जब भी डैंड्रफ की बात आती है, तो ज्यादातर लोग इसे केवल स्कैल्प से जुड़ी समस्या समझते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं कि डैंड्रफ का असर चेहरे के उन हिस्सों पर भी दिखाई दे सकता है जहां बाल होते हैं? कई लोगों को आइब्रो, दाढ़ी और मूंछों में सफेद परतें, खुजली और स्किन के झड़ने जैसी समस्या का सामना करना पड़ता है। अक्सर लोग इसे सामान्य ड्राईनेस समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि कई बार यह सेबोरिक डर्मेटाइटिस जैसी स्किन संबंधी समस्या का संकेत हो सकता है।
नियो फॉलिकल हेयर ट्रांसप्लांट एंड डर्मासोल्यूशन्स, बेंगलुरु के डायरेक्टर और सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट, डॉ. संदीप महापात्रा के अनुसार, चेहरे पर डैंड्रफ को कंट्रोल करने के लिए सही स्किन केयर रूटीन अपनाना जरूरी है। सिर के लिए इस्तेमाल होने वाले हर प्रोडक्ट को चेहरे पर लगाना सुरक्षित नहीं होता, क्योंकि चेहरे की स्किन ज्यादा सेंसिटिव होती है।
आइब्रो और दाढ़ी में डैंड्रफ का असर
डॉ. संदीप महापात्रा बताते हैं, ''डैंड्रफ जैसी समस्या शरीर के उन हिस्सों को भी प्रभावित कर सकती है जहां ऑयल ग्लैंड्स ज्यादा एक्टिव होते हैं। इसलिए यदि सिर के साथ-साथ आइब्रो या दाढ़ी में भी फ्लेक्स नजर आ रहे हैं, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डैंड्रफ केवल सिर तक सीमित नहीं रहता। स्कैल्प की तरह आइब्रो और दाढ़ी वाले हिस्से में भी स्किन की सेल्स तेजी से बनकर झड़ सकती हैं। इसके कारण सफेद या पीले रंग की परतें दिखाई दे सकती हैं।'' चेहरे के इन हिस्सों में डैंड्रफ होने पर आमतौर पर ये लक्षण नजर आ सकते हैं-
- आइब्रो या दाढ़ी में सफेद फ्लेक्स
- खुजली या जलन
- स्किन का लाल होना
- ड्राई या ऑयली स्किन
- बालों के आसपास पपड़ी जमना
आइब्रो और दाढ़ी में डैंड्रफ क्यों होता है?
डॉ. संदीप महापात्रा बताते हैं, ''डैंड्रफ का कारण स्कैल्प और स्किन पर मौजूद Malassezia यीस्ट की ज्यादा सक्रियता हो सकती है। यह सामान्य रूप से स्किन पर मौजूद होता है, लेकिन कुछ लोगों में इसकी एक्टिविटी बढ़ने पर सूजन और फ्लेकिंग की समस्या शुरू हो सकती है। इसके अलावा कुछ अन्य कारण भी आइब्रो और दाढ़ी में डैंड्रफ बढ़ा सकते हैं-
इसे भी पढ़ें: स्कैल्प सोरायसिस या सीवियर डैंड्रफ: डॉक्टर से जानें दोनों के लक्षणों में कैसे पहचानें अंतर
- स्किन में ज्यादा तेल बनना
- मौसम में बदलाव
- तनाव और नींद की कमी
- गलत स्किन केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल
- स्किन की सेंसिटिविटी
क्या चेहरे के डैंड्रफ के लिए सिर वाला शैंपू इस्तेमाल कर सकते हैं?
डॉ. संदीप महापात्रा के अनुसार, चेहरे की स्किन सिर की स्किन से ज्यादा सेंसिटिव होती है। इसलिए स्कैल्प के लिए बने किसी भी एंटी डैंड्रफ शैंपू को सीधे चेहरे पर लगाने से पहले सावधानी बरतनी चाहिए। कुछ मामलों में डॉक्टर ऐसे प्रोडक्ट्स या मेडिकेटेड शैंपू की सलाह दे सकते हैं, जिन्हें सीमित मात्रा और सही तरीके से इस्तेमाल करना होता है। खुद से किसी भी केमिकल वाले प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने से जलन या ड्राईनेस बढ़ सकती है।
साल 2022 में Current Topics in Medicinal Chemistry में प्रकाशित रिव्यू के अनुसार, डैंड्रफ स्कैल्प की एक आम समस्या है, जिससे मुख्य रूप से पुरुष प्रभावित होते हैं। यह समस्या मुख्य रूप से खोपड़ी पर पाए जाने वाले सूक्ष्मजीवों के असंतुलन और ज्यादा विकास के कारण होती है। वर्तमान में डैंड्रफ के इलाज के लिए कई सिंथेटिक एंटीफंगल दवाओं और रसायनों जैसे कीटोकॉनैजोल, जिंक पायरीथियोन और सैलिसिलिक एसिड का उपयोग किया जाता है। हालांकि ये उपचार प्रभावी हैं, लेकिन इनके लगातार इस्तेमाल से सिर में जलन, खुजली, ड्राईनेस, बालों का झड़ना और कभी-कभी सिरदर्द या मतली जैसे साइड इफेक्ट भी हो सकते हैं।
- इन नुकसानों से बचने के लिए नेचुरल और सुरक्षित विकल्पों की जरूरत बढ़ी है।
- इस रिसर्च से पता चलता है कि विभिन्न पौधों के अर्क और एसेंशियल ऑयल्स जैसे टी ट्री ऑयल (Tea tree oil), थायम (Thyme), एलोवेरा और पुदीना डैंड्रफ पैदा करने वाले रोगाणुओं को नष्ट करने में सक्षम हैं।
- ये नेचुरल तत्व रोगाणुओं की बढ़ोतरी को रोककर स्किन को हेल्दी रखने में मदद करते हैं। हालांकि, इंसानों पर इनकी प्रभावशीलता और सुरक्षा के लिए व्यापक प्री-क्लिनिकल और क्लिनिकल रिसर्च की जरूरत है।
कब डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए?
यदि आइब्रो या दाढ़ी में डैंड्रफ के साथ लगातार खुजली, लालिमा, जलन, मोटी परतें या स्किन फटने जैसी समस्या हो रही है, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह लेना बेहतर है। कई बार यह केवल डैंड्रफ नहीं बल्कि एक्जिमा, सोरायसिस या अन्य स्किन संबंधी समस्या भी हो सकती है, जिसके लिए अलग इलाज की जरूरत होती है।
निष्कर्ष
डैंड्रफ केवल सिर की समस्या नहीं है। यह आइब्रो, दाढ़ी और मूंछों वाले हिस्सों को भी प्रभावित कर सकता है, खासकर जब स्किन पर तेल प्रोडक्शन और यीस्ट की एक्टिविटी बढ़ जाती है। सही सफाई, उचित स्किन केयर और जरूरत पड़ने पर एक्सपर्ट की सलाह से इस समस्या को कंट्रोल किया जा सकता है। यदि चेहरे पर डैंड्रफ लंबे समय तक बना रहे या लक्षण बढ़ते जाएं, तो समय पर डर्मेटोलॉजिस्ट से जांच कराना बेहतर होता है।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या चेहरे पर डैंड्रफ के कारण मुंहासे हो सकते हैं?
कुछ लोगों में ज्यादा तेल, स्किन की जलन या गलत प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल से त्वचा संबंधी अन्य समस्याएं हो सकती हैं, लेकिन डैंड्रफ और मुंहासों का संबंध हर व्यक्ति में अलग हो सकता है।क्या तनाव से डैंड्रफ बढ़ सकता है?
तनाव शरीर में हार्मोनल और इम्यून बदलाव ला सकता है, जिससे कुछ लोगों में डैंड्रफ की समस्या बढ़ सकती हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 31, 2026 16:47 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Sandeep Mahapatra
