सिर में खुजली और स्कैल्प पर लगातार फ्लेक्स नजर आना डैंड्रफ यानी रूसी की समस्या के संकेत हो सकते हैं। कई लोग डैंड्रफ को खत्म करने के लिए तरह-तरह के शैंपू, घरेलू उपाय और हेयर केयर प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, लेकिन कई बार गलत तरीके से शैंपू करना ही समस्या को बढ़ा सकता है। नियो फॉलिकल हेयर ट्रांसप्लांट एंड डर्मासोल्यूशन्स, बेंगलुरु के डायरेक्टर और सीनियर कंसल्टेंट डर्मेटोलॉजिस्ट, डॉ. संदीप महापात्रा के अनुसार, एंटी-डैंड्रफ शैंपू का सही इस्तेमाल बहुत जरूरी होता है। केवल महंगा शैंपू खरीद लेना समस्या का समाधान नहीं है। शैंपू को कितनी मात्रा में लगाना है, कितनी देर तक स्कैल्प पर रखना है और कितनी बार इस्तेमाल करना है, यह सब डैंड्रफ की स्थिति और स्कैल्प के प्रकार पर निर्भर करता है।
डैंड्रफ बढ़ा सकती हैं शैंपू की ये 3 गलतियां
डॉ. संदीप महापात्रा के अनुसार, ज्यादातर मेडिकेटेड शैंपू को स्कैल्प पर 3 से 5 मिनट तक छोड़ना चाहिए ताकि उसमें मौजूद एक्टिव तत्व प्रभावी ढंग से काम कर सकें। तुरंत धो देने से सही फायदा नहीं मिल पाता है।
1. जरूरत से ज्यादा या बहुत कम बाल धोना
डॉ. संदीप महापात्रा बताते हैं कि कुछ लोग सोचते हैं कि रोजाना शैंपू करने से डैंड्रफ बढ़ जाएगा, जबकि कुछ लोग दिन में एक से ज्यादा बार बाल धोने लगते हैं। दोनों आदतें स्कैल्प के नेचुरल बैलेंस को प्रभावित कर सकती हैं। स्कैल्प के प्रकार और डैंड्रफ की गंभीरता के अनुसार डॉक्टर सही हेयर वॉश रूटीन की सलाह देते हैं। शैंपू का काम स्कैल्प की सफाई करना होता है, लेकिन कई लोग केवल बालों की लंबाई पर ही शैंपू लगाते हैं। इससे स्कैल्प पर जमा तेल, डेड सेल्स और फ्लेक्स पूरी तरह साफ नहीं हो पाते। शैंपू को हल्के हाथों से स्कैल्प पर लगाकर अच्छी तरह साफ करना जरूरी है।
2. बार-बार शैंपू बदलना
डॉ. संदीप महापात्रा बताते हैं कि कई लोग हर कुछ दिनों में नया शैंपू इस्तेमाल करने लगते हैं। इससे स्कैल्प को किसी एक इलाज का पूरा फायदा नहीं मिल पाता। यदि मेडिकेटेड शैंपू डॉक्टर की सलाह पर शुरू किया गया है, तो उसे डॉक्टर की सलाह अनुसार, पर्याप्त समय तक इस्तेमाल करना चाहिए और शैंपू का इस्तेमाल बंद करने के बाद क्या हेयर केयर रूटीन होना चाहिए ये भी डॉक्टर से जरूरी पूछें।
इसे भी पढ़ें: क्या ड्राई बालों को हफ्ते में एक बार धोना काफी होता है? जानें डर्मेटोलॉजिस्ट की राय
3. गर्म पानी से बाल धोना
बहुत गर्म पानी से बाल धोने पर स्कैल्प में ड्राईनेस और जलन बढ़ सकती है। इससे कुछ लोगों में खुजली और फ्लेकिंग की समस्या ज्यादा महसूस हो सकती है। बाल धोने के लिए सामान्य तापमान के पानी का इस्तेमाल बेहतर माना जाता है। इसके अलावा डैंड्रफ के कारण खुजली होना आम बात है, लेकिन नाखूनों से जोर-जोर से सिर खुजलाने या रगड़ने से स्कैल्प में पर हल्की चोटें आ सकती हैं। इससे जलन, इंफेक्शन और समस्या बढ़ने का खतरा हो सकता है। खुजली ज्यादा होने पर डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर है।

डैंड्रफ हटाने के लिए क्या करें?
डॉ. संदीप महापात्रा सलाह देते हैं कि डैंड्रफ को होने से रोकने और इसे दूर करने के लिए हेयर हाइजीन मेंटेन करना बहुत जरूरी है। खासतौर जिन लोगों को डैंड्रफ की समस्या रहती है वे बरसात के मौसम में हफ्ते में 3 से 4 बार बालों को डॉक्टर की सलाह अनुसार, सैलिसिलिक एसिड युक्त मेडिकेटेड शैंपू से धोएं। इसके अलावा स्कैल्प की मसाज, स्कैल्प को सूखा रखना भी बहुत जरूरी है।
साल 2010 में Indian Journal of Dermatology में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार, सैलिसिलिक एसिड एक बीटा हाइड्रॉक्सिल एसिड केराटिनोलिटिक एजेंट है जो पपड़ीदार हाइपरकेराटोटिक स्किन को हटाने में मददगार है। यह कॉर्निओसाइट्स के बीच सेल-टू-सेल जुड़ाव को कम करता है। इस एजेंट का इस्तेमाल एंटी-डैंड्रफ की दवाओं में बड़े पैमाने पर किया जाता है।
निष्कर्ष
डैंड्रफ को कंट्रोल करने के लिए केवल शैंपू खरीदना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसका सही तरीके से उपयोग करना भी उतना ही जरूरी है। एंटी-डैंड्रफ शैंपू को सही समय तक स्कैल्प पर रखना, स्कैल्प की नियमित सफाई करना, बहुत गर्म पानी से बचना और बार-बार शैंपू बदलने जैसी गलतियों से बचना डैंड्रफ को कंट्रोल करने में मदद कर सकता है। यदि कई सप्ताह तक सही देखभाल के बावजूद रूसी, खुजली या स्कैल्प की समस्या बनी रहे, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से जांच कराकर उचित इलाज लेना चाहिए।
All Image Credit- magnific
FAQ
क्या डैंड्रफ होने पर हेयर कंडीशनर का इस्तेमाल करना चाहिए?
कंडीशनर का इस्तेमाल किया जा सकता है, लेकिन इसे स्कैल्प पर लगाने से बचना चाहिए। कंडीशनर केवल बालों की लंबाई और सिरों पर लगाना अच्छा होता है।क्या ऑयली स्कैल्प वाले लोगों को ज्यादा डैंड्रफ होता है?
ऑयली स्कैल्प में डैंड्रफ की समस्या ज्यादा दिखाई दे सकती है क्योंकि एक्स्ट्रा तेल स्कैल्प पर यीस्ट की ग्रोथ को बढ़ावा दे सकता है।क्या बालों में तेल लगाने से डैंड्रफ कम हो जाता है?
तेल लगाने से कुछ लोगों को ड्राईनेस में राहत मिल सकती है, लेकिन ऑयली स्कैल्प वाले डैंड्रफ में ज्यादा तेल लगाने से समस्या बढ़ भी सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 30, 2026 18:33 IST
Published By : Akanksha Tiwari
Reviewed By : Dr Sandeep Mahapatra