Khaskhas or Makhane ke Fayde: खसखस और मखाना दोनों ही पोषक तत्व से भरपूर होते हैं। खसखस और मखाने की तासीर बेहद ठंडी होती है, इसलिए गर्मियों में इनका सेवन अधिक मात्रा में किया जाता है। मखाने में प्रोटीन, कैल्शियम, कार्बोहाइड्रेट, हेल्दी फैट, फॉस्फोरस और आयरन भरपूर होता है। इसके अलावा मखाना सोडियम, विटामिन वी का भी अच्छा सोर्स है। वही खसखस में भी अधिक मात्रा में फाइबर, कार्ब्स, प्रोटीन, मैंगनीज और कैल्शियम पाया जाता है। अगर आप खसखस और मखाना दोनों को दूध के साथ मिलाकर खाते हैं, तो इससे सेहत को कई लाभ मिलते हैं।
आरोग्य डाइट और न्यूट्रीशन क्लीनिक की डायटीशियन डॉक्टर सुगीता मुटरेजा से जानें दूध में खसखस और मखाना डालकर खाने से सेहत को कौन-कौन से लाभ (Khus Khus and Makhana Milk Benefits) मिलते हैं।
1. हड्डियां मजबूत बनती हैं
दूध, खसखस और मखाना तीनों में कैल्शियम काफी अधिक मात्रा में होता है। हड्डियों की मजबूती के लिए भी शरीर में कैल्शियम का पर्याप्त होना जरूरी होता है। मखाने में कैल्शियम पर्याप्त मात्रा में होती है, इससे हड्डियां मजबूत बनती हैं। इसे गर्मियों में रोज खाने से हड्डियां, कमर, जोड़ और घुटनों के दर्द से भी राहत मिलती है। अपनी हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए रोजाना एक गिलास दूध में खसखस और मखाना (poppy seeds and makhana milk) डालकर जरूर पिएं।
2. वजन बढ़ाने में लाभकारी
खसखस, मखाना और दूध में प्रोटीन उच्च होता है। प्रोटीन मांसपेशियों का निर्माण करने में मदद करता है। अगर आप दुबले-पतले शरीर से परेशान हैं, वजन बढ़ाना चाहते हैं तो अपनी डाइट में खसखस और मखाने को शामिल कर सकते हैं। दूध में खसखस और मखाना डालकर पीने से वजन धीरे-धीरे बढ़ने लगता है। इससे मसल्स मजबूत बनती हैं, ताकत भी मिलती है।
इसे भी पढ़ें - सुबह खाली पेट मखाना खाने से सेहत को मिलते हैं ये 6 फायदे, जानें इसे खाने का तरीका
3. नींद न आने की समस्या दूर होती है
आजकल तनाव, अवसाद की वजह से अधिकतर लोग अनिद्रा की समस्या का सामना कर रहे हैं। ऐसे में नींद के लिए अकसर लोग दवाइयों का सेवन करते हैं। जबकि मखाना और खसखस भी नींद न आने की समस्या को दूर करने में फायदेमंद होते हैं। रात को सोते समय खसखस और मखाना साथ में लेने से थकान, तनाव और चिंता कम होती है और नींद अच्छी आती है।
4. पेट की जलन शांत होगी
गर्मियों में अधिकतर लोगों को पेट की जलन का सामना करना पड़ता है। इसका मुख्य कारण गर्म तासीर के खाद्य पदार्थ होते हैं। खसखस और मखाना पेट की जलन को शांत करने में कारगर होता है। खसखस और मखाने की तासीर ठंडी होती है, जो पेट की गर्मी को शांत करता है। एसिडिटी से भी बचाता है।
5. कब्ज से राहत मिलेगी
कब्ज आजकल की सामान्य समस्या हो गई है, अधिकतर लोग इससे परेशान हैं। इसके लिए अकसर लोग तरह-तरह के चूर्ण खाते हैं। जबकि खसखस और मखाना कब्ज का बेहतरीन घरेलू उपाय हो सकता है। खसखस में फाइबर अधिक मात्रा में होता है, जो मल त्याग की प्रक्रिया को आसान बनाता है। सख्त मल को मुलायम बनाता है, इससे कब्ज से राहत मिलती है। पेट दर्द, अपच और गैस की समस्या भी दूर होती है।
इसे भी पढ़ें - वजन बढ़ाना चाहते हैं तो इन 4 तरीकों से करें मखाने का सेवन, दुबलेपन से मिलेगा छुटकारा
खसखस और मखाना कैसे खाएं? (How to Eat Khus Khus and Makhana)
खसखस और मखाना का सेवन आप रोजाना कर सकते हैं। इसके लिए आप एक गिलास दूध में एक चम्मच खसखस और मखाना डालें। इसे अच्छी तरह से पकाएं, फिर सोते समय इसका सेवन करें। इससे आपको काफी लाभ मिलेगा। लेकिन अगर आप कोई स्पेशल डाइट फॉलो कर रहे हैं या फिर कोई समस्या है, तो एक्सपर्ट की राय पर ही इसका सेवन करें।