Foods for Healthy Liver in Hindi: लिवर हमारे शरीर का एक अहम अंग होता है। लिवर शरीर से रक्त को फिल्टर करने का काम करता है। साथ ही, लिवर पित्त का उत्पादन भी करता है, जो वसा को पचाने और अपशिष्ट को पचाने में मदद करता है। इसलिए स्वस्थ रहने के लिए लिवर का मजबूत होना बहुत जरूरी होता है। लिवर को स्वस्थ रखने के लिए अच्छी लाइफस्टाइल और खान-पान बहुत जरूरी होता है। लिवर को हेल्दी बनाए रखने के लिए आपको हेल्दी भोजन खाना चाहिए। आइए, आरोग्य डाइट और न्यूट्रिशन क्लीनिक की डाइटिशियन डॉ. सुगीता मुटरेजा से जानते हैं लिवर को मजबूत बनाने के लिए रोज सुबह क्या खाना चाहिए-
लिवर को हेल्दी रखने के लिए रोज सुबह क्या खाना चाहिए?- Foods to Eat in Morning to Keep Liver Healthy in Hindi
1. सब्जियों का जूस
लिवर को हेल्दी रखने के लिए आप रोज सुबह सब्जियों का जूस पी सकते हैं। सब्जियों में फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स अधिक मात्रा में पाए जाते हैं, जो संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए जरूरी होते हैं। सब्जियों का जूस पीने से लिवर हेल्थ मजबूत बनती है। साथ ही, लिवर आसानी से डिटॉक्स भी होता है। आप लौकी, सफेद कद्दू, खीरा या फिर हरी पत्तेदार सब्जियों का जूस पी सकते हैं। सुबह खाली पेट सब्जियों का जूस पीना बेहद लाभकारी होता है। इससे आपकी स्किन की चमक भी बढ़ेगी।
2. आंवला
आंवला विटामिन सी का एक बेहतरीन सोर्स है। आपको अपनी रेगुलर डाइट में आंवला जरूर शामिल करना चाहिए। आंवला शरीर में जमा टॉक्सिंस को बाहर निकालने में मदद करता है। आंवला खाने से लिवर में जमी गंदगी बाहर निकलती है। साथ ही, लिवर हेल्दी भी बनता है। आंवला खाने से शरीर से विषाक्त पदार्थ बाहर निकलते हैं और त्वचा पर निखार आता है। आंवला शरीर की कई समस्याओं को भी दूर करता है। लिवर को हेल्दी रखने के लिए आप रोज सुबह एक आंवला या फिर आंवला जूस का सेवन कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- क्या लिवर इन्फेक्शन होने पर केला खा सकते हैं? जानें एक्सपर्ट की राय
3. नींबू पानी
नींबू पानी पीने से शरीर हाइड्रेट रहता है। लिवर को हेल्दी रखने के लिए आप रोज सुबह खाली पेट नींबू पानी का सेवन कर सकते हैं। इसके लिए आप एक गिलास गुनगुना पानी लें। इसमें नींबू का रस मिलाएं और पी लें। रोजाना नींबू पानी पीने से सेहत अच्छी रहती है। नींबू पानी शरीर और लिवर में जमा टॉक्सिंस को भी बाहर निकालने में मदद करता है।
4. मौसमी फल
फल सेहत के लिए काफी लाभकारी होते हैं। लिवर को मजबूत बनाने के लिए आपको मौसमी फलों का सेवन जरूर करना चाहिए। फलों में एंटीऑक्सीडेंट गुण पाए जाते हैं, जो लिवर को हेल्दी रखते हैं। फल शरीर को फ्री रेडिकल्स से बचाने में मदद करते हैं। आप मौसम के अनुसार फलों का सेवन कर सकते हैं। रोज सुबह-सुबह 1-2 फल खाने से आप पूरे दिन अच्छा महसूस कर सकते हैं।