वाहन चलाते समय सड़क दुर्घटना से बचने के लिए हेलमेट लगाना जरूरी है, लेकिन हेलमेट अगर गंदा और धूल-मिट्टी से भरा हो, तो यह स्कैल्प इंफेक्शन का कारण बन सकता है। कई लोग हेलमेट को केवल एक सुरक्षा उपकरण के तौर पर देखते हैं और इसकी सफाई पर गौर नहीं करते। किसी भी अन्य वस्तु की तरह हेलमेट भी एक समय के बाद गंदा हो जाता है और इसे साफ करने की जरूरत होती है। ऐसा न करने से यह स्कैल्प की सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है और एक्ने, खुजली या रैशेज जैसी समस्याएं होने लगती हैं। आइए जानते हैं गंदे हेलमेट से होने वाले स्कैल्प इंफेक्शन से बचाव कैसे करें? बेहतर जानकारी के लिए हमने Dr. Chandni Jain Gupta, Dermatologist, Cosmetologist And Hair Transplant Surgeon At Elantis Healthcare, New Delhi से बात की।
साल 2026 में Medical Laboratory Network में प्रकाशित एक स्टडी में मोटरसाइकिल चालकों के हेलमेट की जांच की गई जिसमें 18.9% सैंपल में फंगस पाए गए। जांच में हेलमेट की साफ-सफाई और फंगल ग्रोथ के बीच संबंध मिला। इस स्टडी से यह पता चला कि गंदे हेलमेट से फंगल इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है जो स्कैल्प इंफेक्शन का कारण बन सकता है।
गंदे हेलमेट पर सूक्ष्मजीव पनपकर इंफेक्शन फैला सकते हैं
dirty-helmet-cause-scalp-infection
लंबे समय तक हेलमेट पहनने के कारण सिर का पसीना और प्राकृतिक तेल हेलमेट की सतह पर जमा हो जाता है और उसके साथ धूल और डेड स्किन भी मिल जाती है। पसीने के कारण हेलमेट पर जमा नमी, सूक्ष्मजीवों के लिए अनुकूल वातावरण बनाती है जिसके कारण स्कैल्प इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है। इसलिए स्कैल्प और बालों को साफ करने के साथ-साथ हेलमेट को भी साफ रखना जरूरी है।
यह भी पढ़ें- ऑयली स्कैल्प और चिपचिपे बालों से छुटकारा कैसे पाएं? जानें 7 आसान और असरदार तरीके
किसी अन्य व्यक्ति का हेलमेट शेयर न करें
किसी दूसरे व्यक्ति के साथ हेलमेट शेयर करने से बचें, खासकर अगर हेलमेट की अंदरूनी सतह साफ न हो। अलग-अलग लोगों के पसीने और स्कैल्प के संपर्क में आने से इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है।
गीला हेलमेट तुरंत इस्तेमाल न करें
ज्यादा पसीने के कारण हेलमेट अंदर से गीला हो जाए, तो उसे अच्छी तरह सूखने दें। बारिश से हेलमेट गीला हो जाए, तो उसे सूखने पर इस्तेमाल करें और बारिश का पानी लगने के बाद हेलमेट को अच्छी तरह से साफ करें।
ज्यादा पसीना आने पर बाल धोएं
अगर हेलमेट पहनने के बाद सिर पर बहुत ज्यादा पसीना आता है, तो स्कैल्प की सफाई पर खास ध्यान दें। बालों की जरूरत के अनुसार माइल्ड शैंपू का इस्तेमाल करें। हालांकि, हर दिन शैंपू लगाने से बचें और हेल्दी हेयर केयर रूटीन फॉलो करें।
हेलमेट की अंदरूनी पैडिंग को साफ रखें
हेलमेट की अंदरूनी पैडिंग सीधे सिर और स्कैल्प के संपर्क में रहती है, इसलिए इसमें पसीना, तेल, धूल और डेड स्किन जमा हो सकती है। इसकी नियमित सफाई पर गौर करें और पैडिंग को पूरी तरह सूखने दें और उसके बाद ही हेलमेट में लगाएं। पैडिंग को साफ करने के लिए हार्ड केमिकल इस्तेमाल करने से बचें।
स्कैल्प इंफेक्शन से कैसे बचें?
- स्कैल्प को साफ रखें। माइल्ड शैंपू और कंडीशनर का इस्तेमाल करें। अगर बालों में डैंड्रफ या इंफेक्शन है, तो डॉक्टर की सलाह पर शैंपू का चुनाव करें।
- कंघी या किसी भी हेयर उपकरण को हफ्ते में कम से कम एक बार साफ जरूर करें।
- दूसरों की कंघी या कोई अन्य वस्तु का इस्तेमाल अपने बालों पर न करें।
- बालों को बाहर जाते समय बांधकर रखें ताकि धूल और गंदगी जमा न हो। बालों को बाहर कवर करके रखने का प्रयास करें।
- पसीने से भीगे कपड़े या कैप लंबे समय तक न पहनें, इन्हें धोकर अच्छी तरह सुखाएं।
- अपना तौलिया किसी के साथ शेयर न करें और तकिए के कवर को नियमित रूप से साफ करें और बदलते रहें।
- बहुत टाइट हेयरस्टाइल से बचें। लगातार खिंचाव और पसीने से स्कैल्प में जलन और खुजली हो सकती है।
डॉक्टर से संपर्क कब करें?
स्कैल्प में खुजली, रेडनेस, जलन, पपड़ी, दर्द, छोटे दाने होने पर डॉक्टर से संपर्क करें। अगर स्कैल्प पर गोल आकार के पैच बन रहे हों, तो डॉक्टर से संपर्क करें।
निष्कर्ष:
गंदे हेलमेट से स्कैल्प इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है। किसी अन्य व्यक्ति का हेलमेट शेयर न करें, गीला हेलमेट तुरंत इस्तेमाल न करें, ज्यादा पसीना आने पर हेयर वॉश करें, गीले बालों पर तुरंत हेलमेट न पहनें, हेलमेट की अंदरूनी पैडिंग को साफ रखें। स्कैल्प इंफेक्शन से बचने के लिए स्कैल्प की सफाई पर गौर करें। कंघी, तौलिया या कोई अन्य वस्तु दूसरों के साथ शेयर न करें। बालों को टाइप बांधने से बचें और बाहर जाते समय बालों को कवर करें ताकि धूल और गंदगी न जमा हो। अगर स्कैल्प में खुजली, रेडनेस, जलन, पपड़ी, दर्द, छोटे दाने नजर आएं, तो डॉक्टर से संपर्क करें।
image credit: magnific
FAQ
क्या स्कैल्प इंफेक्शन से हेयर फॉल हो सकता है?
हां, कुछ फंगल इंफेक्शन में प्रभावित हिस्से के बाल झड़ने लग सकते हैं। लगातार होने वाले हेयर फॉल और इंफेक्शन का समय पर इलाज जरूरी है।क्या स्कैल्प इंफेक्शन संक्रामक होता है?
कुछ इंफेक्शन जैसे टीनिया कैपिटिस जो एक फंगल इंफेक्शन है, वह संक्रामक होता है और व्यक्ति के संपर्क या संक्रमित वस्तुओं के जरिए फैल सकता है।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Sep 09, 2026 15:50 IST
Published By : Yashaswi Mathur
Reviewed By : Dr Chandni Jain Gupta
