
Healthy Snacks To Eat After A Workout In Hindi: शरीर को फिट और हेल्दी रखने के लिए नियमित रूप से एक्सरसाइज करना बहुत जरूरी है। एक्सरसाइज करने से न सिर्फ शारीरिक, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य भी अच्छा रहता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, फिट रहने के लिए हफ्ते में 4-5 दिन कम से कम 30 मिनट वर्कआउट जरूर करना चाहिए। लेकिन एक्सरसाइज करने के साथ ही हेल्दी डाइट भी जरूरी है। कई लोग वर्कआउट के बाद सिर्फ पानी, जूस या शेक आदि ही पीते हैं। लेकिन आपको बता दें कि वर्कआउट के बाद शरीर को एनर्जी की जरूरत होती है। ऐसे में आप प्रोटीन और कार्ब्स से भरपूर हेल्दी स्नैक्स खा सकते हैं। इससे शरीर को तुरंत एनर्जी मिलेगी और थकान भी दूर होगी। इससे आपको पोषण मिलने के साथ शरीर हेल्दी भी रहता है। आइए जानते हैं, वर्कआउट करने के बाद आप कौन से हेल्दी स्नैक्स का सेवन कर सकते हैं -
वर्कआउट के बाद खाएं ये 5 हेल्दी स्नैक्स - 5 Healthy Snacks To Eat After A Workout In Hindi
अंडे
आप वर्कआउट के बाद अंडे खा सकते हैं। अंडे प्रोटीन का एक समृद्ध स्त्रोत हैं। एक अंडे में लगभग 6 से 8 ग्राम प्रोटीन होता है। यह शरीर को एनर्जी देने के साथ ही कई तरह के स्वास्थ्य लाभ भी पहुंचाता है। वर्कआउट के बाद अंडे खाने से मसल्स बिल्ड करने में मदद मिलेगी। इसके लिए आप उबले हुए अंडे, हाफ फ्राई अंडे या ऑमलेट बनाकर खा सकते हैं। इसे और हेल्दी बनाने के लिए अंडे का ऑमलेट बनाते समय उसमें खूब सारी हरी सब्जियां भी शामिल करें।
बादाम
बादाम पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें प्रोटीन, आयरन, कैल्शियम आदि भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। वर्कआउट के बाद बादाम खाने से मसल्स रिपेयर करने में मदद मिलती है। बादाम शरीर में इंस्टेट एनर्जी पहुंचाने का भी काम करता है। आप वर्कआउट करने के बाद भीगे या भुने हुए बादाम खा सकते हैं।
उबला हुआ चना
वर्कआउट के बाद हेल्दी स्नैक के तौर पर आप उबला हुआ चना भी खा सकते हैं। काले चने में प्रोटीन, विटामिन और मिनरल जैसे पोषक तत्व भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। इसमें आयरन भी होता है, जो शरीर में खून की कमी नहीं होने देता है। आप उबले हुए चने की चाट बनाकर खा सकते हैं। इसके लिए उबले चने में प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च या अपनी पसंद की सब्जियां मिलाएं। इसमें ऊपर से नमक और चाट मसाला छिड़ककर खाएं।
इसे भी पढ़ें: इंस्टैंट एनर्जी के लिए वर्कआउट के बाद पिएं प्रोटीन से भरपूर ये 5 स्मूदी, जानें रेसिपी
पनीर
वर्कआउट के बाद पनीर का सेवन काफी फायदेमंद होता है। पनीर में प्रोटीन और कैल्शियम भरपूर मात्रा में होता है। इससे मांसपेशियां मजबूत होती हैं। यह शरीर में एनर्जी बढ़ाने का भी काम करता है। आप वर्कआउट करने के बाद घी में रोस्ट किया हुआ पनीर खा सकते हैं। इसके अलावा, आप पनीर में प्याज, टमाटर,हरी धनिया आदि चीजें मिलाकर खा सकते हैं।
मूंगफली
वर्कआउट के बाद हेल्दी स्नैक्स के तौर पर आप मूंगफली खा सकते हैं। मूंगफली सेहत के लिए बहुत फायदेमंद होती है। इसमें प्रोटीन, विटामिन और आयरन जैसे पोषक तत्व भरपूर मात्रा में मौजूद होते हैं। एक्सरसाइज करने के बाद मूंगफली खाने से शरीर को एनर्जी मिलती है और मांसपेशियां मजबूत होती है। आप जिम या वर्कआउट के बाद रोस्टेड मूंगफली खा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: एक्सरसाइज करने से पहले खाएं ये 5 चीजें, तेजी से घटेगा वजन
वर्कआउट के बाद आप ये हेल्दी स्नैक्स खा सकते हैं। इससे आपको इंस्टेंट एनर्जी मिलेगी और वर्कआउट के बाद होने वाली थकान भी दूर होगी।