
Stomach Pain Causes in Hindi: हम सभी को अपने जीवन में कभी-न-कभी पेट दर्द का अनुभव जरूर होता है। पेट दर्द सभी उम्र और लिंग के लोगों को परेशान कर सकता है। वैसे तो कुछ तला-भुना, मसालेदार या प्रोसेस्ड फूड्स खाने के बाद पेट में दर्द का अहसास होता है। लेकिन कुछ लोगों को सुबह खाली पेट भी दर्द परेशान करने लगता है। सुबह खाली पेट दर्द होने के पीछे कई कारण जिम्मेदार हो सकते हैं। इसमें पेट का अल्सर, अपच और सूजन आदि शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा, कुछ लोगों को पेट सही से साफ न हो पाने की वजह से भी दर्द का अनुभव हो सकता है। इसलिए आपको सुबह खाली पेट होने वाले दर्द को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अगर आपको भी सुबह खाली पेट दर्द का अहसास होता है, तो आइए फैमिली फिजिशियंस ऑफ इंडिया के डॉक्टर रमन कुमार से जानते हैं इसके कारण-
सुबह पेट दर्द होने के कारण- Stomach Pain Causes in Hindi
1. अपच
अगर आपको रोज सुबह खाली पेट दर्द होता है, तो अपच इसका एक सबसे बड़ा कारण हो सकता है। अपच की वजह से आपको गैस, डकार आना, उल्टी, डायरिया या कब्ज की दिक्कत हो सकती है। इतना ही नहीं, कई लोगों को अपच की वजह से सुबह भूख भी नहीं लगती है। इसकी वजह से आपको खट्टी डकार आ सकती है और आप पूरे दिन परेशान रह सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- पेट में दर्द किन कारणों से हो सकता है? जानें 13 वजह
2. इरिटेबल बाउल सिंड्रोम
सुबह खाली पेट दर्द होने के पीछे एक दूसरा कारण भी हो सकता है, जिसमें इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (Irritable Bowel Syndrome) शामिल है। आईबीएस होने पर आपको पेट में दर्द का अनुभव हो सकता है। इसके अलावा, इस स्थिति मेंआपको डायरिया या कब्ज से भी परेशान होना पड़ सकता है। पेट में दर्द, सूजन, मल में सफेद रंग का बलगम निकलना और पेट सही से साफ न होना आदि भी आईबीएस के लक्षण माने जाते हैं।
3. इंफ्लेमेटरी बाउल रोग
अगर आपको रोज सुबह खाली पेट दर्द का अनुभव होता है, तो यह इंफ्लेमेटरी बाउल डिजीज (Inflammatory Bowel Disease) की वजह से भी हो सकता है। आईबीडी गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ट्रैक्ट में सूजन आने की वजह से हो सकती है। वैसे तो आईबीडी के लक्षण दिन के किसी भी समय महसूस हो सकते हैं, लेकिन सुबह इसका दर्द ज्यादा परेशान करता है। इस स्थिति में आपको थकान, वजन कम होना, मल में खून निकलना, दस्त या मलाशय से रक्त स्त्राव होना जैसी समस्याएं परेशान कर सकती हैं।
4. कब्ज
कब्ज की दिक्कत रहने पर भी आपको सुबह खाली पेट दर्द हो सकता है। आपको बता दें कि जब एक सप्ताह में 3 से कम बार मल त्याग होता है, तो उस स्थिति को कब्ज माना जाता है। इसकी वजह से आपको पेट में दर्द का अनुभव हो सकता है। इस दौरान आपको मल त्यागने में कठिनाई, सूखा मल, गांठदार मल या मल त्याग करते समय दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इसलिए आपको इन लक्षणों को बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- पेट के किस हिस्से में दर्द किस बीमारी का है संकेत? जानें पेट दर्द से जुड़ी 5 जरूरी बातें
5. पेप्टिक अल्सर
पेप्टिक अल्सर होने पर भी आपको सुबह खाली पेट दर्द का अनुभव हो सकता है। इसे गैस्ट्रिक अल्सर के रूप में भी जाना जाता है। इस स्थिति में आपको उल्टी, डकार, काला मल, खून की उल्टी आदि लक्षण महसूस हो सकते हैं। इसे आपको बिल्कुल भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अगर आपको भी पेप्टिक अल्सर की दिक्कत है, तो डॉक्टर से कंसल्ट जरूर करें। पेप्टिक अल्सर के रोगियों को सुबह के समय पेट में दर्द का अहसास हो सकता है।