Can Smoking Cause Tongue Cancer: जीभ का कैंसर (Tongue Cancer) एक प्रकार का मौखिक कैंसर है जो जीभ के टिशू में कोशिकाओं की असामान्य ग्रोथ के कारण होता है। जीभ के कैंसर का मुख्य कारण है तंबाकू का सेवन। जो लोग विषाक्त पदार्थों के संपर्क में ज्यादा रहते हैं, उन्हें जीभ का कैंसर हो सकता है। कुछ मामलों में अनुवांशिक कारणों से भी जीभ का कैंसर हो सकता है। लोगों के मन में अक्सर यह सवाल होता है कि क्या धूम्रपान से जीभ का कैंसर हो सकता है। इस लेख में हम जानेंगे इस सवाल का सटीक जवाब और कारण। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के संजय गांधी पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में हॉस्पिटल मैनेजमेंट के एचओडी डॉ राजेश हर्षवर्धन से बात की।
जीभ के कैंसर के लक्षण- Tongue Cancer Symptoms
जीभ का कैंसर होने पर कई लक्षण नजर आ सकते हैं-
- कान में दर्द जो बिना किसी स्पष्ट कारण के हो और यह दर्द लगातार बना रहे।
- जीभ पर कोई गांठ, अल्सर या घाव है जो लंबे समय तक ठीक नहीं होता है, तो यह कैंसर का संकेत हो सकता है।
- जीभ, मुंह या गले में लगातार दर्द रहना भी जीभ के कैंसर का संकेत है।
- बोलने, चबाने या निगलने में कठिनाई होना।
- जीभ से खून आना, जो बिना किसी चोट या अन्य स्पष्ट कारण के हो।
- जीभ या मुंह के अंदर लाल या सफेद धब्बे दिखना।
- जीभ का सुन्न होना।
- बिना किसी स्पष्ट कारण के वजन में कमी होना।
अगर आपको इनमें से कोई भी लक्षण महसूस होते हैं, तो जल्द से जल्द डॉक्टर से संपर्क करें। जीभ के कैंसर का जल्दी पता लगाना और इलाज करना जरूरी होता है ताकि ट्रीटमेंट सफल रहे।
क्या धूम्रपान करने से जीभ का कैंसर होता है?- Can Smoking Cause Tongue Cancer
सिगरेट से निकलने वाले विषाक्त पदार्थों के कारण फ्री रेडिकल्स की समस्या होती है। तंबाकू में 60 से ज्यादा हानिकारक केमिकल्स शामिल होते हैं। ये केमिकल्स, सेल्स में मौजूद प्रोटीन को नुकसान पहुंंचाते हैं। इस वजह से जीभ का कैंसर हो सकता है। धूम्रपान में तंबाकू होता है। इसके कारण जीभ के अलावा, मुंह, गले और होंठों का कैंसर भी हो सकता है। तंबाकू में निकोटिन और अन्य कार्सिनोजेनिक रसायन होते हैं जो कोशिकाओं को नुकसान पहुंचाते हैं और कैंसर के विकास की संभावना बढ़ जाती है।
जीभ के कैंसर से कैसे बचें?- Tongue Cancer Prevention Tips
- जीभ के कैंसर से बचने के लिए यह जरूरी है कि आप तंबाकू चबाने या धूम्रपान का सेवन पूरी तरह से बंद कर दें। यह जीभ और मुंह के कैंसर के खतरे को बढ़ा देता है।
- ज्यादा शराब पीने से भी मुंह के कैंसर का खतरा बढ़ जाता है इसलिए शराब के सेवन को सीमित करें।
- फल, सब्जियां और स्वस्थ आहार खाने से इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद मिलती है और कैंसर के जोखिम को कम किया जा सकता है।
- नियमित रूप से दांत और मुंह की सफाई करें। दांतों को सही ढंग से ब्रश करें और फ्लॉस करें। साथ ही, नियमित रूप से डेंटल चेकअप कराएं।
- एचपीवी भी मुंह और गले के कैंसर का कारण बन सकता है। एचपीवी संक्रमण से बचने के लिए एचपीवी वैक्सीन लगवाएं।
- संतुलित और तनावमुक्त जीवनशैली अपनाएं। नियमित रूप से एक्सरसाइज करें और पर्याप्त नींद लें।
- इन टिप्स की मदद से जीभ के कैंसर के जोखिम को कम किया जा सकता है।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।