वर्तमान समय में ज्यादातर लोगों के पास काम का इतना प्रेशर रहता है कि उनके पास खुद का ख्याल रखने का समय भी नहीं होता। इसके साथ ही लोगों को आजकल बाजार में मिलने वाला जंक और ऑयली फूड ज्यादा पसंद आता है, जिसका सेवन अगर आप लंबे समय तक करते हैं तो इसका सेहत पर बुरा असर हो सकता है। खासकर, मानसून के दिनों में बाजार में मिलने वाले फूड्स का सेवन करने से पाचन तंत्र गड़बड़ा सकता है। दरअसल, बदलते मौसम और नमी के कारण पाचन क्रिया धीमी हो जाती है और ऐसे में अगर आप बाजार का ऑयली और जंक फूड खाते हैं तो कब्ज जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कब्ज को दूर करने के लिए जरूरी है कि आप दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और डाइट में अच्छी मात्रा में फल और सब्जियों को शामिल करें। इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने डाइटिशियन, गीतांजलि सिंह (M.sc Food and Nutrition) से बात की है।
कब्ज से छुटकारा पाने के लिए डाइट में शामिल करें ये फल और सब्जियां
डाइटिशियन ने बताया कि मानसून के दिनों लाइफस्टाइल में बदलाव, खाने-पीने की अनियमितता और शरीर में पानी की कमी के कारण कब्ज की समस्या हो सकती है। ऐसे में कब्ज से राहत पाने के लिए जरूरी है कि आप डाइट में ज्यादा से ज्यादा फाइबर से भरपूर फलों और सब्जियों को शामिल करें। ऐसा इसलिए, क्योंकि फलों और सब्जियों से शरीर को सही पोषण भी मिलता है, जिससे स्वास्थ्य को बढ़ावा मिलता है।
1. सेब
सेब में घुलनशील फाइबर होता है, जो पाचन में सुधार करता है और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत दिलाता है। इसके साथ ही सेब में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाते हैं और इम्यूनिटी को बूस्ट करने में सहायक होते हैं।
इसे भी पढ़ें: कब्ज से राहत पाने के लिए खाएं ये 5 देसी मील, जल्द मिलेगी राहत
2. नाशपाती
जिन लोगों को कब्ज की समस्या रहती है उन्हें डाइट में नाशपाती जरूर शामिल करना चाहिए। मानसून के दौरान फाइबर से भरपूर नाशपाती का सेवन करने से कब्ज की समस्या दूर हो सकती है। इसमें मौजूद फाइबर मल को नरम करता है, जिससे पेट से जमा मल बाहर होता है। इसके साथ ही नाशपाती में विटामिन C की भी अच्छी मात्रा होती है, जो त्वचा को हेल्दी और ग्लोइंग बनाए रखने में सहायक होता है।
इसे भी पढ़ें: नेचुरल तरीके से कब्ज की समस्या ठीक करने के लिए क्या करें? एक्सपर्ट से जानें
3. पालक
कब्ज की समस्या में पालक का सेवन लाभदायक होता है। हालांकि, मानसून के दौरान इसका सेवन करने से पहले इसे अच्छे से साफ करना चाहिए। पालक में उच्च मात्रा में फाइबर और आयरन होता है, जो कब्ज से राहत दिलाने में सहायक हो सकता है। इसके साथ ही पालक का सेवन करने से शरीर में खून की कमी को दूर हो सकती है। पालक में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स शरीर की इम्यूनिटी को बढ़ाने में भी मदद करते हैं।
4. गाजर
गाजर में मौजूद फाइबर पाचन को सुधारता है और कब्ज की समस्या को दूर करता है। इसके साथ ही गाजर में विटामिन A होता है, जो आंखों की हेल्थ के लिए जरूरी है।
5. ब्रोकोली
ब्रोकली में मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है, जिससे कब्ज जैसी समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है। ब्रोकली में विटामिन K और C के साथ कई तरह के एंटीऑक्सीडेंट्स भी होते हैं, जो इम्यूनिटी को बूस्ट करने में मदद करते हैं और हड्डियों को मजबूत बनाते हैं।
6. बीन्स
बीन्स में भरपूर मात्रा में फाइबर होता है, जो पाचन तंत्र को एक्टिव रखता है और कब्ज की समस्या को दूर करने में मदद करता है। बीन्स प्रोटीन का भी अच्छा सोर्स हैं, जो मांसपेशियों को मजबूत बनाए रखने में सहायक हो सकती हैं।
7. शकरकंद
शकरकंद में फाइबर की अच्छी मात्रा होती है, जो पाचन को बेहतर बनाती है और कब्ज की समस्या को दूर करती है।
फाइबर से भरपूर फल और सब्जियां मानसून के मौसम में कब्ज से राहत दिलाने का नेचुरल उपाय है। ये न केवल पाचन तंत्र को स्वस्थ रखते हैं, बल्कि शरीर को जरूरी पोषण भी प्रदान करते हैं।
All Images Credit- Freepik