बादाम पोषक तत्वों का भंडार माना जाता है। इसमें कैल्शियम, विटामिन-ई, आयरन और ओमेगा-3 फैटी एसिड की भरपूर मात्रा पायी जाती है। ये सभी पोषक तत्व संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए जरूरी माने जाते हैं। कई स्वास्थ्य समस्याओं में इसका सेवन रामबाण माना जाता है। बादाम से जुड़ी कई बातें हम बचपन से सुनते आए होते हैं। जैसे कि बादाम का सेवन कम मात्रा में करना चाहिए या इसे ठण्डी चीजों के साथ ही खाना चाहिए। इसी प्रकार बादाम खाने के सही तरीके को लेकर भी लोगों को हमेशा प्रश्न रहते हैं। ऐसे ही कई प्रश्नों का उत्तर देते हुए फिजियो और न्यूट्रिशनिस्ट डॉ रेबेका पिंटो का एक इंस्टाग्राम वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्होंने बादाम खाने के सही तरीके पर बात की है।
बादाम कैसे खाना चाहिए - How To Eat Almonds
एक्सपर्ट के मुताबिक बादाम को छिलका उतारकर ही खाना चाहिए। बादाम रातभर पानी में भिगोकर सुबह छिलका उतारकर खाना ही बादाम खाने का सही तरीका है। बादाम के अत्यधिक लाभ पाने के लिए इसका सीधा सेवन करना ज्यादा फायदेमंद है। इसके अलावा आप बादाम को स्मूदी में डालकर या नाश्ते के साथ भी ले सकते हैं।
इसे भी पढ़े- Dates and Almonds: खजूर और बादाम खाने से मिलेंगे ये फायदे, जानें सेवन का तरीका
बादाम छीलकर खाना क्यों जरूरी है - Why Should We Eat Almonds Without Skin
बादाम के छिलके में फाइटिक एसिड होता है, जिसमें एंटी न्यूट्रिएंट्स गुण पाए जाते हैं। यानी अगर आप बादाम का सेवन छिलके समेत करते हैं, तो यह शरीर को मिलने वाले अन्य पोषक तत्वों का सेवन रोक देता है। इसके साथ ही इसमें फाइबर की अधिक मात्रा भी पायी जाती है, जो शरीर को अन्य पोषक तत्व सोखने से रोकता हैं। जरूरत से ज्यादा फाइबर लेने से पाचन को नुकसान भी होता है। इसलिए बादाम का सेवन छिलका उतारने के बाद ही करना चाहिए।
बादाम छिलके समेत खाने से क्या समस्याएं हो सकती हैं - Side Effects of Eating Almonds With Skin
अगर आप बादाम का सेवन छिलके समेत कर रहे हैं, तो इससे आप कई स्वास्थ्य समस्याओं का कारण खुद बन सकते हैं। यहां जानें बादाम छिलके समेत खाने के नुकसान -
शरीर में गर्मी बढ़ना
बादाम की तासीर गर्म होती हैं, जिससे इसका अधिक सेवन पेट में गर्मी पैदा कर सकता है। इसके कारण पाचन से जुड़ी समस्याएं जैसे कि पेट खराब होना, पेट दर्द आदि हो सकती हैं। इसी कारण गर्मी में बादाम का सेवन ठण्डी चीजों के साथ करना ज्यादा बेहतर माना जाता है, जिससे यह पेट की समस्याओं का कारण न बन सके।
इसे भी पढ़े- बादाम की तासीर कैसी होती है? जानिए एक दिन में कितने बादाम खा सकते हैं
पित्त असंतुलित होना
अध्ययनों की मानें तो बादाम को छिलके समेत खाना पित्त असंतुलित होने का कारण भी बन सकता है। इसमें मौजूद टैनिन कम्पाउंड स्वास्थ्य समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकता है इसलिए इसे छिलका उतारकर खाना ज्यादा सुरक्षित है।
इन कारणों से पता चलता है कि बादाम का छिलके समेत सेवन सेहत को नुकसान कर सकता है। वहीं अगर आप गर्मियों में बादाम का सेवन कर रहे हैं, तो इसका सेवन छिलका उतारकर ही करें।