Makhana Khaskhas Ladoo Recipe: त्योहार या व्रत में ऐसी चीजों का सेवन करना चाहिए जिससे सेहत को बेहतर बनाया जा सके। अगले माह से त्योहार आरंभ होने जा रहे हैं, ऐसे में आपको भी कुछ हेल्दी और स्वादिष्ट बनाना है, तो लड्डू का प्रसाद बनाया जाता है। भारतीय रसोई के पकवानों में लड्डू अहम स्थान रखते हैं। लड्डू खाने में स्वादिष्ट और सेहत के लिए पौष्टिक होते हैं। इस बार त्योहार या व्रत में लड्डू बनाने जा रहे हैं, तो मौसम को देखते हुए मखाने और खसखस वाले लड्डू बना सकते हैं। मखाने में एंटीऑक्सीडेंट और एंटीइंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं। वहीं खसखस प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, आयरन और फास्फोरस जैसे पोषक तत्वों से समृद्ध होता है। इस लेख में जानेंगे मखाने और खसखस से बनने वाले हेल्दी और पौष्टिक लड्डू बनाने की रेसिपी और फायदे। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने Holi Family Hospital, Delhi की डाइटिशियन सना गिल (Sanah Gill) से बात की।
मखाना और खसखस के लड्डू की रेसिपी- Makhana Khaskhas Ladoo Recipe
सामग्री: मखाने, खसखस, नारियल, ड्राईफ्रूट्स और सीड्स
विधि:
- सबसे पहले एक कढ़ाई में मक्खन को गर्म करें।
- इसके बाद मखानों को पीसकर डालें।
- हल्का भूना होने तक पकाएं।
- जब मिश्रण मक्खन छोड़ने लगे तब खसखस और पिसा हुआ नारियल मिलाएं।
- आप इस रेसिपी में कद्दू और सूरजमुखी के बीज को भी डाल सकते हैं।
- इसके बाद सबको अच्छी तरह से मिला लें ताकि सारी सामग्रियां एक-दूसरे के साथ अच्छी तरह से मिल जाएं।
- फिर गैस बंद करके लड्डू बनाने की तैयारी करें।
- इसके लिए अपने हाथों में थोड़ा सा घी लगाएं और सामग्री से गोल लड्डू बनाएं।
- पौष्टिक लड्डू तैयार हैं। इन्हें एक साफ कंटेनर में रखें।
इसे भी पढ़ें- दूध के साथ इस तरह खाएं खसखस और मखाना, सेहत को मिलेंगे ये 5 फायदे
मखाना और खसखस के लड्डू खाने के फायदे- Makhana Khaskhas Ladoo Benefits
1. मखाने और खसखस के लड्डू में आयरन और जिंक पाया जाता है जिसे खाने से इम्यूनिटी बढ़ती है और शरीर को एनर्जी मिलती है।
मखाने और खसखस में फाइबर पाया जाता है, यह पाचन क्रिया को मजबूत बनाने का काम करते हैं।
2. हड्डियों को स्वस्थ रखने और मजबूत बनाने के लिए आप महीने भर रोज एक लड्डू का सेवन करें। इसमें चीनी न मिलाएं। इन लड्डू में कैल्शियम, जिंक और कॉपर जैसे गुण हैं जिससे हड्डियों को ताकत मिलती है।
3. मखाने और खसखस से बने लड्डू का सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कंट्रोल करने में मदद मिलती है। खसखस में ओमेगा-6 फैटी एसिड पाया जाता है जिससे हार्ट की बीमारियों से बचा जा सकता है।
4. वजन घटाना चाहते हैं लेकिन मीठा खाने की क्रेविंग हो रही है, तो इस त्यौहार आप इस लड्डू का लुत्फ उठा सकते हैं। लेकिन दिनभर में 1 लड्डू से ज्यादा का सेवन न करें। इस लड्डू में कैलोरीज ज्यादा नहीं होतीं इसलिए इसका सेवन करना फायदेमंद माना जाता है।
5. अगर आपको अनिद्रा और तनाव की समस्या है, तो रात को सोने से पहले गर्म दूध के साथ मखाना और खसखस का 1 लड्डू खाएं। इससे नींद जल्दी आएगी।
इसे भी पढ़ें- मानसून में इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए मां बनाती हैं यह हेल्दी और टेस्टी लड्डू, जानें फायदे और रेसिपी
डायबिटीज के मरीज भी खा सकते हैं मखाना और खसखस लड्डू- Ladoo Recipe For Diabetic Patients
इस लड्डू को बनाने की रेसिपी में चीनी, गुड़ या किसी अन्य फॉर्म में मीठे को शामिल नहीं किया गया है। इसलिए आप डायबिटीज के मरीजों को भी त्यौहार पर मखाने और खसखस से बने लड्डू खिला सकते हैं। इस लड्डू में मुख्य इंग्रीडिएंट मखाना है और मखाने का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है। यह मेटाबोलिक रेट को बढ़ाकर शुगर लेवल कंट्रोल करता है। इसके अलावा दूसरा मुख्य इंग्रीडिएंट है खसखस। खसखस मैग्नीशियम और फाइबर से समृद्ध होता है। खसखस का सेवन डायबिटीज में करना सुरक्षित होता है। इससे डायबिटीज के खतरे को कम किया जा सकता है।
उम्मीद करते हैं आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।