प्रोटीन शरीर के लिए बेहद जरूरी होता है, ये बात आज के समय में लगभग हर कोई जानता है। हम ऐसा इसलिए भी कह रहे हैं, क्योंकि टीवी पर आपने प्रोटीन से भरपूर चीजों के कई विज्ञापन भी देखे होंगे। वर्तमान में प्रोटीन कई तरह के रेडीमेड पैक्ड फूड के रूप में भी उपलब्ध है, जैसे कि प्रोटीन बार, प्रोटीन शेक और कई तरह के सूप भी आते हैं, जिनमें दावा किया जाता है कि इनमें अच्छी मात्रा में प्रोटीन है। प्रोटीन के ज्यादा सेवन को लेकर लोगों के बीच कई गलत धारणाएं काफी प्रचलित हैं, जैसे कि प्रोटीन के ज्यादा सेवन से किडनी खराब हो सकती हैं। ऐसे सवालों का सही जवाब जानने के लिए हम ने दिल्ली के एपिटोम अस्पताल के नेफ्रोलॉजी एवं किडनी प्रत्यारोपण विभाग के अध्यक्ष डॉ. विजय खेर (Dr. Vijay Kher, Chairman of Nephrology and Kidney Transplantation) से बात की है।
क्या प्रोटीन के ज्यादा सेवन से किडनी खराब होती है? - Can Too Much Protein Cause Kidney Problems In Hindi
डॉक्टर खेर का कहना है कि भारत में एक सामान्य स्वस्थ व्यक्ति को रोजाना 1 ग्राम प्रति किलोग्राम के हिसाब से प्रोटीन का सेवन करना चाहिए। ये मात्रा महिला और पुरुष पर बराबर लागू होती है। आप अपने शरीर के वजन के अनुसार डाइट में प्लांट या एनिमल बेस्ड नेचुरल प्रोटीन शामिल कर सकते हैं। आज भी कई लोगों को लगता है कि ज्यादा प्रोटीन का सेवन करने से किडनी पर बुरा असर हो सकता है और किडनी खराब होने का चांस रहता है। लेकिन असल में ये एक मिथ है जो फैला है, असल में ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। अगर आप हेल्दी हैं तो प्रोटीन आपकी किडनी पर बुरा असर नहीं डालता है। डॉक्टर ने बताया कि कई मरीज भी जब उनके पास आते हैं तो ऐसे ही सवाल करते हैं।
इसे भी पढ़ें: किडनी की बीमारियों का खतरा किन लोगों में ज्यादा रहता है? जानें डॉक्टर से
डॉक्टर ने साफ-साफ कहा कि अगर किसी व्यक्ति को किडनी से जुड़ी समस्याएं नहीं हैं और वह स्वस्थ है तो रोजाना 1 ग्राम प्रोटीन का सेवन करना चाहिए और इसका किडनी पर बुरा असर नहीं होता है। डॉक्टर ने कहा कि आज के समय में कई लोग बॉडी बनाने के चक्कर में हाई प्रोटीन की डाइट लेना और सप्लीमेंट्स लेना शुरू कर देते हैं, जिसमें वह रोजाना 1.5 ग्राम से भी ज्यादा प्रति किलोग्राम के हिसाब से प्रोटीन लेते हैं। ऐसे में अगर आप प्रोटीन की 1.5 ये 2 ग्राम की मात्रा सप्लीमेंट्स के रूप में लंबे समय तक नियमित लेते हैं तो व्यक्ति को किडनी से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
इसे भी पढ़ें: AIIMS ने पहली बार दोनों किडनी एक साथ की ट्रांसप्लांट, 51 साल की महिला मरीज को मिली नई जिंदगी
प्रोटीन के लिए क्या खाएं? - What To Eat For Protein
प्रोटीन की कमी पूरी करने के लिए आप अंडे, पनीर, मिलेट्स, सोया, दाल-चावल आदि का सेवन कर सकते हैं। अगर आप पनीर से प्रोटीन लेना चाहते हैं तो 1 दिन में 200 ग्राम पनीर खाएं, वहीं अगर आप अंडा खाना चाहते हैं तो 1 अंडा पूरा और 4 अंडे का सिर्फ सफेद भाग खाएं। इसके अलावा अगर आप प्रोटीन के लिए सोया का सेवन करना चाहते हैं तो आप रोजाना 50 से 75 ग्राम सोया खाएं। डॉक्टर ने बताया कि दाल-चावल भी प्रोटीन का अच्छा सोर्स हैं। ऐसा इसलिए, क्योंकि चावल में लाइसिन नहीं होता है और दाल में लाइसिन होता है, ऐसे में जब आप दाल और चावल को मिलाकर खाते हैं तो ये कंप्लीट प्रोटीन बनता है। इसके अलावा मिलेट्स से भी शरीर को प्रोटीन मिलता है। वहीं अगर आप बॉडी बनाना चाहते हैं और रोजाना जिम जाते हैं तो जिम जाने से पहले सत्तू का शेक पी सकते हैं। इससे आपको भरपूर मात्रा में प्रोटीन मिलेगा।
All Images Credit- Freepik