Doctor Verified

प्रेगनेंसी में कब्ज होने पर खाएं फाइबर से भरपूर ये 9 फूड्स, जल्द मिलेगा समस्या से छुटकारा

अगर आप गर्भवती हैं और कब्ज की समस्या से परेशान हैं, तो ऐसे में आपको अपनी डाइट में फाइबर को शामिल करना चाहिए। जानें 9 फाइबर रिच फूड्स के बारे में-
  • SHARE
  • FOLLOW
प्रेगनेंसी में कब्ज होने पर खाएं फाइबर से भरपूर ये 9 फूड्स, जल्द मिलेगा समस्या से छुटकारा


क्या आप प्रेगनेंसी में कब्ज की समस्या से परेशान हैं? गर्भावस्था खुशियों से भरा एहसास होता है। लेकिन इस दौरान महिलाओं को कई तरह की शारीरिक और मानसिक समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इन्हीं में से एक है कब्ज। गर्भावस्था में प्रत्येक महिला को कभी-न-कभी कब्ज जरूर होता है। सामान्य तौर पर गर्भावस्था के तीसरे और चौथे माह में कब्ज की समस्या अधिक हो जाती है।

गर्भावस्था के दौरान प्रोजेस्टेरोन हार्मोन में वृद्धि की वजह से अकसर महिलाओं में कब्ज होने लगता है। कई बार यह स्थिति दर्दनाक भी हो सकती है। कब्ज की समस्या से राहत पाने के लिए अच्छी डाइट फॉलो करना बहुत जरूरी है। कब्ज को रोकने या दूर करने के लिए आपको प्रतिदिन कम से कम 25-30 ग्राम फाइबर को अपनी डाइट में शामिल करना चाहिए। मणिपाल अस्पताल ओल्ड एयरपोर्ट रोड की आहार विशेषज्ञ नबनिता साहा (Nabanita Saha, Chief Clinical Dietician, Manipal Hospital Old Airport Road) से जानें प्रेगनेंसी में कब्ज होने पर क्या खाना चाहिए-

pulses for constipation

प्रेगनेंसी में कब्ज होने पर खाएं ये फाइबर युक्त आहार (High Fibre foods for pregnancy constipation)

प्राकृतिक तरीके से कब्ज की समस्या को दूर करने के आपको अपनी डाइट में फाइबर युक्त खाद्य पदार्थों को शामिल करना चाहिए। फाइबर पेट की सफाई करके, मल को नरम बनाता है, जिससे मल त्याग में आसानी होती है। जानें प्रेगनेंसी में कब्ज होने पर फाइबर युक्त आहार की सूची-

1. एवोकाडो

एक मध्यम आकार के एवोकाडो फल में करीब 17 ग्राम फाइबर होता है। फाइबर के लिए एवोकाडो का सेवन करना एक अच्छा विकल्प है। एवोकाडो आपको एनर्जेटिक रखने में मदद करता है। इस फल में फाइबर के साथ ही हेल्दी फैट, पोटैशियम, विटामिन बी और विटामिन सी भी होता है। इसे प्रेगनेंसी में भी आसानी से खाया जा सकता है।

इसे भी पढ़ें - लंबे समय से पेट दर्द और कब्ज हो सकते हैं सीलिएक रोग का संकेत, जानें इसके लक्षण, कारण और बचाव के टिप्स

2. मसूर की दाल 

प्रेगनेंसी में कब्ज की समस्या को दूर करने के लिए मसूर की दाल का सेवन भी किया जा सकता है। आधे कप मसूर की दाल में लगभग 7.8 ग्राम फाइबर पाया जाता है। इतना ही नहीं यह प्रोटीन, फोलेट, पोटैशियम, आयरन और मैंगनीज का भी अच्छा सोर्स है। मसूर की दाल का सेवन आप सूप या दाल बनाकर कर सकते हैं।

pears for constipation

3. नाशपाती

अगर आप गर्भावस्था में कब्ज की समस्या से परेशान हैं, तो रोजाना नाशपाती का सेवन करना शुरू कर दें। एक मध्यम आकार के नाशपाती में लगभग 5.1 ग्राम फाइबर होता है। फाइबर के मामले में नाशपाती सबसे प्रसिद्ध फलों में से एक है। फाइबर के साथ नाशपाती में विटामिन सी, पोटैशियम और एंटीऑक्सीडेंट्स भी होते हैं। कब्ज के लिए केले का सेवन भी किया जा सकता है। केला फाइबर, प्रोबायोटिक्स से भरपूर होता है। इससे पाचन में मदद मिलती है।

4. शकरकंद या याम

कब्ज की समस्या से राहत पाने के लिए आप सर्दी के मौसम में शकरकंद का सेवन भी कर सकते हैं। शकरकंद में पर्याप्त मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जो मल त्याग को आसान बनाता है। एक शकरकंद में करीब 4.8 ग्राम फाइबर होता है। इसके साथ ही इसमें कार्बोहाइड्रेट, विटामिन सी ए, थायमिन, पोटैशियम, मैंगनीज और विटामिन बी6 भी पाया जाता है। गर्भावस्था के दौरान शकरकंद का सेवन करना सुरक्षित होता है। सर्दियों में शकरकंद खाना काफी फायदेमंद है

5. हरे मटर

आधे कप हरे मटर में करीब 4.4 ग्राम फाइबर होता है। मटर को स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद माना जाता है। हरी मटर में अपचनीय फाइबर होता है, जो कब्ज की समस्या को दूर करने में मददगार है। फाइबर के साथ ही हरी मटर में प्रोटीन, विटामिन ए और सी, फोलेट और मैंगनीज भी होता है। मटर में स्टार्च होता है, इसलिए इनका सेवन गैर-स्टार्च वाली सब्जी के साथ मिलाकर किया जाना चाहिए। आप चाहें तो सूप में मिलाकर भी इसका सेवन कर सकते हैं।

6. रास्पबेरी

प्रेगनेंसी में अधिकतर महिलाएं कब्ज से परेशान रहती हैं। अगर आप भी इस समस्या से जूझ रही हैं, तो रास्पबेरी को अपनी डाइट में शामिल कर सकती हैं। रास्पबेरी में पर्याप्त मात्रा में फाइबर पाया जाता है। यह फाइबर का एक बेहतरीन सोर्स है। कब्ज के साथ ही इसे संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद माना जाता है, क्योंकि इसमें विटामिन सी, विटामिन के, मैंगनीज भी होता है। इसका सेवन आप फल के रूप में या स्मूदी बनाकर कर सकते हैं।

इसे भी पढ़ें - कब्ज से छुटकारा पाने के लिए इन 5 तरीकों से करें मुलेठी का सेवन

7. दलिया

दलिया स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद होता है। गर्भावस्था में दलिया का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होता है। दलिया का सेवन नाश्ता में किया जाए, तो प्रेगनेंसी में होने वाली कब्ज की समस्या से राहत मिल सकती है। दलिया में फाइबर के साथ ही अच्छी मात्रा में कार्बोहाइड्रेट भी होता है। यह पचाने में आसान होता है, कब्ज की समस्या दूर होती है और स्वास्थ्य को इससे कई लाभ मिलते हैं। आधा कप पके दलिया में 4 ग्राम फाइबर होता है, इसका सेवन नाश्ते में किया जा सकता है।

8. बादाम

बादाम फाइबर का एक बेहतरीन सोर्स है। फाइबर के अलावा इसमें प्रोटीन, विटामिन ई, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस, मैंगनीज, फैट और ओमेगा 6 फैटी एसिड भी होता है। बादाम को आप रोज सुबह खाली पेट कर सकते हैं। इसके लिए आप बादाम को रातभर भिगोकर रख दें और सुबह इसका सेवन करें। गर्भावस्था के दौरान बादाम खाना सुरक्षित है, लेकिन आपको सीमित मात्रा में ही इसका सेवन करना चाहिए। 

9. पालक

सर्दियों में पालक खाना काफी लाभदायक माना जाता है। आधे कप पके हुए पालक में करीब 3.5 ग्राम फाइबर पाया जाता है। पालक न सिर्फ फाइबर का अच्छा सोर्स होता है, बल्कि इसमें विटामिन ए, विटामिन के, मैंगनीज और मैग्नीशियम भी भरपूर होता है। प्रेगनेंसी के समय भी कब्ज की समस्या को दूर करने के लिए पालक का सेवन आसानी से किया जा सकता है। आप चाहें तो पालक का सेवन साग या सूप बनाकर कर सकते हैं। पालक से स्वास्थ्य को अद्भुत लाभ मिलते हैं

खूब पानी पिएं

कोई भी स्थिति हो, अगर कब्ज की समस्या है तो पर्याप्त मात्रा में पानी पीना बहुत जरूरी होता है। पानी पीने से गर्भावस्था में होने वाले कब्ज से राहत मिलती है। जब आप गर्भवती होती हैं, तो आपके शरीर को अधिक रक्त बनाने और आपके बच्चे को विकसित करने में मदद करने के लिए अधिक पानी की आवश्यकता होती है। कब्ज की समस्या में आराम पाने के लिए दिनभर में 8-10 गिलास पानी जरूर पिएं। इसके साथ ही नारियल पानी पीना भी एक अच्छा ऑप्शन है।

अगर आप भी प्रेगनेंसी में कब्ज की समस्या से परेशान हैं, तो इन खाद्य पदार्थों का सेवन आसानी से कर सकती हैं। इनमें काफी अच्छी मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जिससे कब्ज की समस्या धीरे-धीरे दूर होने लगती है। अगर लंबे समय तक कब्ज रहे, तो इस नजरअंदाज न करें और डॉक्टर से संपर्क करें।

(main image source : hatch.us, medicalnewstoday.com)

Read Next

महिलाएं बनाना चाहती हैं मसल्स तो अपनाएं ये 5 तरीके, एक्सपर्ट से जानें बॉडी बिल्डिंग के खास टिप्स

Disclaimer