Does Consuming Sugar Affect Your Vision: इंसानों के लिए आंखों की अच्छी सेहत बेहद जरूरी है। आंखों बिना, जीवन अधूरा है। अगर आंखें न हों, तो हम कुछ भी देख नहीं पाएंगे। स्पष्ट दृष्टि हमारे रोजगार और शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। आंखों की सेहत खराब होने से दृष्टि में कमी हो सकती है। कुछ लोग ऐसा मानते हैं कि आंखों की सेहत और चीनी का सेवन करने के बीच गहरा कनेक्शन है। चीनी का सेवन सेहत के लिए हानिकारक है। चीनी का ज्यादा सेवन करने से मोटापा, डायबिटीज, ह्रदय रोग, दांतों की समस्याएं, मानसिक समस्याएं, त्वचा की समस्याएं और पोषक तत्वों की कमी हो सकती है। कुछ एक्सपर्ट्स का भी मानना है कि ज्यादा चीनी का सेवन करने से आंखों की सेहत प्रभावित होती है। ग्लूकोमा रिसर्च फाउंडेशन के एक रिसर्च पेपर में ये बात बताई गई है कि चीनी खाने से आंखों की दृष्टि प्रभावित होती है। इस लेख में जानेंगे कि क्या वाकई चीनी का सेवन करने से आंखों की दृष्टि प्रभावित होती है या नहीं। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
क्या चीनी खाने से आंखों की दृष्टि प्रभावित होती है?- Can Eating Sugar Affect Eye Vision
डॉ सीमा यादव ने बताया कि जो लोग ज्यादा चीनी का सेवन करते हैं उनकी आंखों की सेहत प्रभावित हो सकती है। ज्यादा चीनी खाने से टाइप 2 डायबिटीज का खतरा बढ़ जाता है। ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल न करने के कारण डायबिटिक मरीजों को ग्लूकोमा, मोतियाबिंद और डायबिटिक रेटिनोपैथी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ज्यादा चीनी खाने से शरीर में सूजन बढ़ सकती है, जिससे आंखों में सूजन जैसे लक्षण नजर आ सकते हैं। ज्यादा चीनी का सेवन करने से उच्च रक्तचाप की समस्या होती है जिससे आंखों की नसों को नुकसान पहुंचता है और दृष्टि प्रभावित हो सकती है। ज्यादा चीनी का सेवन करने से ऑक्सीडेटिक तनाव बढ़ता है और आंखों के टिशूज को नुकसान पहुंच सकता है।
इसे भी पढ़ें- 30 की उम्र के बाद आंखों की सेहत का ख्याल कैसे रखें?
ज्यादा चीनी खाने से आंखों में कौन सी समस्याएं हो सकती हैं?- Eye Diseases in Hindi
अगर आप ज्यादा चीनी का सेवन करते हैं, तो आंखों की कई बीमारियां हो सकती हैं-
- ग्लूकोमा- हाई बीपी और डायबिटीज के कारण ग्लूकोमा का जोखिम बढ़ जाता है। ग्लूकोमा में आंखों के भीतर मौजूद लिक्विड का दबाव बढ़ जाता है, जिससे ऑप्टिक नर्व को नुकसान पहुंचता है और दृष्टि कमजोर हो सकती है।
- डायबिटिक रेटिनोपैथी- ज्यादा चीनी का सेवन टाइप 2 डायबिटीज के जोखिम को बढ़ाता है। डायबिटीज के कारण आंखों की ब्लड वैसल्स डैमेज हो जाती हैं, जिससे दृष्टि में धुंधलापन हो सकता है।
- मैक्युलर डिजनरेशन- ज्यादा चीनी का सेवन ऑक्सीडेटिव तनाव और सूजन को बढ़ा सकता है, जो उम्र से संबंधित मैक्युलर डिजनरेशन का कारण बनता है। यह स्थिति दृष्टि के केंद्र भाग को प्रभावित करती है।
- मोतियाबिंद- चीनी का ज्यादा सेवन मोतियाबिंद के विकास का कारण बनता है। इसमें आंखों के लेंस धुंधले हो जाते हैं और आंखों से कम दिखाई देता है।
- ड्राई आई- चीनी का ज्यादा सेवन सूजन को बढ़ा सकता है, जिससे आंखों में ड्राईनेस और जलन हो सकती है।
- ऑप्टिक न्यूरोपैथी- हाई ब्लड शुगर लेवल ऑप्टिक नर्व को नुकसान पहुंचा सकता है, जिससे ऑप्टिक न्यूरोपैथी हो सकती है। यह स्थिति दृष्टि को नुकसान पहुंचाने का कारण बनती है।
आंखों की सेहत को स्वस्थ बनाए रखने के लिए चीनी का सेवन कम करें और समय-समय पर आई चेकअप कराएं।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।
study link: https://glaucoma.org/articles/diabetes-and-your-eyesight