बालों और स्कैल्प को साफ करने के लिए ज्यादातर लोग शैंपू का इस्तेमाल करते हैं और शैंपू करके उन्हें इस बात का संतोष हो जाता है कि बाल और स्कैल्प साफ हो गया है, लेकिन क्या सच में ऐसा होता है? कई लोग शैंपू करने के बाद भी स्कैल्प में खुजली और शैंपू के कुछ घंटे बाद ही बालों में चिपचिपापन महसूस करते हैं। यह इस बात का संकेत हो सकता है कि आपका स्कैल्प पूरी तरह से साफ नहीं हुआ है और अभी भी स्कैल्प में हेयर प्रोडक्ट्स, धूल, पसीना मौजूद है। इसे मेडिकल भाषा में स्कैल्प बिल्डअप कहा जाता है। स्कैल्प बिल्डअप होना आम बात है, लेकिन उसे साफ न किया जाए, तो यह आगे चलकर हेयर प्रॉब्लम्स जैसे डैंड्रफ, सिर में खुजली या हेयर फॉल का कारण बन सकता है। जानें स्कैल्प बिल्डअप क्यों होता है और इससे छुटकारा कैसे पाएं? बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Chandni Jain, Dermatologist, Cosmetologist And Hair Transplant Surgeon At Elantis Healthcare, New Delhi से बात की।
स्कैल्प बिल्डअप क्या होता है?
स्कैल्प बिल्डअप यानी स्कैल्प पर जमाव तब होता है जब त्वचा का नेचुरल सीबम, पसीना, हेयर प्राेडक्ट्स, डेड स्किन सेल्स वगैरह सब मिलकर स्कैल्प पर जमा हो जाते हैं। स्कैल्प बिल्डअप के कारण स्कैल्प पर पपड़ी बन सकती है या खुजली करते समय नाखूनों में गंदगी दिख सकती है।
यह भी पढ़ें- क्या ड्राई शैंपू स्कैल्प के लिए सेफ है? डॉक्टर से जानें
स्कैल्प बिल्डअप के कारण क्या हैं?
स्कैल्प पर बिल्डअप तब होता है जब एक या अधिक चीजें स्कैल्प पर चिपक जाती हैं। इसमें कई हेयर प्रोडक्ट्स जैसे कंडीशनर, स्टाइलिंग क्रीम या जेल, शैंपू, तेल वगैरह शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा पसीना, सीबम और डेड स्किन सेल्स भी बिल्डअप का हिस्सा हो सकते हैं।
American Academy Of Dermatology के मुताबिक, स्कैल्प बिल्डअप का एक कारण सोरायसिस भी हो सकता है। स्कैल्प सोरायसिस में अक्सर खुजली होती है, लाल रंग का पैच नजर आता है, डैंड्रफ जैसी पपड़ी जमती है और स्कैल्प ड्राई हो सकता है। इसके अलावा काली हेयर डाई में पैरा-फेनिलीन डायमाइन (PPD) नामक तत्व पाया जाता है, अगर यह स्कैल्प बिल्डअप का हिस्सा होगा, तो आगे चलकर यह कॉन्टैक्ट डर्मेटाइटिस का एक कारण बन सकता है।
यह भी पढ़ें- स्विमिंग पूल के पानी में मौजूद क्लोरीन बालों को कैसे डैमेज कर सकता है? जानें बचाव के उपाय
स्कैल्प बिल्डअप का इलाज क्या है?

1. मेडिकेटेड शैंपू का इस्तेमाल करें
अगर डैंड्रफ या फंगल इंफेक्शन के कारण स्कैल्प बिल्डअप हो रहा है, तो डॉक्टर केटोकोनाजोल (Ketoconazole), सेलेनियम सल्फाइड, सैलिसिलिक एसिड युक्त शैंपू को इस्तेमाल करने की सलाह दे सकते हैं।
2. क्लेरिफाइंग शैंपू का प्रयोग
डॉक्टर की सलाह पर महीने में एक से दो बार क्लेरिफाइंग शैम्पू (Clarifying Shampoo) का इस्तेमाल करें। यह एक प्रकार का डीप क्लींजिंग शैंपू होता है जो बालों और स्कैल्प पर जमा बिल्डअप या जिद्दी अवशेषों को गहराई से साफ करता है। यह आम शैंपू की तुलना में बालों और स्कैल्प को गहराई से डिटॉक्स करता है।
3. एक्सफोलिएटिंग स्कैल्प स्क्रब या स्कैल्प ब्रश का इस्तेमाल करें
स्किन की तरह स्कैल्प को भी स्क्रब कर सकते हैं, लेकिन केवल डॉक्टर की सलाह पर ही इसका प्रयोग करें। इससे स्कैल्प और बालों की जड़ों में जमा प्रोडक्ट्स धीरे-धीरे साफ हो जाते हैं। इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और हेयर ग्रोथ में मदद मिलती है।
4. पोषक तत्वों से भरी डाइट लें
डाइट में ओमेगा 3, प्रोटीन, जिंक, विटामिन ए जैसे पोषक तत्वों को शामिल करें। इससे स्कैल्प और बालों को हेल्दी रखने में मदद मिलेगी। साथ ही इससे स्ट्रेस घटेगा और हार्मोन्स कंट्रोल होंगे, जो सीबम के बनने पर असर डालते हैं।
5. सही हेयर प्रोडक्ट्स को चुनें
ऐसे हेयर प्रोडक्ट्स चुनें जिसमें सल्फेट या पैराबेन न हों क्योंकि ये बिल्डअप या गंदगी को और बढ़ा सकते हैं। अगर ऑयली स्किन है, तो ऐसे शैंपू न चुनें जो ज्यादा थिक या ऑयली हों।
यह भी पढ़ें- कहीं आपकी टाइट चोटी हेयर फॉल का कारण तो नहीं? जानें एक्सपर्ट से
स्कैल्प बिल्डअप से बचने के लिए क्या करें?
- नियमित रूप से बालों को ब्रश करें, उलझे बालों में ज्यादा गंदगी जम सकती है या बाल उलझे रहेंगे और आप कंघी नहीं करेंगे, तो स्कैल्प बिल्डअप कम नहीं होगा।
- अगर सोरायसिस या एक्जिमा की वजह से स्कैल्प पर गंदगी जमा हो रही है, तो डॉक्टर से संपर्क करना न भूलें।
- शैंपू को तुरंत स्कैल्प पर लगाकर न धोएं। कुछ देर स्कैल्प पर शैंपू को हल्के हाथ से रगड़ें और उसके बाद बालों को पानी से धो लें।
- हेयर प्रोडक्ट्स की मात्रा कम से कम रखें।
- ऑयल को ज्यादा देर के लिए स्कैल्प पर लगाकर न छोड़ें। नहाने से 15 से 20 मिनट पहले ही ऑयल लगाएं, वरना धूल और गंदगी बालों पर चिपक सकती है।
यह भी पढ़ें- बाल धोते समय आप भी करते हैं ये गलतियां, तो हो सकता है आपके बालों को नुकसान
डॉक्टर से संपर्क कब करें?
- अगर आपने बालों में जमा गंदगी पूरी तरह साफ नहीं हो रही है और बाल चिपचिपे, ऑयली और बेजान नजर आ रहे हैं, तो डॉक्टर से सलाह लें। बिल्डअप के कारण हेयर ग्रोथ भी प्रभावित हो सकती है इसलिए समय पर डॉक्टर से सलाह लें।
- सिर में खुजली, रेडनेस, पपड़ी जमना, जलन होना, एक्ने, डैंड्रफ, सूजन, हेयर फॉल वगैरह को हल्के में न लें, यह गंभीर बीमारी के लक्षण हो सकते हैं।
निष्कर्ष:
स्कैल्प बिल्डअप से छुटकारा पाने के लिए मेडिकेटेड शैंपू, क्लेरिफाइंग शैंपू, एक्सफोलिएटिंग स्कैल्प स्क्रब या स्कैल्प ब्रश, सही हेयर प्रोडक्ट्स का चुनाव और पोषक तत्वों से भरी डाइट लें। स्कैल्प बिल्डअप से बचने के लिए समय-समय पर कंघी करें, हेयर प्रोडक्ट्स का कम इस्तेमाल करें और स्कैल्प को शैंपू लगाकर एक से दो मिनट तक साफ करें ताकि गंदगी अच्छी तरह से हट जाए।
FAQ
डैंड्रफ और स्कैल्प बिल्डअप एक ही होता है?
नहीं डैंड्रफ, स्कैल्प बिल्डअप के कारण हो सकता है जबकि बिल्डअप में तेल, पसीना, डेड स्किन सेल्स और हेयर प्रोडक्ट्स के अवशेष शामिल हो सकते हैं।राेज बाल धोने से स्कैल्प बिल्डअप खत्म हो जाता है?
नहीं। बार-बार बाल धोने से स्कैल्प और अधिक ऑयली हो सकता है। सही शैंपू और स्कैल्प की जरूरत के मुताबिक ही हेयर वॉश करना चाहिए।स्कैल्प बिल्डअप से बालों की ग्रोथ रुक सकती है?
हां। अगर लंबे समय तक स्कैल्प पर गंदगी या अवशेष जमा रहें, तो स्किन पोर्स बंद हो सकते हैं और हेयर ग्रोथ प्रभावित हो सकती है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jul 13, 2026 21:51 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Chandni Jain Gupta