्मासोल्यूशन्स, बेंगलुरु के डायरेक्टर और सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट, डॉ. संदीप महापात्रा बताते हैं कि हमारे बाल मुख्य रूप से केराटिन नामक प्रोटीन से बने होते हैं। ऐसे में जब शरीर को पर्याप्त मात्रा में प्रोटीन नहीं मिलता, तो बालों की संरचना कमजोर हो सकती है और बाल पतले, रूखे या ज्यादा झड़ने लग सकते हैं। हालांकि, हर हेयर फॉल का कारण प्रोटीन की कमी नहीं होता।
क्या प्रोटीन की कमी से बाल झड़ते हैं?
डॉ. संदीप महापात्रा बताते हैं, ''बैलेंस डाइट बालों की सेहत के लिए बेहद जरूरी है। हालांकि, हर तरह का हेयर फॉल केवल प्रोटीन की कमी के कारण नहीं होता। बाल झड़ने के पीछे आयरन की कमी, हार्मोनल बदलाव, थायराइड समस्या, तनाव और अन्य पोषक तत्वों की कमी भी जिम्मेदार हो सकती है। प्रोटीन शरीर में नई सेल्स के निर्माण और टिश्यू की मरम्मत के लिए जरूरी होता है। जब शरीर को पर्याप्त प्रोटीन नहीं मिलता, तो वह एनर्जी बचाने के लिए जरूरी अंगों को प्राथमिकता देता है और बालों की ग्रोथ धीमी हो सकती है।''
प्रोटीन की कमी के कारण कुछ लोगों में बाल कमजोर, पतले और रूखे हो सकते हैं। इसके अलावा बालों की ग्रोथ साइकिल प्रभावित हो सकती है, जिससे हेयर फॉल बढ़ सकता है। कुछ लोगों में प्रोटीन की कमी होने की संभावना ज्यादा हो सकती है, जैसे-
- बहुत कम कैलोरी वाली डाइट लेने वाले लोग
- तेजी से वजन कम करने की कोशिश करने वाले लोग
- पर्याप्त प्रोटीन न लेने वाले शाकाहारी लोग
- बुजुर्ग लोग जो बैलेंस डाइट नहीं लेते
यदि बाल झड़ने के साथ कमजोरी, मांसपेशियों में कमी या थकान जैसी समस्या भी हो, तो डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर होता है।
साल 2017 में Dermatology Practical & Conceptual Journal में प्रकाशित रिव्यू के अनुसार, प्रोटीन की कमी (जैसे क्वाशियोरकोर और मैरास्मस में) से बालों में बदलाव आ सकते हैं, जिनमें बालों का पतला होना और झड़ना शामिल है। शरीर में प्रोटीन की पर्याप्त मात्रा न होने पर बालों की जड़ें कमजोर हो जाती हैं, जिससे बाल पतले, सूखे और बेजान होकर तेजी से झड़ने लगते हैं। बालों को झड़ने से रोकने और उन्हें हेल्दी बनाए रखने के लिए डाइट में प्रोटीन युक्त भोजन शामिल करना बेहद जरूरी है।
इसे भी पढ़ें: बाल झड़ने का कारण कहीं विटामिन B12 की कमी तो नहीं? डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें कनेक्शन

बालों के लिए कौन से प्रोटीन युक्त फूड्स फायदेमंद हैं?
डॉ. संदीप महापात्रा बताते हैं कि बालों की मजबूती के लिए डाइट में पर्याप्त प्रोटीन शामिल करना जरूरी है। इसके लिए आप इन चीजों को भोजन में शामिल कर सकते हैं-
- दालें और बीन्स: इनमें प्लांट बेस्ड प्रोटीन अच्छी मात्रा में पाया जाता है।
- पनीर और दूध: डेयरी प्रोडक्ट्स प्रोटीन के अच्छे सोर्स होते हैं।
- अंडा: इसमें हाई क्वालिटी वाला प्रोटीन पाया जाता है।
- मछली और चिकन: नॉन-वेजिटेरियन लोगों के लिए ये अच्छे प्रोटीन सोर्स हो सकते हैं।
- नट्स और बीज: बादाम, अखरोट, कद्दू के बीज जैसे फूड्स पोषण प्रदान करते हैं।
- सोया प्रोडक्ट: सोया चंक्स और टोफू भी प्रोटीन से भरपूर होते हैं।
डॉ. संदीप महापात्रा के अनुसार, यदि हेयर फॉल का कारण प्रोटीन की कमी है, तो डाइट में सुधार से मदद मिल सकती है लेकिन हर व्यक्ति में बाल झड़ने की वजह अलग हो सकती है। इसलिए केवल प्रोटीन सप्लीमेंट लेना समाधान नहीं है। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर आयरन, विटामिन B12, विटामिन D, थायराइड और अन्य हेल्थ चेकअप की सलाह दे सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: डिलीवरी के बाद कितने महीने तक बाल झड़ते हैं? डर्मेटोलॉजिस्ट से जानें Postpartum Hair Fall कब रुकता है
NIH की Fact sheet के अनुसार, बायोटिन हमारे शरीर के लिए एक बेहद जरूरी विटामिन है, जो कई तरह के फूड्स से आसानी से मिल जाता है। ऑर्गन मीट, अंडे, मछली, मीट, बीज, मेवे और शकरकंद जैसे फूस्ड बायोटिन के मुख्य और बेहतरीन सोर्स हैं। हालांकि, मौसम और डिब्बाबंद जैसी प्रोसेसिंग तकनीकों के कारण भोजन में बायोटिन की मात्रा घट-बढ़ सकती है।
एक ध्यान देने योग्य बात यह है कि कच्चे अंडे की सफेदी में 'एविडिन' नाम का प्रोटीन होता है, जो बायोटिन को शरीर में सोखने यानी अवशोषित होने से रोकता है लेकिन जब अंडे को अच्छी तरह पका लिया जाता है, तो यह एविडिन निष्क्रिय हो जाता है और बायोटिन शरीर को आसानी से मिल जाता है। इसलिए, सही और पका हुआ आहार लेना फायदेमंद है।
निष्कर्ष
प्रोटीन की कमी बालों को कमजोर करने और हेयर फॉल बढ़ाने का एक कारण हो सकती है। हालांकि, हर बार बाल झड़ने के पीछे केवल प्रोटीन की कमी जिम्मेदार नहीं होती। सही कारण जानने के लिए एक्सपर्ट की सलाह और जरूरत पड़ने पर जांच जरूरी है। बैलेंस डाइट, पर्याप्त प्रोटीन और सही हेयर केयर रूटीन अपनाकर बालों की सेहत को बेहतर बनाया जा सकता है।
All Image Credit- magnific
FAQ
रोजाना कितनी मात्रा में प्रोटीन लेना जरूरी होता है?
प्रोटीन की जरूरत व्यक्ति की उम्र, वजन, फिजिकल एक्टिविटी और स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करती है। सही मात्रा जानने के लिए अपनी डाइट और जरूरत के अनुसार, एक्सपर्ट की सलाह लेना बेहतर होता है।क्या रोज प्रोटीन पाउडर लेना जरूरी है?
हर व्यक्ति को प्रोटीन सप्लीमेंट की जरूरत नहीं होती। ज्यादातर लोगों की जरूरत बैलेंस डाइट से पूरी हो सकती है। सप्लीमेंट लेने से पहले डॉक्टर या न्यूट्रिशनिस्ट की सलाह लेनी चाहिए।क्या अचानक वजन कम करने से बाल झड़ सकते हैं?
बहुत तेजी से वजन कम करने या कम पोषण वाली डाइट लेने से शरीर में प्रोटीन और अन्य पोषक तत्वों की कमी हो सकती है, जिससे हेयर फॉल बढ़ सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 31, 2026 17:09 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Sandeep Mahapatra