High Stomach Acid Symptoms: खानपान में गड़बड़ी और खराब जीवनशैली के कारण पेट से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। पेट में गैस और एसिडिटी की समस्या सबसे कॉमन है। बहुत ज्यादा तला-भुना और मसालेदार भोजन का सेवन, शराब पीने और स्मोकिंग अदि की वजह से एसिडिटी का खतरा रहता है। लेकिन क्या आप जानते हैं पेट में एसिड बनना पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद होता है। दरअसल, पेट में जो एसिड बनते हैं, उनका काम भोजन के पाचन को ठीक रखना बैक्टीरिया और अन्य हानिकारक चीजों को नष्ट करना है। लेकिन जब यह एसिड बहुत ज्यादा बनने लगता है, तो परेशानियों के बढ़ने का खतरा रहता है। पेट के एसिड को गैस्ट्रिक एसिड भी कहा जाता है। आइये इस लेख में जानते हैं पेट में एसिड बढ़ने के लक्षण और बचाव के बारे में।
पेट में एसिड बढ़ने के लक्षण?- High Stomach Acid Symptoms in Hindi
खराब डाइट और असंतुलित जीवनशैली के अलावा कई ऐसी स्थितियां हैं, जिनकी वजह से पेट में एसिड बढ़ सकता है। बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजिशियन डॉ समीर कहते हैं, "दवाओं का सेवन, क्रोनिक किडनी डिजीज, अग्नाशय और छोटी आंत में गड़बड़ी, पेट में पाइलोरी बैक्टीरिया बढ़ने समेत कई स्थितियों में पेट में एसिड बढ़ सकता है। ये स्थितियां पेट में एसिड बनने की प्रक्रिया को ट्रिगर करती हैं। इस स्थिति को हाई गैस्ट्रिन भी कहते हैं। इसके अलावा जब किसी व्यक्ति में इसके कारणों का पता नहीं चल पाता है, तो इस स्थिति को इडियोपैथिक कहा जाता है।" पेट में एसिड बढ़ने के कारण एसिडिटी, गैस और पाचन से जुड़ी कई गंभीर स्थितियों का खतरा बढ़ जाता है।
इसे भी पढ़ें: क्या स्ट्रेस लेने से एसिडिटी हो सकती है? जानें डॉक्टर की राय
पेट में एसिड बढ़ने के मुख्य लक्षण इस तरह से हैं-
- खाली पेट डकार और जलन
- मतली और उल्टी की समस्या
- पेट में गंभीर जलन
- बार-बार डदस्त आना
- भूख न लगना
- वजन कम होना
- मुंह का स्वाद कड़वा होना
- पेट फूलना
- गले में घरघराहट होना
- सिर और पेट में दर्द
- बैचेनी और हिचकी आना
आमतौर पर ये लक्षण पेट और पाचन तंत्र से जुड़ी हर समस्या में दिखते हैं। लेकिन अगर ये लक्षण लंबे समय से दिख रहे हैं, तो बिना देर किये डॉक्टर को दिखाना चाहिए। इस स्थिति में डॉक्टर कारणों का पता करने के बाद इलाज की सलाह दे सकते हैं।
पेट में एसिड कंट्रोल करने के टिप्स- Tips To Control Stomach Acid in Hindi
पेट में एसिड बनने की समस्या से बचने के लिए छोटे मील का सेवन करें। एक साथ बड़ी थाली खाने की जगह खाने को कई बार में खाएं। लंबे समय तक भोजन स्किप करने की वजह से भी आपके पेट में एसिड ज्यादा बन सकता है। इसके अलावा ऐसे फूड्स जिनका सेवन करने के बाद आपको गैस की समस्या का सामना करना पड़ता है, उसे रात के समय में खाने से बचें।
इसे भी पढ़ें: पेट में बार बार गैस क्यों बनती है? डॉक्टर से जानें इसके कारण और बचाव के टिप्स
पेट में एसिड ज्यादा बनने के पीछे कुछ बीमारियां और आंतरिक अंगों से जुड़ी स्थितियां भी जिम्मेदार हो सकती हैं। इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए लंबे समय तक लक्षण दिखने पर जांच जरूर कराएं। खानपान और जीवनशैली में सुधार करने से इस स्थिति में फायदा मिलता है। लेकिन लंबे समय तक लक्षणों के बने रहने पर डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
(Image Courtesy: Freepik.com)