सर्दियों के मौसम के लिए, बाजरा एक ऐसा सुपरफूड है, जो न केवल शरीर को अंदर से गर्म रखता है, बल्कि अनेक पोषण तत्वों से भरपूर होने के कारण संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में मदद करता है। प्राचीन काल से ही भारतीय खानपान में बाजरे का खास स्थान रहा है। इसे ठंड के मौसम का अनमोल अनाज कहा जाए तो गलत नहीं होगा। बाजरा आयरन, मैग्नीशियम, फास्फोरस और फाइबर का अच्छा सोर्स है और यह पाचन तंत्र को मजबूत बनाता है। साथ ही यह हड्डियों को ताकत देता है और सर्दियों में ठंड से बचाने के लिए शरीर को पर्याप्त एनर्जी प्रदान करता है। बाजरे से बनी रोटियां, लड्डू, चूरमा और खिचड़ी जैसे व्यंजन न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि शरीर को जरूरी पोषण भी देते हैं। इस लेख में डायटेटिक प्लेस की फाउंडर और न्यूट्रिशनिस्ट साक्षी सिंह से जानिए, सर्दियों में बाजरे का चूरमा बनाने की रेसिपी और फायदे।
बाजरे का चूरमा बनाने की रेसिपी - Bajra Churma Recipe
भारत के पारंपरिक व्यंजनों में बाजरा चूरमा का अपना एक विशेष स्थान है। यह न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद है। बाजरा चूरमा को देसी घी, गुड़ और सफेद तिल के साथ तैयार किया जाता है, जो इसे ऊर्जा और पोषण का बेहतरीन सोर्स बनाता है।
- बाजरे का आटा - 2 कप
- घी - आधा कप
- सफेद तिल - 1 बड़ा चम्मच
- गुड़ (कद्दूकस किया हुआ) - 2-3 बड़े चम्मच
- इलायची पाउडर - 1 छोटा चम्मच
बाजरे का चूरमा बनाने की विधि
- सबसे पहले, एक बड़े बर्तन में बाजरे के आटे में 4 चम्मच घी मिलाएं और फिर पानी मिलाते हुए आटा तैयार करें। इसके बाद तैयार बाजरे के आटे की रोटी या बाटी बनाएं और फिर इन्हें धीमा आंच पर पकाएं।
- पकी हुई बाजरे की रोटियों को ठंडा करने के बाद कूट-कूट कर या मिक्सी में पीसकर दरदरा पाउडर तैयार करें।
- कुटे हुए बाजरे के पाउडर में सफेद तिल डालें और घी डालकर अच्छे से मिलाएं। तिल शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होते हैं और इनमें कैल्शियम, आयरन और प्रोटीन की भरपूर मात्रा होती है।
- अब इसमें कद्दूकस किया हुआ गुड़ डालें और अच्छे से मिलाएं। गुड़ न केवल स्वाद बढ़ाता है, बल्कि शरीर के लिए भी बहुत फायदेमंद है। साथ ही इलायची पाउडर डालकर इसे खुशबूदार बनाएं।
- गर्मागरम चूरमा तैयार है। अब इस मिश्रण को ठंडा होने दें और फिर इसे अपनी पसंद के अनुसार खाएं।
इसे भी पढ़ें: क्या रोज बाजरा खाना फायदेमंद होता है? जानें आयुर्वेदाचार्य की सलाह
बाजरे का चूरमा खाने के फायदे
1. पाचन तंत्र को मजबूत करे
बाजरे का आटा फाइबर से भरपूर होता है, जो पाचन तंत्र को हेल्दी बनाए रखने में मदद करता है। यह कब्ज जैसी समस्याओं को दूर करने में भी सहायक है। गुड़ में भी पाचन को उत्तेजित करने वाले गुण होते हैं, जो पेट साफ रखने में मदद करते हैं।
2. एनर्जी को बढ़ाए
बाजरे में कार्बोहाइड्रेट्स होते हैं, जो शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं। साथ ही, तिल और गुड़ भी शरीर को ज्यादा ऊर्जा यानी एनर्जी देने के लिए प्रसिद्ध हैं। यह विशेष रूप से उन लोगों के लिए लाभकारी है, जो थकान और कमजोरी से जूझ रहे हैं।
इसे भी पढ़ें: बाजरे की रोटी किन लोगों को नहीं खानी चाहिए? एक्सपर्ट से जानें
3. हड्डियों के लिए फायदेमंद
सफेद तिल में कैल्शियम की अच्छी मात्रा होती है, जो हड्डियों को मजबूत बनाता है और जोड़ों के दर्द को कम करने में मदद करता है। बाजरा भी हड्डियों के लिए फायदेमंद है। ऐसा इसलिए, क्योंकि इसमें मैग्नीशियम और फास्फोरस की भरपूर मात्रा पाई जाती है।
4. दिल की सेहत के लिए अच्छा
गुड़ में एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो ब्लड में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कंट्रोल करते हैं। यह दिल की सेहत के लिए भी फायदेमंद है। साथ ही, बाजरा में मौजूद पोटैशियम ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद करता है।
5. वजन घटाने में सहायक
बाजरा चूरमा वजन घटाने में भी मदद कर सकता है। इसका कारण है कि यह देर से पचता है, जिससे आपको लंबे समय तक भूख नहीं लगती है। तिल और गुड़ के सेवन से मेटाबॉलिज्म भी तेज होता है, जिससे वजन घटने में मदद मिलती है।
निष्कर्ष
बाजरा चूरमा, घी, गुड़ और सफेद तिल के साथ न केवल स्वादिष्ट लगता है, बल्कि यह सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद है। इसे नाश्ते के रूप में या हल्के भोजन के तौर पर शामिल किया जा सकता है। यह शरीर को ऊर्जा प्रदान करता है, हड्डियों को मजबूत बनाता है, पाचन तंत्र को सुधारता है और त्वचा के लिए भी अच्छा है। तो अगली बार जब आप कुछ हेल्दी और स्वादिष्ट खाने का मन करें, तो बाजरा चूरमा को जरूर ट्राई करें।
All Images Credit- Freepik
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version